Tuesday, April 17, 2018

दो मासूमों के भविष्य को बचाया सुशीला ने (सफलता की कहानी)

दो मासूमों के भविष्य को बचाया सुशीला ने (सफलता की कहानी) 
बाल विवाह को हटाना समस्त समाज की जिम्मेदारी 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
   
    यह सोच कर बड़ा अजीब लगता हैं कि वह भारत जो अपने आप में एक महाशक्ति के रूप में उभर रहा हैं उसमें आज भी एक कुरीति जिन्दा हैं। एक ऐसी कुरीति जिसमें दो अपरिपक्व लोगो को जो आपस में बिलकुल अनजान हैं उन्हें जबरन जिन्दगी भर साथ रहने के एक बंधन में बांध दिया जाता हैं और वे दो अपरिपक्व बालक शायद पूरी जिन्दगी भर इस कुरीति से उनके ऊपर हुए अत्याचार से उभर नहीं पाते हैं और बाद में स्तिथियाँ बिलकुल खराब हो जाती हैं और नतीजे तलाक और मृत्यु तक पहुच जाते हैं। बालविवाह के केवल दुस्परिणाम ही होते हैं जीनमें सबसे घातक शिशु व माता की मृत्यु दर में वृद्धि। साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास पूर्ण नहीं हो पाता हैं। और वे अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वेहन नहीं कर पाते हैं।
 
   अनुपपुर के ग्राम बीजापुर मे दो नन्हें बच्चों के जीवन के साथ बाल विवाह का खिलवाड़ होने वाला था। समाज के एक जिम्मेदार प्रहरी ने इसकी सूचना महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्रीमती मंजूषा शर्मा को दी। सूचना प्राप्त होते ही श्रीमती शर्मा ने मामले की गंभीरता को समझकर जरा भी देर किए बिना सुपरवाइजर सुशीला बघेल को आवश्यक मार्गदर्शन किया। सुशीला जो कि इस कार्य को अपना नैतिक दायित्व भी समझती हैं ने पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए रात्रि में मौके पर पहुँचकर बाल विवाह रूकवाया और दो मासूमो की जिंदगी को बर्बाद होने से बचा लिया।
    भारत में बालविवाह होने के कई कारण हैं जैसे-लड़की की शादी को माता-पिता द्वारा अपने ऊपर एक बोझ समझना, शिक्षा का अभाव,  रूढ़िवादिता का होना,  अन्धविश्वास आदि। बालविवाह को रोकने के लिए इतिहास में कई लोग आगे आये जिनमें सबसे प्रमुख  राजाराम मोहन राय,  केशबचन्द्र सेन जिन्होंने ब्रिटिश सरकार द्वारा एक बिल पास करवाया जिसे Special Marriage Act कहा जाता हैं इसके अंतर्गत शादी के लिए लड़को की उम्र 18 वर्ष एवं लड़कियों की उम्र 14 वर्ष निर्धारित की गयी एवं इसे प्रतिबंधित कर दिया गया। फिर भी सुधार न आने पर बाद में Child Marriage Restraint नामक बिल पास किया गया इसमें लड़को की उम्र बढ़ाकर 21 वर्ष और लड़कियों की उम्र बढ़ाकर 18 वर्ष  कर दी गयी। स्वतंत्र भारत में भी सरकार द्वारा भी इसे रोकने के कही प्रयत्न किये गए और कई कानून बनाये गए जिस से कुछ हद तक इनमे सुधार आया परन्तु ये पूर्ण रूप से समाप्त नहीं हुआ। सरकार द्वारा कुछ क़ानून बनाये गए हैं जैसे बाल-विवाह निषेध अधिनियम 2006 जो अस्तित्व में हैं। ये अधिनियम बाल विवाह को आंशिक रूप से सीमित करने के स्थान पर इसे सख्ती से प्रतिबंधित करता है। इस बुराई को पूर्णतया समाप्त करने के लिए यह आवश्यक है कि सम्पूर्ण समाज अपनी जिम्मेदारी को समझे, जहां कहीं भी बाल विवाह की चर्चा भी हो रही हो उन्हे हतोत्साहित करे, इसके दुष्परिणामों को समझाएँ। आवश्यकता पड़ने मे शासन का सहयोग भी ले। ऐसा करके न केवल आप दो जिंदगियों को खराब होने से बचाएगे वरन अगली पीढ़ी जो कि शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर होती उसकी भी रक्षा हो जाएगी। अगर समस्त समाज सेवा प्रदाताओं समेत इस जिम्मेदारी को समझ लेगा तो हमे इस व्यवस्था को मिटाने  के लिए कानून रूपी बल की आवश्यकता नहीं होगी। तभी सही मायने मे हम अग्रणी राष्ट्र होने का दर्जा प्राप्त कर सकेंगे। आज सभी को आवश्यकता है कि वे भी सुशीला जी जैसे सक्रिय रहे। और समाज से इस बुराई को मिटा दे।

अनूपपुर के कृषकों का है कहना मुख्यमंत्री जी समझते है किसानो के दर्द को

अनूपपुर के कृषकों का है कहना मुख्यमंत्री जी समझते है किसानो के दर्द को 
अब हमार ध्यान सिर्फ कर्म पर फल की चिंता को दूर कर दिया गया मुख्यमंत्री जी द्वारा 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
 
   किसानों को उनके पसीने की पूरी कीमत दिलाने के लिये मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना लागू की गई है। कल प्रदेश भर मे जिला स्तरीय किसान सम्मेलनों के दौरान प्रदेश के 10 लाख 21 हजार किसानों के बैंक खातों में 1669 करोड़ रूपये ऑनलाइन डाले गये। यह प्रोत्साहन राशि गेहूँ उपार्जन वर्ष 2016-17 और धान उपार्जन वर्ष 2017 पर 200 रूपये प्रति क्विंटल की दर से दी गयी। अनूपपुर मे भी जिला स्तरीय कृषि सम्मेलन के माध्यम से कृषको को प्रोत्साहन राशि का अंतरण किया गया। इस राशि की प्राप्ति से किसानो के चेहरे खिल गए और उन्होने शासन को धन्यवाद दिया।
श्री चौहान सदैव सोचते हैं किसानो के हित को
    अनूपपुर के पुष्पराजगढ़ जनपद के ग्राम कछरा टोला के निवासी श्री चरण लाल चौकसे कहते हैं कि मुख्यमंत्री जी सदैव किसानो के हित के बारे मे सोचते हैं। आपको खरीफ 2017 में उपार्जित धान मे 5520 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है।
कृषि मे उन्नत तकनीकि के प्रयोग मे करेंगे राशि का उपयोग
    जैतहरी जनपद के ग्राम पिपरिया के निवासी शिवकुमार पटेल जिन्हे खरीफ 2017 में उपार्जित धान मे 67200 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है कहते हैं कि इस राशि का उपयोग वे कृषि मे उन्नत तकनीकि के इस्तेमाल मे करेंगे। आपने कहा यह योजना मुख्यमंत्री जी के किसानो के प्रति प्रेमभाव को प्रकट करती है। जब किसान मेहनत करता है तो उसे पता नहीं रहता भविष्य के गर्भ मे क्या छुपा है। उसका मन सदैव संशय मे रहता है, मौसम का बाजार का डर उसे चैन से सोने नहीं देता। परंतु शासन द्वारा हर कदम मे मिल रहे सहयोग से अब हमार ध्यान सिर्फ कर्म पर फल की चिंता मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दूर कर दी गयी है।
किसानो की मेहनत को समझा है शासन ने
    ग्राम मौही के रामकृपाल पटेल जिन्हे रबी 2016-17 में उपार्जित गेहूँ पर 20600 की राशि प्राप्त हुई है कहते हैं कि किसान की मेहनत को समझा है प्रशासन ने, शासन द्वारा मिले इस सहयोग को और आगे ले जाएंगे। अब हम सभी को और मेहनत करने के लिए उत्साह मिला है नई ऊर्जा मिली है।
यह किसानो के योगदान का सम्मान है
    ग्राम पिपरिया के रामरिसी पटेल जिन्हे रबी 2016-17 में उपार्जित गेहूँ पर 20300 की राशि प्राप्त हुई है, का कहना है यह सिर्फ राशि नहीं है यह शासन द्वारा कृषको को दिया गया सम्मान है।
    मुख्यमंत्री कृषि समृद्धि योजनांतर्गत खरीफ 2017 में उपार्जित धान पर 6036 कृषकों को प्रदान 6 करोड़ 10 लाख 92 हजार राशि रबी 2016-17 में उपार्जित गेहूँ पर 366 कृषकों को कुल 16 लाख 96 हजार राशि सीधे अंतरित कर लाभ प्रदाय किया गया।

जीवन को आनंदमय बनाने का गुर सिखाने की महारत हासिल करने पर श्री सतीश तिवारी जी को मिला प्रशस्ति पत्र

जीवन को आनंदमय बनाने का गुर सिखाने की महारत हासिल करने पर श्री सतीश तिवारी जी को मिला प्रशस्ति पत्र 

अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    जनजातीय कार्य विभाग के मण्डल संयोजक श्री सतीश तिवारी को जीवन को आनंदमय बनाने का गुर सिखाने मे महारत हासिल हो गयी है। आपके द्वारा अनुपपुर जिले मे कार्यरत अधिकारियों को अपनी कमियों एवं बुराइयों को परिष्कृत कर सुखमय जीवन जीने के, आनंद मे रहकर कार्य करने के गुर सिखाये भी गए हैं। आपको इस योग्यता मे महारत हासिल करने के लिए आनंद विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस द्वारा प्रशस्ति पत्र दिया गया है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने श्री तिवारी कि इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा तनाव व्यक्ति की कार्यक्षमता को घटाता है, आनंदित होकर काम करने से उत्कृष्ट परिणाम के साथ साथ स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। आपने श्री तिवारी को अपनी गतिविधियों के माध्यम से समस्त अधिकारियों कर्मचारियों को अपनी इस विधा से लाभान्वित करने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री कृषि समृद्धि योजनांतर्गत अनूपपुर मे प्राप्त हो चुका है 98 प्रतिशत लक्ष्य

मुख्यमंत्री कृषि समृद्धि योजनांतर्गत अनूपपुर मे प्राप्त हो चुका है 98 प्रतिशत लक्ष्य 

अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
   उप संचालक कृषि विकास एवं कृषक कल्याण श्री एन डी गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री कृषि समृद्धि योजनांतर्गत खरीफ 2017 में उपार्जित धान पर 6036 कृषकों को प्रदान 6 करोड़ 10 लाख 92 हजार राशि रबी 2016-17 में उपार्जित गेहूँ पर 366 कृषकों को कुल 16 लाख 96 हजार राशि सीधे अंतरित किया जाना था। आपने बताया कि अब तक 6275 कृषको को 6 करोड़ 16 लाख राशि का वितरण किया जाकर 98 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। शेष 127 कृषको को खाते मे अशुद्धि होने के कारण भुगतान नहीं किया जा सका है। यह भुगतान 1 सप्ताह के अंदर कर दिया जावेगा।

सर्वशिक्षा अभियान में खुले 27 हजार 910 नये प्राइमरी स्कूल

सर्वशिक्षा अभियान में खुले 27 हजार 910 नये प्राइमरी स्कूल 
17 हजार 851 प्राइमरी स्कूलों का मिडिल स्कूलों में उन्नयन, स्वीकृत 10 हजार 624 स्कूल भवनों में से 9 हजार 209 भवन बन कर तैयार 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
   सर्वशिक्षा अभियान के अन्तर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश की सभी बसाहटों में स्कूलों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इस अभियान में 27 हजार 910 नये प्राइमरी स्कूल खोले गये हैं और 17 हजार 851 प्राइमरी स्कूलों का मिडिल स्कूलों में उन्नयन किया गया है। अभियान के पूर्व बसाहटों में प्रारंभ किये गये स्कूलों को मिलाकर अब प्राइमरी स्कूलों की संख्या 83 हजार 890 और मिडिल स्कूलों की संख्या 30 हजार 341 हो गई है। इस तरह सर्वशिक्षा अभियान प्रारंभ होने से प्राइमरी स्कूलों की संख्या में 50 प्रतिशत और मिडिल स्कूलों की संख्या में 143 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
   सर्वशिक्षा अभियान के अन्तर्गत प्रदेश में 10 हजार 624 प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के लिये नये भवन स्वीकृत किये गये। इनमें से 9 हजार 209 स्कूल भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा रहा है।
   शिक्षा का अधिकार अधिनियम के निर्धारित मापदंडों के अनुसार किसी भी बसाहट में 6 से 11 वर्ष तक आयु वर्ग के न्यूनतम 40 बच्चे उपलब्ध होने पर एक किलोमीटर की परिधि में प्राइमरी स्कूल खोला जा रहा है। इसी प्रकार बसाहट में 11 से 14 वर्ष तक आयु वर्ग के न्यूनतम 12 बच्चे उपलब्ध होने पर 3 किलोमीटर की परिधि में मिडिल स्कूल प्रारंभ किया जा रहा है।

बाल विवाह रोकने कंट्रोल रूम स्थापित

बाल विवाह रोकने कंट्रोल रूम स्थापित 

अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    बाल विवाह रोकने के लिये महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0755-2530110 और 2731184 है।
    अक्षय तृतीया के अवसर पर अधिक संख्या में विभिन्न समाजों द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किये जाते हैं। बुधवार 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया होने के कारण कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त, नि:शुल्क चाईल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी बाल विवाह संबंधी सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जायेगी।

आंतरिक सुरक्षा के लिए समिति गठित

आंतरिक सुरक्षा के लिए समिति गठित 
 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    राज्य शासन ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की आंतरिक सुरक्षा समिति गठित की है। मंत्री श्री रूस्तम सिंह, श्री राजेन्द्र शुक्ल, श्री अंतरसिंह आर्य, श्री भूपेन्द्र सिंह ठाकुर, श्री नारायण सिंह कुशवाह तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लालसिंह आर्य समिति के सदस्य होंगे। मुख्य सचिव समिति के सदस्य सचिव तथा अपर मुख्य सचिव (गृह) समिति के सह-सचिव होंगें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान से निवेशकों ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री चौहान से निवेशकों ने की मुलाकात 
प्रदेश में 650 करोड़ निवेश के प्रस्ताव मिले 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
   मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से निवेशकों ने आज मुख्यमंत्री निवास में भेंट की। मुख्यमंत्री को मेसर्स जमना ऑटो इण्डस्ट्रीज लिमिटेड, एरोसिटी नई दिल्ली के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री प्रदीप सिंह जोहर, एक्सीक्यूटिव डायरेक्टर श्री एस.पी.कोहली, मेसर्स वंडर सीमेंट लिमिटेड उदयपुर के चेयरमेन श्री अशोक पाटनी, डायरेक्टर श्री आर.एस.मनोट ने प्रदेश में 650 करोड़ रूपये निवेश के प्रस्ताव दिये।
   मुख्यमंत्री श्री चौहान को मेसर्स जमना ऑटो इण्डस्ट्रीज लिमिटेड ने औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में लगभग 250 करोड़ रूपये के पूंजी निवेश का प्रस्ताव दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध उत्कृष्ट बुनियादी सुविधाओं को देखते हुये, अपनी परियोजना को महाराष्ट्र से स्थान्तरित करना चाहते हैं। परियोजना में लगभग 200 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मेसर्स वंडर सीमेंट लिमिटेड ने सीमेंट ग्राईडिंग इकाई स्थापना का प्रस्ताव दिया। इस परियोजना में 400 करोड़ रूपये की पूंजी निवेश प्रस्तावित है। इससे लगभग 150 लोगों को प्रत्यक्ष और 600 लोगों को अत्प्रयक्ष रोजगार मिलेगा।
   इस अवसर प्रमुख सचिव वाणिज्य एवं उद्योग श्री मोहम्मद सुलेमान, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री एस.के.मिश्रा मौजूद थे।

एक मई से तालाब संरक्षण के लिये चलाया जायेगा प्रदेशव्यापी अभियान

एक मई से तालाब संरक्षण के लिये चलाया जायेगा प्रदेशव्यापी अभियान 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल तालाब गहरीकरण कार्य में किया श्रमदान 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में एक मई से 15 जून तक तालाब संरक्षण का अभियान चलेगा। इस अभियान के दौरान तालाबों के जीर्णोद्धार, गहरीकरण और नए तालाबों के निर्माण के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल संरक्षण के प्रयासों पर विचार-विमर्श के लिये जल संसद का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में नदी और तालाब संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब के साथ ही प्रदेश में नदियों के पुनर्जीवन और गहरीकरण के कार्य भी किये जाएंगे। श्री चौहान आज भोपाल तालाब गहरीकरण अभियान के शुभारंभ अवसर पर नागरिकों को संबोधित कर रहे थे।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नागरिकों का आव्हान किया कि तालाब के संरक्षण के लिए आत्मीयता के साथ समर्पण की भावना से गहरीकरण कार्य में श्रमदान करें। गहरीकरण के कार्य में श्रमदान तालाब के साथ भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। तालाब और जल का संरक्षण, उसकी सीमाओं की रक्षा, शासन-प्रशासन के साथ ही जनता की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि कर्तव्यनिष्ठ और जिंदा दिल भोपालवासी तालाब को निर्जीव नहीं होने देंगे।
    महापौर श्री आलोक शर्मा ने कहा कि भोपाल का तालाब नगर की जीवन रेखा है, जिसमें शहर के प्राण, आत्मा और संस्कृति बसती है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का धर्म और कर्तव्य, तालाब का संरक्षण है। महापौर ने बताया कि तालाब को जीवंत बनाने के लिये गहरीकरण अभियान शुरू किया गया है। नागरिकों और संस्थानों द्वारा इस कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई जा रही है।
     इस अवसर पर सांसद श्री आलोक संजर विधायक श्री सुरेंद्र नाथ सिंह श्री बृजेश लुणावत और श्री लोकेंद्र पाराशर सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि नागरिक, नर्सिंग होम एसोसियेशन, क्रेडाई, न्यू मार्केट व्यापारी संघ और गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे। मानसरोवर  ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के सदस्यों ने इस मौके पर योगाभ्यास भी किया। 

निर्धन परिवारों के 70 प्रतिशत से कम अंक वाले विद्यार्थियों की फीस भरवाने बनेगी योजना

निर्धन परिवारों के 70 प्रतिशत से कम अंक वाले विद्यार्थियों की फीस भरवाने बनेगी योजना 
जानापाव में मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना और भगवान परशुराम के जीवन प्रसंग पाठ्यक्रम में शामिल होंगे, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में की घोषणा 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि निर्धन परिवारों के 70 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों की फीस भरवाने की योजना बनायी जायेगी। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना में भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव इन्दौर को शामिल किया जायेगा। भगवान परशुराम के जीवन के प्रसंग को पाठ्यक्रम में शामिल किया जायेगा। यह घोषणायें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भगवान परशुराम शोभायात्रा समापन कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम के जीवन पर आधारित वेबासाइट का शुभारंभ किया।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भगवान परशुराम संपूर्ण समाज के थे। उन्होंने सदैव अन्याय का प्रतिकार किया। ब्राह्मण समाज ने सदैव भारतीय समाज का नेतृत्व किया है। उनके बिना भारतीय संस्कृति को समझा नहीं जा सकता। भारतीय संस्कृति के आदर्शों का निर्माण समाज ने ही किया है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव को पवित्रतम स्थल के रूप में विकसित किया गया है। समाज के लिये निर्धारित प्रक्रिया अनुसार भूमि आवंटन करवाने के लिये महापौर श्री आलोक शर्मा को नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण कल्याण आयोग के स्वरूप निर्धारण पर भी विचार किया जायेगा। ब्राह्मण समाज के कार्यों में उनका पूरा सहयोग रहेगा। कार्यक्रम के शुरू में श्री चौहान ने विधि-विधान से भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की। शोभायात्रा में शामिल विप्र बन्धुओं पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
    महापौर श्री आलोक शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव समाज का दिग्दर्शन किया है। समय की आवश्यकता है कि समाज ज्ञान, दान, कर्म, बुद्धि, कौशल और धर्म से ब्राह्मण बनें। एकजुट होकर वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना करें। पूर्व विधायक श्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि समाज को नई दिशा और दशा के लिये प्रयास जरूरी है। उन्होंने चल समारोह के सफल आयोजन के लिये आयोजकों को बधाई दी। एकता समिति के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सभी समाजों के कल्याण की चिंता करती है। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री पुष्पेन्द्र मिश्रा ने स्वागत उदबोधन और आभार प्रदर्शन संगठन महामंत्री श्री महेन्द्र मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में ब्राह्म्ण समाज की विभूतियां और सदस्य उपस्थित थे।

जनसुनवाई में समस्याओं का त्वरित निराकरण

जनसुनवाई में समस्याओं का त्वरित निराकरण 
लोकतांत्रिक व्यवस्था में बढ़ रहा हैं जनता का विश्वास, कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आवेदकों की समस्याओं का किया निदान 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
 
   जनता का शासन के प्रति विश्वास को बढ़ाने का कार्य प्रति सप्ताह मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई से हो रहा है। इस माध्यम से आवेदकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर सुशासन की अवधारणा पर अनूपपुर में अमल किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने आज जनसुनवाई के माध्यम से जिलेभर से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
   जनसुनवाई में जनपद पंचायत अनूपपुर के ग्राम बकेली से श्रीमती उर्मिला बाई केवट ने मजदूरी के संबंध में आवेदन, ग्राम वेंकटनगर तहसील अनूपपुर श्रीमति कमलेश चौधरी प्रधानमंत्री आवास दिलाये जाने के संबंध में,ग्राम डोला तहसील कोतमा से श्री मती रामबाई पेशन राशि के संबंध में, ग्राम फुनगा से श्री आनंदराम कोल जमीन में  कब्जा दिलाया जाने के संबंध में आवेदन दिया।
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा के द्वारा जनसुनवाई में कहा उपस्थित संबंधित अधिकारियों के माध्यम से, मैदानी अमलों से संबंधित मामलों में दूरभाष एवं डिजिटल तकनीकी का उपयोग कर समस्याओं का त्वरित निदान कराया गया।

जरही के 9 परिवारों के जीवन में उजाला लाई सौभाग्य योजना

जरही के 9 परिवारों के जीवन में उजाला लाई सौभाग्य योजना 
 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    कार्यपालन अभियंता म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लिमि. अनूपपुर श्री प्रमोद गेडा़म एवं सहायक अभियंता अखिलेश पटीदार की उपस्थित में ग्राम स्वराज के अभियान के तहत जरही में शत-प्रतिशत विद्युतिकरण हेतु शिविर लगाया गया। शिविर में ग्राम जरही के कुल 9 लोगों को नए विद्युत कनेक्शन दिये गये।

ग्राम स्वराज के अभियान के तहत ग्रामों के शत-प्रतिशत विद्युतिकरण हेतु उमनिहा में विशेष शिविर आज

ग्राम स्वराज के अभियान के तहत ग्रामों के शत-प्रतिशत विद्युतिकरण हेतु उमनिहा में विशेष शिविर आज 
 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    कार्यपालन अभियंता म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लिमि. अनूपपुर श्री प्रमोद गेढ़म ने बताया है कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत पुष्पराजगढ़ जनपद के अंतर्गत करौंधी, जरही, उमनिहाँ, बहपुर और बेलगवाँ का शत-प्रतिशत विद्युतिकरण किया जाना है। इस हेतु ग्राम उमनिहा में आज 18 अप्रैल को विशेष शिविर का आयोजन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक किया जायेगा। इन शिविरों में विद्युत संबंधी समस्यों एवं शिकायतों का निराकरण भी किया जावेगा।

नेशनल लोक अदालत 22 अप्रैल को

नेशनल लोक अदालत 22 अप्रैल को 
 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    जिला विधिक प्राधिकरण ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार 14 अप्रैल 2018 को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती होने के कारण आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तिथि परिवर्तित की गई है। अब 22 अप्रैल 2018 को लोक अदालत आयोजित की जायेगी। नेशनल लोक अदालत मे न्यायिक प्रकरण अपराधिक, सिविल, श्रम, मोटर दुर्घटना, कुटुम्ब न्यायालय के लंबित/प्रीलिटिगेशन के समझौता योग्य प्रीलिटिगेशन के रूप सभी बैकों के प्रकरण, नगर पालिका समेकित एवं जलकर एवं विद्युत प्रकरणों का निराकरण भी किया जावेगा। इस नेशनल लोक अदालत में विद्युत विभाग एव नगर पालिका के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों पर म.प्र. शासन द्वारा छूट प्रदान की जावेगी।
    जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं एवं जन मानस से अपील की है कि लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा प्रकरण आपसी सुलह समझौता के माध्यम से निपटारा कराये एवं नेशनल लोक अदालत का फायदा उठाये। 

21 अप्रैल को अनूपपुर में आयोजित होगा वृहद चिकित्सा शिविर

21 अप्रैल को अनूपपुर में आयोजित होगा वृहद चिकित्सा शिविर 
 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरपी श्रीवास्तव ने बताया कि स्वसहायता भवन अनूपपुर में 21 अप्रैल को वृहद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में अनूपपुर जिले के समस्त नागरिक आकार अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण एवं निदान करा सकते हैं। डॉ श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर के अंतर्गत डायबिटीज, सुगर, ब्लडप्रैशर, थायराइड एवं कैंसर आदि बीमारियों की जांच की जाएगी। आपने यह भी कहा कि शिविर के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा मान्यता प्राप्त जबलपुर, नागपुर, बिलासपुर, रायपुर के चिकित्सक भी उपलब्ध होंगे। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले एवं कर्मकार मण्डल के सदस्यों का वहीं प्रकरण बनाकर राज्य बीमारी सहायता निधि से निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की जाएगी। चिकित्सा शिविर मे पंजीयन का कार्य 21 अप्रैल को प्रातः 9 बजे से प्रारम्भ होगा। पंजीयन उपरांत सभी आवेदको के ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जांच भी की जाएगी। आपने जिले के समस्त निवासियों को चिकित्सा शिविर का लाभ लेने की अपील की है।

बाल विवाह अपराध, सेवा प्रदाता भी हैं सजा के भागीदार - कलेक्टर श्री अजय शर्मा

बाल विवाह अपराध, सेवा प्रदाता भी हैं सजा के भागीदार - कलेक्टर श्री अजय शर्मा 
 
अनुपपुर | 17-अप्रैल-2018
 
   
    18 अप्रैल को अक्षय तृतीया एवं उस दिन बहुतायत मे होने वाले विवाहों का संज्ञान लेते हुए, तहसीलदारों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को आवश्यक निगरानी के निर्देश दिए हैं। आपने कहा कि बाल विवाह रोकना एवं इसे हतोत्साहित करना हर समझदार और कानूनप्रिय व्यक्ति की जिम्मेदारी है, इसलिये यह अवश्य सोचें कि कहीं आप 18 वर्ष से कम उम्र की लाडली बिटिया का विवाह करके उसकी जिंदगी अनजाने जोखिम में डालने तो नहीं जा रहे हैं। आपने अक्षय तृतीया एवं विशेष तिथियों मे जिले के सामूहिक विवाह कराने वाले आयोजकों, सभी धर्मगुरू, समाज के मुखिया, हलवाई, केटरर, बैंडवाला, घोड़ीवाला, ट्रांसपोर्ट, प्रिंटिंग प्रेस के प्रबंधक, ब्यूटी पार्लर, संचालक मंगल भवन और अन्य संबंधितों से कहा है कि वे किसी विवाह या समारोह में शामिल होने से पहले यह अवश्य देख लें कि कहीं वो बाल विवाह तो नहीं है। यदि बाल विवाह हो तो इसे रोकने में शासन का सहयोग करें।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें