Tuesday, May 1, 2018

जन-सुनवाई लोगों की समस्या निवारण का महत्वपूर्ण माध्यम


जन-सुनवाई लोगों की समस्या निवारण का महत्वपूर्ण माध्यम 
एस.डी.एम. जैतहरी बी.डी. सिंह ने जिलेभर से आये आवेदको की समस्याओं का किया निदान 




अनूपपुर 1 मई 2018/ राज्य शासन के आदेशानुसार नागरिकों की निजी व सार्वजनिक समस्याओं, शिकायतों, मांग आवेदनों और बीमारी के उपचार व अन्य प्रकार की सहायता आवेदनों के त्वरित निराकरण हेतु हर सप्ताह मंगलवार के दिन साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर आमजनों के शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कराने एवं त्वरित गति से कार्य सम्पादित करने के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित की जाती है। जन-सुनवाई लोगों की समस्याओं के निराकरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से अधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं को सुनकर तत्काल उनका निराकरण किया जाता है। प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जन-सुनवाई में कई फरियादियों की समस्यायें सुनी गईं। आवेदकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर सुशासन की अवधारणा पर अनूपपुर में अमल किया जा रहा है। एस.डी.एम. जैतहरी बी.डी. सिंह ने जिलेभर से आये आवेदको की समस्याओं का निदान किया। इस मौके पर विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम दैखल निवासी मोतीलाल पनिका पिता स्व. धनीराम पनिका ने निजि सम्पत्ति में काबिज करने के संबंध में शिकायत की, ग्राम बम्हनी के बैजनाथ साहू पिता स्व. बसंतलाल साहू ने शौचालय की राशि भुगतान कराने के संबंध में शिकायत की, ग्राम तुम्मीवर निवासी पन्नेलाल बैगा ने शिकायत की है कि प्रधान मंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि बैंक खाता में आने के बाद प्रार्थी के गैर जानकारी में कटौती किये जाने के संबंध में जॉच व कार्यवाही बावत्, ग्राम सकरिया के रवीन्द्र कुमार भट्ट ने खसरा में जंगल शब्द हटाने के संबंध में आवेदन, अनूपपुर जनपद पंचायत के सामतपुर निवासी अनीता खेमका पति सुरेश चन्द्र खेमका ने भूमि सीमांकन संबंधी आवेदन, ग्राम कोदैली के निवासी संतोषी पटेल पति स्व. संतोष पटेल ने राष्ट्रीय परिवार सुरक्षा के तहत सहायता राशि दिलाये जाने के संबंध में आवेदन किया।

सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का 7 मई से प्रशिक्षण


सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का 7 मई से प्रशिक्षण 

                                     

अनुपपुर  01-मई-2018/ प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2017-18 से सभी सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों में कक्षा 9वीं में विज्ञान और गणित विषय तथा कक्षा 11वीं में विज्ञान और वाणिज्य संकाय में एन.सी.ई.आर.टी पाठ्यक्रम लागू किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2018-19 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में इन विषयों की एन.सी.ई.आर.टी की पाठ्य पुस्तकें ही मान्य होंगी। इस बात को ध्यान में रखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिये हाई स्कूल स्तर के विज्ञान एवं गणित विषय का प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है।
प्रशिक्षण 7 मई से 29 जून तक संभागीय मुख्यालय पर 8 चरणों में सम्पन्न होगा। आयुक्त लोक शिक्षण ने जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये हैं। शालाओं के प्राचार्यों से प्रशिक्षण लेने वाले शिक्षकों की जानकारी को विमर्श पोर्टल पर अपडेट करने के लिये कहा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके जिले में कोई भी शिक्षक प्रशिक्षण लेने से शेष न रह जाये।

किसान कल्याण दिवस आज

किसान कल्याण दिवस आज




अनुपपुर 1 मई 2018/ उप संचालक  कृषि श्री एन.डी.गुप्ता ने बताया है कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत आज 2 मई को “किसान कल्याण दिवस’’ का आयोजन किया जाएगा। जिले के चारों विकासखण्डों में “किसान कल्याण दिवस’’ के उपलक्ष्य में किसान कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशालाएं जनपद पंचायत स्तर पर आयोजित होंगी। 
कार्यशालाओं में कृषकों को भारत सरकार की योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। कृषि उत्पादन एवं कृषि आय बढ़ाने हेतु कृषि वैज्ञानिक परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। कृषि से संबद्ध विभागों की योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की जाएगी।
भारत सरकार द्वारा किसानों की आय दुगुना करने हेतु किसानों के बीच जागरूकता लाने के संबंध में 14 अप्रैल से 5 मई 2018 तक ग्राम स्वराज अभियान किया जा रहा है। प्रत्येक विकासखण्ड में किसाना कल्याण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा हैं। कार्यशाला का आयोजन जिले के कलेक्टर के मार्गदर्शन में हो रहा है, जिसमें शासन द्वारा समिति का गठन किया गया है समिति में उप संचालक कृषि, परियोजना संचालक आत्मा, कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र, उप संचालक पशुपालान विभाग, उप/सहायक संचालक उद्यानिकी एवं सहायक संचालक मत्स्य पालन सम्मिलित है। उक्त समिति उप संचालक कृषि/ परियोजना संचालक का दायित्व होगा कि ग्राम स्वराज अभियान अन्तर्गत जिले के समस्त विकास खण्डों में कार्यक्रम की रणनीति बनाकर आवश्यक साहित्य व्यवस्था कर कार्यशाला को निर्धारित दिनांक में क्रियान्वयन करायें। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, सांसद एवं जनप्रतिनिधियों का आमंत्रित किया जाये। 

कार्यशाला में गतिविधियों का प्रकार 
कृषकों को भारत सरकार सहायतित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना, पुरूस्कार प्राप्त कृषकों का सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करना, प्रगतिशील कृषकों की सफलता की कहानियां एवं बेस्ट एग्रीकल्चर प्रेक्टीसेज के संबंध में जानकारी देना, कृषि उत्पादन एवं कृषि आय बढाने हेतु कृषि विज्ञानिक परिचर्चा, समस्त संबंध विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी देना, कृषि विश्वविद्यालयों/आईसीएआरकी संस्थाओं एवं कृषि विज्ञान केन्द्र से एक अधिकारी प्रत्येक विकासखण्ड में कृषि क्षेत्र से संबंधित तकनीकी की जानकारी देना एवं जहां संभव हो वहां पशु/स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था करना है।
श्री गुप्ता ने बताया है कि किसान कल्याण कार्यशाला अनूपपुर विकासखण्ड के पंचायत भवन दारसागर में, कोतमा विकासखण्ड के स्वसहायता भवन कोतमा में, जैतहरी के व.कृ.वि.अधि. कार्यालय परिसर जैतहरी में एवं पुष्पराजगढ़ विकासखण्ड के व.कृ.वि.अधि. कार्यालय परिसर पुष्पराजगढ़ आयोजित होगी। चारों विकासखण्डों में कार्यशाला प्रातः10 बजे प्रारंभ एवं शायं 05 बजे सम्पन्न होगी।

प्रदेश में विशेष ग्राम सभाओं में पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन कर योजना की जानकारी दी गई "आयुष्मान भारत दिवस"


प्रदेश में विशेष ग्राम सभाओं में पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन कर योजना की जानकारी दी गई "आयुष्मान भारत दिवस" 




अनुपपुर  01-मई-2018/ प्रदेश में 30 अप्रैल का दिन आयुष्मान भारत दिवस के रूप में मनाया गया। प्रदेश के सभी जिलों की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा हुई। भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन के तहत आयुष्मान भारत योजना 15 अगस्त 2018 से लागू हो जाएगी। इस योजना में चिन्हित पात्र परिवारों की सूची का विशेष ग्राम सभाओं में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा वाचन किया गया।

जिला और जनपद पंचायत के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु भी अब 62 वर्ष

जिला और जनपद पंचायत के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु भी अब 62 वर्ष 
अनुपपुर | 01-मई-2018

     राज्य शासन द्वारा म.प्र. शासकीय सेवा (अधिवार्षिकी आयु) संशोधन अध्यादेश 2018 के अनुरूप जिला एवं जनपद पंचायत के मूल कर्मचारियों की वर्तमान अधिवार्षिकी आयु 31 मार्च की स्थिति में 60 के स्थान पर 62 वर्ष कर दी गई है। आदेश 31 मार्च, 2018 से प्रभावी होगा और 31 मार्च, 2018 को सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवारत माना जायेगा। उपरोक्त विशेष परिस्थिति में कार्य पर उपस्थित नहीं हो सके कर्मचारियों को अर्जित अवकाश स्वीकृत करते हुए उनकी सेवाएँ निरंतर मानी जायेंगी।

मदरसा नवीनीकरण हेतु तिथियां निर्धारित

मदरसा नवीनीकरण हेतु तिथियां निर्धारित 
अनुपपुर | 01-मई-2018

   म.प्र. मदरसा बोर्ड भोपाल द्वारा शिक्षा सत्र 2018-19 में मदरसा नवीनीकरण के ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा एम.पी. ऑनलाइन के पोर्टल के सेवा केन्द्र पर 19 मई, 2018 तक उपलब्ध करायी जा रही है। कई वर्षों से नवीनीकरण नहीं कराने वाले मदरसों को भी बोर्ड द्वारा एक मौका दिया गया है। मदरसा संचालक इस समयावधि में निकटतम एम.पी. ऑनलाइन लिमिटेड के पोर्टल के सेवा केन्द्र कियोस्क पर नवीनीकरण हेतु आवेदन कर सकते हैं।

प्रदेश में मुख्यमंत्री कल्याणी सहायता योजना लागू

प्रदेश में मुख्यमंत्री कल्याणी सहायता योजना लागू 
अनुपपुर | 01-मई-2018

    प्रदेश की विधवा महिलाओं को सम्मान प्रदर्शित करने तथा शासकीय योजनाओं में लाभान्वित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा विधवाओं को शासकीय शब्दावली में कल्याणी नाम दिया गया है तथा उनके लिए मुख्यमंत्री कल्याणी सहायता योजना लागू की है। अब कल्याणी से विवाह करने पर दो लाख रूपये सहायता राशि प्रदान की जायेगी। इसके अलावा 300 रूपये प्रतिमाह पेंशन भी दी जायेगी।

स्वाइल हेल्थ मैनेजमेंट योजना

स्वाइल हेल्थ मैनेजमेंट योजना 
अनुपपुर | 01-मई-2018

   भारत सरकार द्वारा टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मृदा  (स्वाइल) प्रबंधन कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य पोषक तत्व प्रबंधन द्वारा प्राकृतिक संसाधनों के समुचित प्रयोग करते हुए मिट्टी की गुणवत्ता एवं उर्वरता स्थायित्व को बढ़ावा देना है। स्वाइल हेल्थ मैनेजमेंट एक केन्द्रीय क्षेत्रीय योजना है।
   स्वाइल हेल्थ मैनेजमेंट एवं प्रावधान के लिए प्रशिक्षण के माध्यम से मिट्टी परीक्षण प्रयोग शालाओं/विस्तार अमले तथा कृषकों की क्षमता विकास एवं फील्ड प्रदर्शन- स्टॉक प्रशिक्षण 25 हजार रूपये प्रति प्रशिक्षण 20 प्रतिभागियों के लिए, कृषक प्रशिक्षण 10 हजार रूपये प्रति प्रशिक्षण 20 प्रतिभागियों के लिए, फील्ड प्रदर्शन 20 हजार प्रति फ्रण्ट लाइन फील्ड प्रदर्शन, एक एकड़ हेतु, पोर्टेबल मिट्टी परीक्षण किट 15,000 प्रति किट और सूक्ष्म तत्वों के वितरण के लिए सहायता-लागत का 50 प्रतिशत अधिकतम 500 रूपये प्रति हैक्टेयर या एक हजार प्रति हितग्राही अनुदान है।

जन-सहयोग से जल-संरक्षण और संवर्धन का महाभियान चलेगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान

जन-सहयोग से जल-संरक्षण और संवर्धन का महाभियान चलेगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान 
500 करोड़ से नये तालाबों का निर्माण होगा, मुख्यमंत्री ने कोलांस नदी में श्रमदान कर महाअभियान की शुरूआत की, श्री चौहान सीहोर जिले के ईटखेड़ी छाप में जल-संसद में हुए शामिल 
अनुपपुर | 01-मई-2018

     मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भू-जल स्तर निरंतर गिर रहा है। इसे रोकने के लिये प्रदेश में जन-सहयोग से जल-संरक्षण और संवर्धन का महाभियान चलाया जायेगा। पुराने तालाबों और नदियों का गहरीकरण किया जायेगा। साथ ही इस वर्ष 500 करोड़ रूपये से नये तालाबों का निर्माण किया जायेगा। इस वर्ष 15 जुलाई से वृक्षारोपण का अभियान भी शुरू होगा। श्री चौहान ने इस महती कार्य में शामिल होने के लिये संपूर्ण समाज का आव्हान किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज सीहोर जिले के ईंटखेड़ी छाप में आयोजित जल-संसद को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कोलांस नदी के गहरीकरण के लिये श्रमदान का शुभारंभ भी किया। उन्होंने स्वयं श्रमदान कर लोगों को श्रमदान के लिये प्रेरित भी किया।
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मनुष्य द्वारा औद्योगिकीकरण और भौतिकता की चाह में प्राकृतिक संसाधनों का अँधाधुँध दोहन किया गया है। इससे अनेक प्राकृतिक आपदाएँ उत्पन्न हुई हैं। वृक्षों की अँधाधुँध कटाई से वर्षा कम और अनियमित होने लगी है। आज पर्यावरण बिगड़ रहा है, नदियाँ सूख रही हैं और सतही जल लगातार घट रहा है। धरती पर सूखे का संकट पैदा हो रहा है। धरती की सतह का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जो वर्ष 2050 तक दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जायेगा। इससे ग्लेशियर पिघलेंगे, समुद्र का जल-स्तर बढ़ेगा और बाढ़ जैसी समस्याएँ पैदा होंगी।
    श्री चौहान ने कहा कि इन समस्याओं का पूरी दुनिया और देश सामना कर रहा है। ये समस्याएँ क्यों पैदा हुईं, यह सभी के लिये चिंता और सोचने का विषय है। अगर हम अभी नहीं चेते तो आने वाली पीढ़ियों के लिये भारी संकट पैदा होगा। यह धरती मनुष्यों के साथ पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं के लिये भी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का शोषण नहीं दोहन करना चाहिए। वृक्ष वर्षा जल को अवशोषित करते हैं जिससे भू-जल स्तर बढ़ता है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियाँ जीवन का आधार हैं। मानव सभ्यता नदियों के किनारे ही विकसित हुई हैं। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों को बचाना हमारा लक्ष्य है। आगामी  15 जुलाई से 30 अगस्त तक महावृक्षारोपण अभियान शुरू होगा। उन्होंने कहा कि वर्षा जल को रोकने के लिये चेक डेम, बोरी बँधान और तालाब निर्माण का कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गाँव का पानी गाँव में ही रोकने के उपाय किये जायेंगे। इसमें स्वयंसेवी संस्थाएँ एवं सभी लोग सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब भी कोई बड़ा कार्य शुरू करते हैं तो उसमें रूकावटें आती ही हैं। लोग क्या कहेंगे, इसकी चिंता नहीं करें। यह कार्य केवल सरकार नहीं कर सकती, संपूर्ण समाज के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने इस पुण्य कार्य में शामिल होने केलिये सभी से अपील की। मुख्यमंत्री ने जल-संरक्षण के लिये जन-अभियान परिषद द्वारा सभी 313 विकासखण्डों में नदियों के गहरीकरण के लिये शुरू किये गये श्रमदान की प्रशंसा की।
    श्री चौहान ने बताया कि विगत वर्ष की गई नर्मदा सेवा यात्रा से लोगों में नदियों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। अब लोग नदियों में दूषित जल-प्रवाह करने से परहेज करते हैं। नदी के किनारे विसर्जन-कुण्ड, पूजन-कुण्ड, शौचालय और मुक्ति-धाम बनाये गये हैं। साथ ही तट के गाँव से शराब की दुकानें हटाई गई हैं। नर्मदा नदी के किनारे विगत दो जुलाई को 35 लाख लोगों द्वारा 6 करोड़ से अधिक पौधे रोपे गये थे। उन्होंने लोगों को पर्यावरण और नदी संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। साथ ही स्वयं भी चिलचिलाती धूप में गैती लेकर कोलांस नदी में श्रमदान किया।
    जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप पाण्डे ने बताया कि आज से नदी गहरीकरण के जन-अभियान की शुरूआत हो रही है। जो आगामी दो माह तक प्रदेश के 313 विकासखण्डों में चलेगा। गौ-संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद ने कहा कि भारतीय संस्कृति बहुत उदार है। इसमें सभी जीव-जंतुओं, जड़-चेतन को भी चैतन्य माना गया है। भारत एक जीवंत चेतना है। इसमें प्रकृति को पूरा सम्मान दिया गया है। बिना जल के जीवन संभव नहीं है। इसलिये जड़-जंतु, जल को सुरक्षित रखें। विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कोलांस नदी से भोपाल का बड़ा तालाब भरता है। उन्होंने नदी गहरीकरण के कार्य के लिये परिषद की सराहना की। मुख्यमंत्री ने परिषद द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
    इस मौके पर सांसद श्री आलोक संजर, भोपाल महापौर श्री आलोक शर्मा, मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री शिव चौबे, जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री राघवेन्द्र गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनमोहन नागर आदि जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को शीघ्र लाभ दिया जाये - श्री चौहान

पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को शीघ्र लाभ दिया जाये - श्री चौहान 
07 मई 2018 को विशेष ग्राम सभाएँ होंगी 
अनुपपुर | 01-मई-2018

    मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने असंगठित श्रमिक कल्याण योजना के पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ देना सुनिश्चित करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि योजना की जानकारी देने के लिये 07 मई 2018 को विशेष ग्राम सभाएँ की जाये। इनमें वे स्वयं तथा मंत्रीगण, विधायक और अधिकारी शामिल होंगे।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान असंगठित श्रमिक कल्याण योजना की क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित आदेश, निर्देश एवं परिपत्र आज 02 मई तक जारी कर दिये जायें। योजना पर तत्काल अमल सुनिश्चित किया जाये। जो पात्र हितग्राही हैं उनको लाभ देना शुरू किया जाये। साथ ही गाँवों में डोंडी पिटवाई जाये, जिससे जो लोग पंजीयन के लिये छूट गये हैं, वे ग्राम सभा के दौरान अपना पंजीयन करा सकें। प्रदेश में 07 मई को शाम 05 बजे से ग्रामसभाओं का तथा शहरों में शाम 06 बजे से वार्ड सभाओं का आयोजन किया जायेगा। इनमें पंजीकृत श्रमिकों की सूची पढ़कर सुनाई जायेगी। साथ ही इस महत्वाकांक्षी योजना और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जायेगी।
    बताया गया कि पंजीकृत श्रमिकों को 15 मई से 30 मई 2018 तक पंजीयन प्रमाण-पत्र वितरित किये जायेंगे। इन परिवारों को प्रसूति सहायता, पहली से पीएचडी तक नि:शुल्क शिक्षा, कोचिंग, आवासीय पट्टे और मकान बनाने के लिये सहायता, रोजगार, प्रशिक्षण, स्व-रोजगार में मदद, इलाज की सुविधा, फ्लैट रेट पर बिजली, अंत्येष्टि सहायता आदि योजनाओं का लाभ मिलेगा।

बेटियों को बचाने के साथ स्वस्थ बनाना भी आवश्यक

बेटियों को बचाने के साथ स्वस्थ बनाना भी आवश्यक 
अनुपपुर | 01-मई-2018

   राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने शिक्षकों से कहा है कि छात्राओं की रूचि के विषयों पर अधिक ध्यान दें और उन्हें प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकर हर्ष और प्रसन्नता होती है कि गरीबों की बच्चियाँ भी प्रतियोगिता परीक्षा में उच्च स्थान प्राप्त कर रही है। कन्या शिक्षा का समाज और देश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की प्रतिभा को उभारने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाना चाहिए।
   राज्यपाल श्रीमती पटेल ने कहा कि बेटियों को बचाना ही काफी नहीं है। उनके स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर सम्पूर्ण जाँच कराई जाए।
   राज्यपाल ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा देने के साथ सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम और गतिविधियाँ संचालित कर उनका शैक्षणेत्तर ज्ञान बढ़ाने का भी प्रयास किया जाये। उन्हें प्रदेश के पयर्टन एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाये। विद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों का संचालन छात्राओं से ही कराया जाये, इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे कुछ नया सीख सकेंगी। स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि छात्राएँ देश का भविष्य हैं। देश और प्रदेश का विकास और सामाजिक उन्नति उनके कंधे पर है। इनमें से कोई डाक्टर, इंजीनियर बनकर देश और समाज की सेवा करेगी। उन्होंने कहा कि आगे से अतिथियों का स्वागत पुस्तकें भेंट कर किया जायेगा। नये सत्र से स्कूल परिसर में नया शेड बनाया जायेगा। कक्षा में उपस्थिति के समय बच्चे जय-हिंद बोलें, इससे उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत होगी।
   स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने मेधावी छात्राओं के लिए कई योजनाएँ शुरू की हैं। अब 70 प्रतिशत अंक लाने वाली छात्राओं को भी लेपटॉप दिया जायेगा।

इलाज सभी का बुनियादी अधिकार है - मुख्यमंत्री श्री चौहान

इलाज सभी का बुनियादी अधिकार है - मुख्यमंत्री श्री चौहान 
अनुपपुर | 01-मई-2018

   मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रोटी-कपड़ा और मकान के साथ इलाज सभी का बुनियादी अधिकार है। इसके लिये मध्यप्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ देने वाले निजी अस्पतालों को भी सुविधा दी जायेगी। साथ ही आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा योजना का संचालन मध्यप्रदेश में ट्रस्ट द्वारा किया जायेगा।
   मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आम-आदमी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाए मुहैया कराने के लिये आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। इस अभूतपूर्व स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी। प्रदेश में इस योजना का संचालन किसी बीमा कंपनी के द्वारा नहीं बल्कि ट्रस्ट द्वारा किया जायेगा। इस योजना में 60 प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार द्वारा और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध करवायी जायेगी।
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चिकित्सा तकनीशियनों के प्रशिक्षण के लिये नव अर्पण लोक शिक्षण संस्थान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इससे जहाँ प्रदेश को कुशल चिकित्सा तकनीशियन मिलेंगे वहीं दूसरी ओर प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
   राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि प्रशिक्षित तकनीशियनों के उपलब्ध होने से स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध करवाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिये ठोस कार्यक्रम बनाये हैं। युवाओं को मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल्या योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण दिया जायेगा।

असंगठित श्रमिकों के पंजीयन का कार्य तत्परता से करे- कलेक्टर

असंगठित श्रमिकों के पंजीयन का कार्य तत्परता से करे- कलेक्टर 



अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि असंगठित श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हे विभिन्न शासकीय योजनाओ का लाभ दिलवाना शासन की प्राथमिकता है। प्राप्त आवेदनो का सत्यापन कर पंजीकृत कृषको को कार्ड प्रदान किया जाएगा। पंजीयन होने के पश्चात  लाभान्वित श्रमिकों को 200 रूपये मासिक फ्लैट रेट पर बिजली मिलेगी। गर्भवती श्रमिक महिलाओं को पोषण आहार के लिए 4 हजार रूपये। प्रसव होने पर महिला के खाते में 12 हजार 500 रूपये जमा किये जायेंगे। घर के मुखिया श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर परिवार को दो लाख रूपये तथा दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रूपये की सहायता मिलेगी। हर भूमिहीन श्रमिक को भूखंड या मकान मिलेगा। स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराये जायेंगे। साईकिल- रिक्शा चलाने वालों को ई- रिक्शा और हाथठेला चलाने वालों को ई- लोडर का मालिक बनाने की पहल की जायेगी। बैंक ऋण की सुविधा 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान के साथ 30 हजार रूपये की सब्सिडी दी जायेगी। श्रमिकों को मृत्यु पर अंतिम संस्कार के लिए पंचायत नगरीय निकाय से 5 हजार रूपये की नकद सहायता मिलेगी। श्रमिकों के कल्याण की और भी अनेक योजनायें क्रियान्वित की जा रही हैं।
श्री शर्मा ने कहा शासन के निर्देशानुसार आवेदनो का सत्यापन सेल्फ डेक्लरेशन के आधार पर किया जाना है। इस आधार पर प्रपात आवेदनो को सत्यापित कर पंजीयन का कार्य तत्परता से करे। उल्लेखनीय है कि अनूपपुर मे अब तक 292427 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमे 40296 आवेदनो का सत्यापन कर पंजीयन किया जा चुका है। सर्वाधिक पंजीयन जनपद कोतमा मे 15299 हुए है। इसके अतिरिक्त जनपद जैतहरी मे 14799, जनपद अनूपपुर मे 4899, जनपद पुष्पराजगढ़ मे 3448 के साथ नगरपालिका कोतमा मे 725, पसान मे 424, बिजुरी मे 344, अनूपपुर मे 191, अमरकनतक मे 159 एवं  जैतहरी मे अब तक 8 आवेदको का पंजीयन किया जा चुका है।

कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने ज़िले के निवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या मे पंजीयन कराकर इस योजना से लाभ प्राप्त करे। आपने समस्त संबन्धित अधिकारियों को इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये हैं ताकि कोई भी पात्र असंगठित श्रमिक पंजीयन से वंचित न हो।

सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी की सेवाओं का निर्धारित समयावधि मे प्रदाय सुनिचित करे - कलेक्टर श्री अजय शर्मा

सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी की सेवाओं का निर्धारित समयावधि मे प्रदाय सुनिचित करे - कलेक्टर श्री अजय शर्मा



अनूपपुर 1 मई 2018/ सीएम हेल्प लाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के माध्यम से सुशासन की अवधारणा को शक्ति मिली है। इनके माध्यम से ही नागरिकों को शासन द्वारा प्रदाय की जाने वाली सेवाओं की प्राप्ति का अधिकार मिलता है। निर्धारित समयावधि मे सेवा की प्राप्ति होने से आम जानो मे शासन की व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ता है। अतएव सेवाओं का समय सीमा मे प्रदाय एवं आवेदनो का निर्धारित समयवधि मे निराकरन अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने यह भी कहा कि आवेदनो के निराकरण मे इस  बात का ध्यान रखना भी आवश्यक है कि वह संतोषजनक एवं समाधानकारक हो। उक्त कार्य मे की गयी लापरवाही का असर सम्पूर्ण व्यवस्था पर पड़ता है और लोगो को असुविधा होती है। आपने सभी अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि समय सीमा मे सेवा का प्रदाय ण होने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की जावेगी। अतएव सेवा के निष्पादन मे समय सीमा का ध्यान रखे। अगर वैधानिक कारणो से सेवा का प्रदाय नहीं किया जा सकता है अथवा आवेदक सेवा का पात्र नहीं है तो समयावधि मे उक्त के विषय मे स्पष्ट जानकारी संबन्धित को उपलब्ध कराये। यह निर्देश कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार मे आयोजित समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक मे दिये। बैठक मे अपर कलेक्टर डॉ आरपी तिवारी,एसडीएम जैतहरी बीडी सिंह, एसडीएम अनूपपुर प्रवीण फूलपगारे, एसडीएम कोतमा मिलिंद नागदेवे समेत ज़िले के अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।


बैगा परिवारों को शासकीय योजनाओ से लाभ का प्रदाय सुनिश्चित करे-कलेक्टर

बैगा परिवारों को शासकीय योजनाओ से लाभ का प्रदाय सुनिश्चित करे-कलेक्टर



अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने ज़िले मे निवास रात समस्त बैगा परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओ से प्रदाय किए जा रहे लाभ की सुनिश्चितता करने के निर्देश समस्त विभागो के मैदानी अमलों के माध्यम से करने के निर्देश दिये हैं। आपने कहा कि बैगा बसाहट मे घर घर जाकर कुपोषण से मुक्ति हेतु हर माह प्रदाय की जाने वाली  1000 रुपये की राशि की प्राप्ति के संबंध मे वस्तुस्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करे। जिन परिवारों को किसी भी कारण से उक्त राशि की प्राप्ति नहीं हो रही है, उस कारण को भी स्पष्ट रूप से उल्लेखित करे। 

पेय जल की अशुद्धता से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए बरतें सावधानी- श्री शर्मा

पेय जल की अशुद्धता से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए बरतें सावधानी- श्री शर्मा



अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरपी श्रीवास्तव से पेय जल से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के संबंध मे आवश्यक तैयारियों के संबंध मे पूंछतांछ की। डॉ श्रीवास्तव ने बताया कि गत वर्षों मे क्षेत्र विशेष से प्राप्त होने वाली शिकायतों के आधार पर चिंहांकन किया  जाकर, स्वास्थ्य व्यवस्था प्रदाय करने हेतु आवश्यक तैयारियां कर ली गयी है। श्री शर्मा ने लोक स्वास्थ्य यान्त्रिकी विभाग के अधिकारियों को पेय जल की गुणवत्ता के संबंध मे आवश्यक जानकारी एकत्रित कर , जिन जगहों मे वर्तमान गुणवततापूर्ण जल उपलब्ध नहीं है ऐसे स्थानो के लिए व्यवस्था बनाने के प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत कर, सुविधा प्रदाय की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। 

समय सीमा के लंबित प्रकरणो मे कार्य की वस्तु स्थिति से अवगत कराये- कलेक्टर श्री अजय शर्मा

समय सीमा के लंबित प्रकरणो मे कार्य  की  वस्तु स्थिति से अवगत कराये- कलेक्टर श्री अजय शर्मा


अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आज आयोजित समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक मे समस्त ज़िला अधिकारियों को निर्देश दिये कि समय सीमा मे चिन्हित विषयों मे त्वरित कार्यवाही कर प्राथमिकता के साथ उत्तर को भेजना सुनिश्चित करे। जिन विषयों मे कार्य करने के पश्चात सूचित करना है ऐसे विषयों मे कार्य को शीघ्र संपादित कर पूर्णता प्रतिवेदन प्रस्तुत करे अन्यथा कार्य की प्रगति के संबंध मे वस्तुस्थिति से अवगत कराये। सोमवार को अवकाश होने के कारण इस सप्ताह, समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। बैठक मे अपर कलेक्टर डॉ आरपी तिवारी,एसडीएम जैतहरी बीडी सिंह, एसडीएम अनूपपुर प्रवीण फूलपगारे, एसडीएम कोतमा मिलिंद नागदेवे समेत ज़िले के अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

अवैध कालोनियों के नियमितीकरण हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करे- कलेक्टर श्री अजय शर्मा

अवैध कालोनियों के नियमितीकरण हेतु शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करे- कलेक्टर श्री अजय शर्मा



अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने अवैध कॉलोनियों के नियमितिकरण के संबंध में जिले के समस्त नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक जानकारियां एकत्रित कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये हैं, जिससे कि कॉलोनियों का नियमितिकरण कर उन्हें आवश्यक आधारभूत सुविधायें प्रदान की जा सकें।
   श्री शर्मा ने बताया कि अवैध कॉलोनियों के नियमितिकरण का कार्य व्यवहारिक दृष्टिकोण के साथ किया जाकर 15 अगस्त तक पूर्ण किया जाना है। वैधानिक प्रक्रिया द्वारा अवैध कॉलोनियों को नियमित करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा। पूर्व में 31 दिसम्बर, 2012 की अवधि तक स्थापित अवैध कॉलोनियों का नियमितिकरण किया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 31 दिसम्बर 2016 तक की कॉलोनियों के लिये कर दिया गया है। विकास व्यय में रहवासी अंशदान को घटाकर 20 प्रतिशत किया गया है। शेष राशि संबंधित निकाय द्वारा वहन की जायेगी। सांसद और विधायक निधि का भी उपयोग हो सकेगा। रहवासियों को बिजली, पानी, सीवेज जैसी जन सुविधाएँ सामान्य वैध कॉलोनियों की भांति सर्विस प्रभार पर मिलेंगी।

ग्राम स्वराज अभियान मे चिन्हित सेवाओं का शत प्रतिशत प्रदाय सुनिश्चित करे

ग्राम स्वराज अभियान मे चिन्हित सेवाओं का  शत प्रतिशत प्रदाय सुनिश्चित करे



अनूपपुर 1 मई 2018/   ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत पुष्पराजगढ़ विकासखंड के चिन्हित  5 ग्राम जरही, करौंदी, बहपुर, बेलगवा एवं उमनिया मे प्रधानमंत्री जन धन योजना, जीवन ज्योति योजना, जीवन सुरक्षा योजना,उज्ज्वला योजना , सौभाग्य योजना, उजाला योजना एवं मिशन इंद्रधनुष  अंतर्गत शत प्रतिशत लाभ प्रदाय किया जाना है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आज आयोजित विशेष बैठक मे बैंक प्रतिनिधि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास , विद्युत विभाग, स्वास्थ्य एवं खाद्य विभाग  के अधिकारियों  से संबन्धित सेवाओं के प्रदाय की वस्तुस्थिति की समीक्षा की। आपने समस्त संबंधितों को निर्धारित समयावधि मे  समस्त पात्रो को सेवा प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। 





नर्मदा सेवा अभियान मे किए गए वृक्षारोपण का रखे विशेष ध्यान- श्री शर्मा

नर्मदा सेवा अभियान मे किए गए वृक्षारोपण का रखे विशेष ध्यान- श्री शर्मा


अनूपपुर 1 मई 2018/  नर्मदा सेवा अभियान मे किए गए वृहद पौधारोपण की सार्थकता तभी है जब उनका पालन पोषण कर उन्हे वृक्ष के रूप मे परिवर्तित कर दिया जाए। इस हेतु ग्रीष्म ऋतु मे विशेष अभियान चलाकर वृक्षो को पानी के प्रदाय की व्यवस्था करे।

कोई भी व्यक्ति आवास के लिए भूमि से वंचित नहीं होना चाहिए- कलेक्टर श्री शर्मा

कोई भी व्यक्ति आवास के लिए भूमि से वंचित नहीं होना चाहिए- कलेक्टर श्री शर्मा



अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आज समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक मे पंचायत ग्रामीण विकास विभाग, नगरपालिका एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जी की मंशानुसार ज़िले के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति आवास निर्माण के लिए भूमि से वंचित नहीं होना चाहिए। इस हेतु संबन्धित विभाग आपसी सामंजस्य के साथ ऐसे सभी व्यक्ति जिनके पास आवास निर्माण के लिए भूमि नहीं है का चिंहांकन कर भूमि के आवंटन की व्यवस्था करे।

निर्माण एजेंसियां कार्य के दौरान नल जल योजनाओं के संबंध मे रखे विशेष सावधानी- श्री शर्मा

निर्माण एजेंसियां कार्य के दौरान नल जल योजनाओं के संबंध मे रखे विशेष सावधानी- श्री शर्मा


अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आज समय सीमा की साप्ताहिक बैठक मे समस्त निर्माण एजेंसियों से कार्य के दौरान विशेष सावधानी से कार्य करने के लिए निर्देशित किया है। आपने कहा किसी भी जगह पर उत्खनन से पूर्व  भूमिगत सुविधा के प्रदाय को सुनिश्चित कर ले। सुनिश्चितता के पश्चात कार्य के दौरान यह ध्यान रखे की किसी भी भूमिगत सुविधा को क्षति न पहुचे। सावधानी के उपरांत भी किसी कारणवस अगर सुविधा  मे परिवर्तन अपरिहार्य  हो जाए तो तुरंत पुनर्स्थापना सुनिश्चित करे। आपने पेय जल व्यवस्थाओं मे निर्माण एजेंसियों के कार्य से हुई क्षति का संज्ञान लेते हुए कहा कि पेय जल व्यवस्थाओं की मरम्मत का कार्य उसी दिन करना सुनिश्चित करे।

पेय जल व्यवस्था करे दुरुस्त - कलेक्टर श्री अजय शर्मा

पेय जल व्यवस्था करे दुरुस्त - कलेक्टर श्री अजय शर्मा


अनूपपुर 1 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने वर्तमान गर्मी मे संभावित पेय जल की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यान्त्रिकी एवं नगर पालिका के अधिकारियों से पेय जल की वर्तमान व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। आपके द्वारा क्रियान्वित नल जल योजनाओ एवं हैंड पम्पो की वस्तुस्थिति की रिपोर्ट के आधार पर संबन्धित अधिकारियों से कार्ययोजना के संबंध मे जानकारी ली गयी। आपने कहा पेय जल परिवहन के संबंध मे प्रस्तावों को तुरंत प्रस्तुत कर स्वीकृति प्राप्त करे। इस संबंध मे कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

वंदेमातरम् एवं मध्य प्रदेश गायन के साथ शासकीय काम काज की हुई शुरूआत

वंदेमातरम् एवं मध्य प्रदेश गायन के साथ शासकीय काम काज की हुई शुरूआत




अनूपपुर 1 मई 2018/ प्रत्येक माह की भांति एक तारीख को शासकीय कार्यालयों में वन्दे मातरम् राष्ट्रीयगीत एवं मध्यप्रदेश गायन के उपरांत शासकीय कार्यो का सम्पादन किया जाता है। इसी प्रकार मई माह के प्रथम कार्य दिवस की शुरुआत संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर में वन्देमातरम् एवं म.प्र. गान के सामूहिक गायन के साथ हुई। परिसर में लगने वाले सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वन्देमातरम् एवं म.प्र. सामूहिक गायन में भाग लिया। 

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें