Monday, April 16, 2018

जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में जिले के किसाने ने भी मुख्यमंत्री जी के संबोधन को सुना

जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में जिले के किसाने ने भी मुख्यमंत्री जी के संबोधन को सुना 
कृषि उत्पादों के निर्यात के लिये बनाई जायेगी राज्य स्तरीय संस्था, मुख्यमंत्री ने 10 लाख 21 हजार किसानों के खातों में ट्रान्सफर किये 1669 करोड़, किसान महासम्मेलन में मुख्यमंत्री द्वारा कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को उनके पसीने की पूरी कीमत दिलाने के लिये मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना लागू की गई है। इसमें समर्थन मूल्य पर अथवा उससे अधिक मूल्य पर गेहूँ बिकने पर 265 रूपये प्रति क्विंटल, चना, मसूर, सरसों पर 100 रूपये प्रति क्विंटल तथा लहसुन पर 800 रूपये प्रति क्विंटल किसान के खाते में डाले जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ शाजापुर में आयोजित किसान महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 10 लाख 21 हजार किसानों के बैंक खातों में 1669 करोड़ रूपये ऑनलाईन डाले गये। यह राशि गेहूँ उपार्जन वर्ष 2016-17 और धान उपार्जन वर्ष 2017 पर 200 रूपये प्रति क्विंटल की दर से दी गयी।
षड़यंत्रों से सावधान रहें किसान
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने के लिये खाद्य प्रसंस्करण और कृषि के विविधीकरण के लिये प्रोत्साहित किया जायेगा। कृषि उत्पाद के निर्यात के लिये इसी वर्ष राज्य स्तरीय संस्था बनाई जायेगी। उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों पर किसानों का हक है। किसानों की समस्याओं के नाम पर राजनीति नहीं की जाना चाहिये। किसान इस तरह के षड़यंत्रों से सावधान रहे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में नगदी की कमी पैदा की जा रही है, इससे राज्य सरकार निपटेगी। किसानों को कोई भी दिक्कत हो तो मुख्यमंत्री निवास पर स्थापित कंट्रोल रूम के फोन नम्बर-0755-2540500 पर फोन करें। श्री चौहान ने कहा कि खेती किसानी में प्रदेश को आगे बढ़ाने में राज्य सरकार के साथ सहयोग करें। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को विकसित राज्यों में अग्रणी प्रदेश बनाने का संकल्प दोहराया।
खसरे की नि:शुल्क कॉपी मिलने पर ही प्रकरण समाप्त होगा
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा कृषक उद्यमी योजना शुरू की गई है, जिसमें किसानों के बेटे-बेटियों को उद्योग लगाने के लिये दो करोड़ रूपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। इस ऋण की गारंटी राज्य सरकार लेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रत्येक विकासखंड में 100-100 युवाओं को ऋण दिलाया जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिये चलाये गये विशेष अभियान में तीन माह में नामांतरण और बंटवारे के 14 लाख प्रकरण निपटाये गये हैं। अब नामांतरण के आदेश के बाद खसरा और नक्शे की नकल की कॉपी संबंधित किसान को नि:शुल्क दी जायेगी। तब ही प्रकरण समाप्त माना जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिये यदि किसान ट्रान्सफार्मर लाते हैं, तो विद्युत कंपनी द्वारा इसका किराया दिया जायेगा। बदलने के बाद ट्रांसफार्मर अगर तीन माह के भीतर जल जाता है, तो बिना बकाया राशि लिये उसे फिर बदल दिया जायेगा।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री असंगठित मजदूर कल्याण योजना में ढाई एकड़ तक की भूमि वाले किसानों को शामिल किया गया है। डिफाल्टर किसानों के लिये नई योजना बनाई गई है, जिसमें ब्याज राज्य सरकार भरेगी और मूलधन का आधा किसान द्वारा दिये जाने पर उसे शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि इस वर्ष भावांतर भुगतान योजना में किसानों के खाते में दो हजार करोड़ रूपये की राशि डाली गयी है।
जो किसानों ने भी नहीं सोचा, वह कर रही है सरकार
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों को सुविधाएं देने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी जायेगी। जो किसानों ने भी नहीं सोचा, वह भी सरकार कर रही है। उन्होंने जनता को याद दिलाते हुये कहा कि पूर्व की सरकार के समय किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था, जिसे घटाकर शून्य प्रतिशत कर दिया गया है। खाद के अग्रिम भंडारण पर ब्याज राज्य सरकार द्वारा दिया जाता है। प्राकृतिक आपदा में दी जाने वाली राहत राशि पहले ढाई हजार रूपये प्रति हेक्टयर थी, जिसे बढ़ाकर 30 हजार रूपये प्रति हेक्टयर कर दिया गया है। एक वर्ष में किसानों को 18 हजार करोड़ रूपये की राहत दी गई है। प्याज के दाम गिरने पर राज्य सरकार ने 800 रूपये प्रति क्विंटल के भाव पर प्याज खरीदी की थी इसके लिये 650 करोड़ रूपये खर्च किये गये। सिंचाई की क्षमता प्रदेश में साढ़े सात लाख हेक्टयर से बढ़ाकर चालीस लाख हेक्टयर कर दी गयी है। सिंचाई के लिये बिजली की समुचित व्यवस्था की गई है। खेती को फायदे का धंधा बनाने के लिये राज्य सरकार द्वारा हर-संभव प्रयास किये जा रहे हैं।
  2557 करोड़के विकास कार्यों का लोकर्पण एवं शिलान्यास
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर शाजापुर जिले में करीब 2500 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा 57 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 5 वर्षों में पूरे प्रदेश में सिंचाई की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं का निम्नानुसार उल्लेख किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री दीपक जोशी, विधायक श्री श्री अरूण भीमावद, राज्य ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष श्री विजेन्द्र सिंह सिसोदिया, मार्कफेड के अध्यक्ष श्री रमाकांत भार्गव, सांसद श्री मनोहर उंटवाल, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। जिला स्तरीय  किसान सम्मेलन में जिले के किसानो एवं जनप्रतिनिधियों  ने प्रोजेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन को सुना।

ग्राम स्वराज के अभियान के तहत करौधी में शतप्रतिशत विद्युतिकरण हेतु लगा शिविर

ग्राम स्वराज के अभियान के तहत करौधी में शतप्रतिशत विद्युतिकरण हेतु लगा शिविर 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   कार्यपालन अभियंता म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लिमि. अनूपपुर श्री प्रमोद गेडा़म एवं सहायक अभियंता अखिलेश पटीदार की उपस्थित में ग्राम स्वराज के अभियान के तहत करौधी में शतप्रतिशत विद्युतिकरण हेतु शिविर लगाया गया। शिविर में ग्राम करौधी के श्री बहोरीलाल, श्रीशम्भू, श्रीमती सीता बाई, श्रीमोहन लाल, समेत कुल 10 लोगों को नए विद्युत कनेक्शन दिये गये।

किसान मेले में विभिन्न विकास विभागों द्वारा लगायी गयी थी छायाचित्र प्रदर्शनी

किसान मेले में विभिन्न विकास विभागों द्वारा लगायी गयी थी छायाचित्र प्रदर्शनी 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
    जिला मुख्यालय अनूपपुर में आयोजित जिला स्तरीय किसान मेले में विभिन्न विकास विभागों जिसमें कृषि विभाग, जन सम्पर्क विभाग, आजीविका परियोजना, पशुपालन विभाग द्वारा छायाचित्र प्रदर्शनी लगायी गयी थी। प्रदर्शनी में जन सम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी में सरकार की नीतियों, निर्णयों तथा उपलव्धियों को प्रदर्शित किया गया था। कृषि एवं पशु पालन विभाग की प्रदर्शनी में खेती एवं पशु पालन के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने हेतु प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों को दिखाया गया था। छायाचित्र प्रदर्शनी का क्षेत्रीय सांसद श्री ज्ञान सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रुपमती सिंह क्षेत्रीय विधायक श्री राम लाल रौतेल, कृषि समिति के सभापति श्री सुदामा सिंह, कलेक्टर श्री अजय शर्मा, श्री आधाराम वैष्य, श्री रामदास पुरी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों तथा जिले भर से आये किसानों ने अवलोकन किया। जन सम्पर्क विभाग द्वारा आमजन को प्रचार सामग्री भी वितरित की गयी।

जिला स्तरीय किसान मेले में 15 किसानों को किया गया सम्मानित

जिला स्तरीय किसान मेले में 15 किसानों को किया गया सम्मानित 
अन्नदाता के हित में सरकार ने लिये महत्वपूर्ण निर्णय - सांसद श्री सिंह, किसान मेले के माध्यम से जिले के 6402 किसानों को 6 करोड 27 लाख रु. का किया गया खातों में अन्तरण 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018



   प्रदेश एवं केन्द्र सरकार ने अन्नदाता के पक्ष में जब भी निर्णय लेने की आवश्यकता पडी है, सदैव लिया है। जब तक अन्नदाता खुश नहीं होगा तब तक देश में खुशहाली आना संभव नही है। इसी सोच के साथ फसलों के उपार्जन की व्यवस्था, व्याज ऋण में माफी, शून्य प्रतिशत व्याज पर फसल ऋण़, फसल बीमा जैसे क्रान्तिकारी निर्णय लिये गये। उक्ताशय के विचार आज जिला मुख्यालय अनूपपुर में आयोजित जिला स्तरीय किसान मेले में क्षेत्रीय सांसद श्री ज्ञान सिंह ने मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रुपमती सिंह ने की। क्षेत्रीय विधायक श्री राम लाल रौतेल, कृषि समिति के सभापति श्री सुदामा सिंह, कलेक्टर श्री अजय शर्मा, श्री आधाराम वैष्य, श्री रामदास पुरी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि थे।
   विधायक श्री राम लाल रौतेल ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों की बदौलत फसलों के उत्पादन में लगातार वृद्धि हुई है। आज प्रदेश पंजाब के बराबरी पर खडा है। पांच बार से लगातार प्रदेश को कृषि कर्मण पुरुस्कार प्राप्त हो रहा है। कृषि यंत्रीकरण, सिंचाई सुविधा में विस्तार, किसानों को भ्रमण की सुविधा ने कृषि क्रान्ति लाने में सहयोग दिया है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने कहा कि देश एवं प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तरह जिले में भी अभिनव प्रयास किये गये है। स्ट्रा- वेरी, फ्रेंच बीन एवं मटर के उन्नत बीज से किसानों से जिले के किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उप संचालक कृषि श्री एन.डी.गुप्ता ने किसान मेले में प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
   किसान मेले के माध्यम से जिले के 6402 किसानों को 6 करोड 27 लाख रु0 का खातों में अन्तरण किया गया।  किसान मेले में जिले के उन्नत 15 किसानों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जिसमें तेजन सिंह, श्री जय करण  ग्राम पडौर, अर्जुन लाल ग्राम शिकारपुर, बालकरण केवट ग्राम पथरौडी, सुरेश तिवारी ग्राम ठोडहा, राम कृपाल पटेल मौही, रोहित कुमार कछराटोला आदि शामिल हैं।  इस अवसर पर अभिनव प्रयास स्ट्रा- वेरी, फ्रेंच बीन एवं मटर के उन्नत बीज से किसानों को हुए लाभ पर आधारित वीडियो फिल्म जिसका सम्पादन पत्रकार बीजू थामस द्वारा किया गया है, दिखाई गयी। मेले में कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अमले ने किसानों की समस्याओं का निदान किया।

मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम भोपाल के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) श्री शिवराज शाह आज अमरकंटक में

मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम भोपाल के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) श्री शिवराज शाह आज अमरकंटक में 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम भोपाल के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) श्री शिवराज शाह आज 17 अप्रैल को प्रातः11 बजे अमरकंटक आयेगे। आप 18 अप्रैल को प्रातः 8 बजे अमरकंटक से डिडौरी के लिए प्रस्थान करेगे।

उज्जैन में 28 से 30 अप्रैल तक होगा अंतर्राष्ट्रीय विराट गुरुकुल सम्मेलन

उज्जैन में 28 से 30 अप्रैल तक होगा अंतर्राष्ट्रीय विराट गुरुकुल सम्मेलन 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा 28 से 30 अप्रैल तक महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान उज्जैन में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय विराट गुरुकुल सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। सम्मेलन में भारतीय शिक्षण मण्डल, नागपुर एवं महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान उज्जैन संयुक्त रूप से आयोजक होंगे। देश-विदेश के गुरुकुल के तीन हजार प्रतिभागियों की सम्मेलन में सहभागिता संभावित है। सम्मेलन के समापन पर सब की सहमति से "गुरुकुल का घोषणा-पत्र" तैयार किया जायेगा। यह जानकारी आज नई दिल्ली में प्रमुख सचिव संस्कृति श्री मनोज श्रीवास्तव और भारतीय शिक्षण मंडल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री मुकुल कानितकर ने दी।
   प्रमुख सचिव श्री मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय विराट गुरूकुल सम्मेलन की पूर्व तैयारी नेपाल, म्यांमार और बंगलुरू में आयोजित पूर्व सम्मेलनों में की जा चुकी है। सम्मेलन में नेपाल, म्यॉमार, इण्डोनेशिया, मॉरीशस, त्रिनिदाद आदि सात-आठ देशों के प्रतिनिधि सहभागी होंगे। साथ ही, विभिन्न विश्वविद्यालयों के 70-80 कुलपति, शिक्षा क्षेत्र के विद्वान शोधार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और उद्योगपति भी सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में इस विषय पर अध्ययन एवं अनुसंधान किया जाएगा कि आधुनिक शिक्षा पद्धति में गुरुकुल शिक्षा पद्धति के कौन-कौन से तत्व शामिल किये जा सकते हैं।
   अंतर्राष्ट्रीय विराट गुरूकुल सम्मेलन का उदघाटन सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत करेंगे। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. प्रकाश जावडेकर, केन्द्रीय शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वामी संवित सोमगिरी जी, आचार्य गोविन्द देव गिरी, स्वामी राजकुमार दास सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन में गुरुकुल प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी। इस अवसर पर विविध गुरुकुलों द्वारा मंचीय प्रस्तुति होगी, जिसमें गुरुकुल में शिक्षा प्राप्त छात्र-छात्राएं वेद पठन, संस्कृत पठन, संस्कृत नाटिका आदि का प्रदर्शन करेंगे। मैदानी प्रस्तुति में मलखांब, योग, योग शिविर, अश्वारोहण, कल्लारी पट्टू आदि का प्रदर्शन होगा।
   सम्मेलन में तीन समानान्तर आहुति सत्र, तीन एकत्रित ज्ञान यज्ञ सत्र होंगे। ज्ञान यज्ञ में विद्वान वक्ता एकत्रित सत्रों का मार्गदर्शन करेंगे। प्रथम ज्ञान यज्ञ में गुरुकुल का गौरवशाली इतिहास और उसका वर्तमान स्वरूप, द्वितीय ज्ञान यज्ञ में गुरुकुल की शिक्षा पद्धति एवं उसमें पढ़ाये जाने वाले विषयों पर चर्चा होगी। तृतीय ज्ञान यज्ञ में गुरुकुल की शिक्षा को मुख्य धारा की शिक्षा बनाने पर चर्चा होगी। इसके साथ ही समानान्तर सत्र में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जायेगी। समापन सत्र में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, श्री सुरेश सोनी एवं अन्य संतगण उपस्थित होंगे। समापन उद्बोधन श्री सुरेश सोनी द्वारा किया जायेगा।

ग्राम स्वराज के अभियान के तहत ग्रामों के शतप्रतिशत विद्युतिकरण हेतु लगेंगे विशेष शिविर

ग्राम स्वराज के अभियान के तहत ग्रामों के शतप्रतिशत विद्युतिकरण हेतु लगेंगे विशेष शिविर 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   कार्यपालन अभियंता म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लिमि. अनूपपुर श्री प्रमोद गेढ़म ने बताया है कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत पुष्पराजगढ़ जनपद के अंतर्गत करौंधी, जरही, उमनिहाँ, बहपुर और बेलगवाँ का शतप्रतिशत विद्युतिकरण किया जाना है। इस हेतु ग्राम जरही में 17 अप्रैल को उमनिहा में 18 अप्रैल को बेलगवॉ में 19 अप्रैल को एवं बहपुर में 20 अप्रैल को विशेष शिविर को आयोजन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक किया जायेगा। इन शिविरों में विद्युत संबंधी समस्यों एवं शिकायतों का निराकरण भी किया जावेगा।

सीएम हेल्पलाइन, लोकसेवा गारंटी के अंतर्गत सेवा प्रदाय के मामलो का नियमित रूप से करे निराकरण

सीएम हेल्पलाइन, लोकसेवा गारंटी के अंतर्गत सेवा प्रदाय के मामलो का नियमित रूप से करे निराकरण 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोकसेवा गारंटी के अंतर्गत सेवा प्रदाय के मामलो का नियमित रूप से निराकरण करने के लिए कहा है। आप ने कहा बिना विचारण मामलों का अग्रेषित होना अस्वीकार्य है। ऐसा होने पर नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी। आप ने कहा आवेदनों का निराकरण संतोष जनक एवं समाधान कारक होना चाहिए। बैठक में आप ने अवैध कॉलोनियों के नियमितिकरण, दीनदयाल रसोई के संचालन, बैगा आदिवासियों को शासन द्वारा क्रियान्वित योजनाओं के माध्यम से हितलाभ का वितरण की प्रगति की समीक्षा की। आप ने उक्त कार्यो में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत संज्ञान में लाने के लिये कहा है। बैठक में अपर कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्यकार्यपालन अधिकारी जि.पं. डॉ. आर.पी. तिवारी, एस.डी. एम. पुष्पराजगढ़ श्री बालागुरू के समेत अन्य विभागी अधिकारी उपस्थित थे।

कोई भी व्यक्ति आवास के लिए जमीन से वंचित न हो - कलेक्टर श्री शर्मा

कोई भी व्यक्ति आवास के लिए जमीन से वंचित न हो - कलेक्टर श्री शर्मा 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की सोच के अनुसार प्रदेश में रहने वाला कोई भी व्यक्ति जमीन से वंचित नही होना चाहिए। इसी सोच के क्रियान्वयन के लिये समस्त पात्र हितग्रहियों के लिये आवश्यक भू-खण्ड की व्यवस्था करने के निर्देश कलेक्टर श्री अजय शर्मा द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिये गए है।

दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत लागू प्रतिबंधात्मक निषेधाज्ञा निरस्त

दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत लागू प्रतिबंधात्मक निषेधाज्ञा निरस्त 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अनूपपुर श्री अजय शर्मा द्वारा जिले में प्रभावशील दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 को निरस्त कर दिया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 9 अप्रैल से सोशल मीडिया एवं आपत्ति जनक संदेशों के संबंध में तथा आरक्षण के मुद्दे पर जुलूस, बैठकें, रैली-सभा तथा घेराव के आयोजन,  पर दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश किया गया था, ताकि जिले में लोकशांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। कलेक्टर ने आदेश में कहा है कि वर्तमान मे जिले में विद्यमान स्थितियों पर विचारोपरांत प्रतिबंधात्मक आदेश की प्रभावशीलता की आवश्यकता प्रतीत नहीं होने के दृष्टिगत दण्डप्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अंतर्गत जारी उक्त आदेश 9 अप्रैल 2018 को एतद् द्वारा निरस्त किया गया है।
   श्री शर्मा ने कहा है कि जिले की सामाजिक समरसता और आपसी सौहाद्र को बनाए रखे। आप ने कहा सोशल मिडिया, व्हाट्सएप, फेसबुक आदि पर भडकाउ मैसेज से रहे सावधान। स्वविवेक से काम ले, प्रशासन का शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। जिले की शांति व्यवस्था से छेड़छाड़ करने वाले तत्वों के  खिलाफ कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

जिले में अब तक 273515 श्रमिकों के आवेदन हो चुके है प्राप्त

जिले में अब तक 273515 श्रमिकों के आवेदन हो चुके है प्राप्त 

अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   अनूपपुर जिले में अब तक 273515 श्रमिकों के आवेदन प्राप्त हो चुके है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में पंजीयन कार्य के प्रति संतोष व्यक्त किया। साथ ही नगरीय क्षेत्र में विशेष प्रयास करने के लिये नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया है। अब तक प्राप्त आवेदनों में से 500 आवेदनो का सत्यापन कर पंजीयन किया जा चुका है। श्री शर्मा द्वारा संबंधित नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के अधिकारियों को पंजीयन के सत्यापन का कार्य तत्परता से करने के लिये निर्देशित किया गया है।

“ग्राम स्वराज अभियान-सबका साथ, सबका गांव, सबका विकास कार्यक्रम”

“ग्राम स्वराज अभियान-सबका साथ, सबका गांव, सबका विकास कार्यक्रम” 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   14 अप्रैल, 2018 से 05 मई, 2018 तक “ग्राम स्वराज अभियान- सबका साथ, सबका गांव, सबका विकास कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना, गरीब परिवारों तक पहुंच कायम करना और केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों से वंचित रह गए सभी लोगों को इनके दायरे में लाकर लाभान्वित करना है।
   ग्राम स्वराज अभियान के दौरान 21058 गांवों के लिए विशेष पहल शुरू की जा रही है। इसमें चुनावी राज्य कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के गांव शामिल नहीं हैं। इस अभियान के अंतर्गत गरीब समर्थक पहलों में उज्ज्वला योजना, मिशन इन्द्रधनुष, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना, उजाला, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का शत प्रतिशत आच्छादन किया जाएगा।
   14 अप्रैल, 2018 को अंबेडकर जयंती, ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत मनाई जाएगी। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी बीजापुर से शुभारम्भ करेंगे। इस दिन डॉ. अंबेडकर के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जाति, आय प्रमाण-पत्र और छात्रवृत्ति के लिए पंजीकरण किए जाएंगे और बैंक खातों को आधार से जोड़ा जाएगा। यह कार्यक्रम सभी स्थानों पर संपन्न होगा और प्रधानमंत्री जी के भाषण का सीधा प्रसारण किया जावेगा।
   18 अप्रैल, 2018 को स्वच्छ भारत पर्व के तहत ग्राम स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन प्रत्येक गांव में सफाई अभियानों का आयोजन होगा। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों के बारे में जागरूकता का प्रसार किया जाएगा और इससे संबंधित गतिविधियां की जाएंगी।
20 अप्रैल, 2018, उज्ज्वला पंचायत के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन 15000 स्थनो पर एलपीजी कनेक्शन बांटे जाएंगे। इसके अलावा, सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।
   पंचायती राज दिवस, 24 अप्रैल, 2018को राष्ट्रीय एवं ग्राम सभा स्तर परके अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी का मंडला मध्यप्रदेश से संबोधन होगा, जिसका सीधा प्रसारण ग्राम सभाओं में किया जाएगा। इस दिन राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस दिन प्रत्येक गांव में “स्थानीय सरकार निर्देशिका’ (एलजीडी) का ई-लांच किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन होगा और सार्वजनिक सूचना अभियान आयोजित किए जाएंगे।
   28 अप्रैल, 2018 का दिन “ग्राम शक्ति अभियान’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन जिला मुख्यालय स्तर पर ईईएसएल द्वारा एलईडी बल्बों की बिक्री  की जाएगी और सौभाग्ययोजना पर कियोस्क, स्टॉल एवं काउंटर लगाए जाएंगे। इस बारे में अनुभव साझा किए जाएंगे और ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
   30 अप्रैल, 2018 को “आयुष्मान’ भारत के अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर लाभार्थियों की सूची का प्रमाणीकरण किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जाएगी और प्रक्रिया के बारे में लोगों को शिक्षित किया जाएगा।
   02 अप्रैल, 2018 “किसान कल्याण कार्यशाला’ के लिए निर्धारित किया गया है। इस दिन ब्लॉक स्तर पर किसानों की आय दुगुनी करने की कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
   05 मई, 2018 को आजीविका और कौशल विकास मेलों का 4000 ब्लाकों एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इस दिन एक लाख महिलाएं एवं युवक सफलता की कहानियां- रोल मॉडल पर आधारित समारोह मनायेंगे।
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि जिले में पुष्पराजगढ़ जनपद के अंतर्गत करौंधी, जरही, उमनिहाँ,बांकुर और बेलगवाँ मे ग्राम स्वराज अभियान 14 अप्रैल से 5 मई तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अजय शर्मा द्वारा अभियान के सफलता पूर्वक क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अभियान के अन्तर्गत निर्धारित तिथियों पर विशिष्ट आयोजन करने के लिये सम्बन्धित विभागों के अधिकारी व्यवस्थाएं जिला, जनपद, ग्राम स्तर पर करेंगे। आपने बताया कि स्वच्छ भारत के कार्यक्रम के लिये 18 अप्रैल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा। उज्ज्वला दिवस 20 अप्रैल के कार्यक्रम के लिये खाद्य विभाग नोडल विभाग रहेगा। राष्ट्रीय पंचायतराज दिवस कार्यक्रम के लिये 24 अप्रैल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा। ग्राम स्वराज दिवस के दिन 28 अप्रैल के कार्यक्रमों के लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सौभाग्य योजना के लिये सहयोगी ऊर्जा विभाग नोडल विभाग रहेंगे। आयुष्मान भारत दिवस 30 अप्रैल के कार्यक्रमों के लिये लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नोडल विभाग रहेगा। किसान कल्याण दिवस 2 मई के कार्यक्रमों के लिये कृषि विभाग नोडल विभाग रहेगा एवं आजीविका दिवस 5 मई के कार्यक्रमों के लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा सहयोगी तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा।

ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ प्रदाय किया जाना करे सुनिश्चित

ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ प्रदाय किया जाना करे सुनिश्चित 

अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने ग्राम स्वराज के लिए आयोजित विशेष बैठक मे उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, जीवन ज्योति योजना, जीवन सुरक्षा बीमा योजना एवं मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत पुष्पराजगढ़ जनपद के अंतर्गत करौंधी, जरही, उमनिहाँ, बांकुर और बेलगवाँ मे सभी पात्र हितग्राहियों की शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। बैठक मे अपर कलेक्टर डॉ. आरपी तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वस्थ्य अधिकारी डॉ. आर पी श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।

बाल विवाह अपराध, सेवा प्रदाता भी हैं सजा के भागीदार - कलेक्टर श्री अजय शर्मा

बाल विवाह अपराध, सेवा प्रदाता भी हैं सजा के भागीदार - कलेक्टर श्री अजय शर्मा 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   18 अप्रैल को अक्षय तृतीया एवं उस दिन बहुतायत मे होने वाले विवाहों का संज्ञान लेते हुए, तहसीलदारों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को आवश्यक निगरानी के निर्देश दिए हैं। आपने कहा कि बाल विवाह रोकना एवं इसे हतोत्साहित करना हर समझदार और कानूनप्रिय व्यक्ति की जिम्मेदारी है, इसलिये यह अवश्य सोचें कि कहीं आप 18 वर्ष से कम उम्र की लाडली बिटिया का विवाह करके उसकी जिंदगी अनजाने जोखिम में डालने तो नहीं जा रहे हैं। आपने अक्षय तृतीया एवं विशेष तिथियों मे जिले के सामूहिक विवाह कराने वाले आयोजकों, सभी धर्मगुरू, समाज के मुखिया, हलवाई, केटरर, बैंडवाला, घोड़ीवाला, ट्रांसपोर्ट, प्रिंटिंग प्रेस के प्रबंधक, ब्यूटी पार्लर, संचालक मंगल भवन और अन्य संबंधितों से कहा है कि वे किसी विवाह या समारोह में शामिल होने से पहले यह अवश्य देख लें कि कहीं वो बाल विवाह तो नहीं है। यदि बाल विवाह हो तो इसे रोकने में शासन का सहयोग करें।
   आपने कहा कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम में दंड प्रावधान के अंतर्गत बालिका की आयु 18 वर्ष और बालक की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होना चाहिये। अधिनियम अनुसार ऐसे विवाह में शामिल प्रत्येक व्यक्ति सजा का भागीदार होता है चाहे वह विवाह में सेवा देने वाले सेवा प्रदाता ही क्यों न हों। बाल विवाह कराने पर 2 वर्ष की सजा व 1 लाख तक का जुर्माना या इससे भी अधिक हो सकता है।

बीते 24 घंटे में 8.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

बीते 24 घंटे में 8.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज 

अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
    अधीक्षक भू-अभिलेख अनूपपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में बीते 24 घंटे में 15 अप्रैल 2018 को 8.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान वर्षामापी केन्द्र अनूपपुर में 22.4, जैतहरी में 17, पुष्पराजगढ़ में 19, अमरकंटक में 3.2, वेंकटनगर में 4.3, बेनीबारी में 1.5 मिलीमिटर वर्षा दर्ज की गई है।

पंचायत पदाधिकारियो का राष्ट्रीय सम्मेलन 24 अप्रैल को मण्डला में

पंचायत पदाधिकारियो का राष्ट्रीय सम्मेलन 24 अप्रैल को मण्डला में 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि पंचायत पदाधिकारियो का राष्ट्रीय सम्मेलन 24 अप्रैल को मण्डला में आयोजित किया जाएगा। आप ने बताया कि सम्मेलन में सम्पूर्ण देश से पंचायत के प्रतिनिधि आएगे। सम्मेलन में विभिन्न प्रदेशों में ग्रामीण स्वशासन के प्रयोगो एवं कार्यप्रणाली पर चर्चा की जाएगी। अनूपपुर जिले से भी पंचायत के प्रतिनिधि उक्त कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

"सफलता की कहानी" नर्मदा नदी को अविरल एवं स्वच्छ बनाने एक साथ उठे हजारो हाथ

"सफलता की कहानी" नर्मदा नदी को अविरल एवं स्वच्छ बनाने एक साथ उठे हजारो हाथ  
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
  
   प्राचीन काल से ही हमारी संस्कृति में नदी, पहाड, पेड, पौधों की पूजा का प्रचलन रहा है। उसके पीछे अवधारणा थी कि जिन पर जीपन आश्रित है, उनका संरक्षण सभी लोग यानी कि समाज मिलकर करें। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की भी यही प्रबल धारणा है कि जो कार्य समाज के सहयोग से किये जाते है, उनके परिणाम स्थायी होते हैं।
   सप्त ऋषियों की तपस्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में मध्यप्रदेश की जीवन रेखा मॉ नर्मदा नदी की धारा को अविरल बनाने तथा स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, जन अभियान परिषद एवं नगर पंचायत अमरकंटक के संयुक्त तत्वाभियान में विगत 15 अप्रैल 2018 से सातवां अभियान शुरु किया गया। अभियान को सफल बनाने हजारों हाथ एक साथ उठ खडे हुए। चाहे वे साधु संत हों, चाहे व्यापारी हों, चाहे आम नागरिक हों और चाहे वे तीर्थयात्री हों या पर्यटक हों।
   अभियान के प्रथम दिन हजारों लोगों ने अपनी जोर अजमाइश की। सबसे पहले सावित्री सरोवर एवं मां नर्मदा मंदिर के पीछे की सफाई की गई। अभियान के दौरान नगर पंचायत अमरकंटक की अध्यच श्रीमती प्रभा पनारिया, वन विद्यालय अमरकंटक के प्रशिक्षुओं, नाई उडान सामाजिक संस्था के प्रतिनिणियों, प्रस्फुटन समिति के सदस्यों,स्थानीय व्यापारियों सहित सब लोगों ने प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक अपनी जोर अजमाइश की। अभियान के संचालन में महिलायें भी पीछे नहीं रहीं। अभियान की सफलता से प्रोत्साहित होकर इसे तीन दिवसीय स्वरुप प्रदान किया गया। इस पूरे अभियान का ताना बाना जिला जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पाण्डेय पुष्पराजगढ जनपद के जन अभियान परिषद के खण्ड समन्वयक श्री बुजेन्द्र मिश्रा ने रची। जिसे अमलीजामा पहनाने में जनता भी पीछे नही रही।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें