Monday, April 16, 2018

“ग्राम स्वराज अभियान-सबका साथ, सबका गांव, सबका विकास कार्यक्रम”

“ग्राम स्वराज अभियान-सबका साथ, सबका गांव, सबका विकास कार्यक्रम” 
 
अनुपपुर | 16-अप्रैल-2018
 
   14 अप्रैल, 2018 से 05 मई, 2018 तक “ग्राम स्वराज अभियान- सबका साथ, सबका गांव, सबका विकास कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना, गरीब परिवारों तक पहुंच कायम करना और केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों से वंचित रह गए सभी लोगों को इनके दायरे में लाकर लाभान्वित करना है।
   ग्राम स्वराज अभियान के दौरान 21058 गांवों के लिए विशेष पहल शुरू की जा रही है। इसमें चुनावी राज्य कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के गांव शामिल नहीं हैं। इस अभियान के अंतर्गत गरीब समर्थक पहलों में उज्ज्वला योजना, मिशन इन्द्रधनुष, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना, उजाला, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का शत प्रतिशत आच्छादन किया जाएगा।
   14 अप्रैल, 2018 को अंबेडकर जयंती, ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत मनाई जाएगी। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी बीजापुर से शुभारम्भ करेंगे। इस दिन डॉ. अंबेडकर के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जाति, आय प्रमाण-पत्र और छात्रवृत्ति के लिए पंजीकरण किए जाएंगे और बैंक खातों को आधार से जोड़ा जाएगा। यह कार्यक्रम सभी स्थानों पर संपन्न होगा और प्रधानमंत्री जी के भाषण का सीधा प्रसारण किया जावेगा।
   18 अप्रैल, 2018 को स्वच्छ भारत पर्व के तहत ग्राम स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन प्रत्येक गांव में सफाई अभियानों का आयोजन होगा। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों के बारे में जागरूकता का प्रसार किया जाएगा और इससे संबंधित गतिविधियां की जाएंगी।
20 अप्रैल, 2018, उज्ज्वला पंचायत के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन 15000 स्थनो पर एलपीजी कनेक्शन बांटे जाएंगे। इसके अलावा, सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।
   पंचायती राज दिवस, 24 अप्रैल, 2018को राष्ट्रीय एवं ग्राम सभा स्तर परके अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी का मंडला मध्यप्रदेश से संबोधन होगा, जिसका सीधा प्रसारण ग्राम सभाओं में किया जाएगा। इस दिन राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस दिन प्रत्येक गांव में “स्थानीय सरकार निर्देशिका’ (एलजीडी) का ई-लांच किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन होगा और सार्वजनिक सूचना अभियान आयोजित किए जाएंगे।
   28 अप्रैल, 2018 का दिन “ग्राम शक्ति अभियान’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन जिला मुख्यालय स्तर पर ईईएसएल द्वारा एलईडी बल्बों की बिक्री  की जाएगी और सौभाग्ययोजना पर कियोस्क, स्टॉल एवं काउंटर लगाए जाएंगे। इस बारे में अनुभव साझा किए जाएंगे और ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
   30 अप्रैल, 2018 को “आयुष्मान’ भारत के अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर लाभार्थियों की सूची का प्रमाणीकरण किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जाएगी और प्रक्रिया के बारे में लोगों को शिक्षित किया जाएगा।
   02 अप्रैल, 2018 “किसान कल्याण कार्यशाला’ के लिए निर्धारित किया गया है। इस दिन ब्लॉक स्तर पर किसानों की आय दुगुनी करने की कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
   05 मई, 2018 को आजीविका और कौशल विकास मेलों का 4000 ब्लाकों एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इस दिन एक लाख महिलाएं एवं युवक सफलता की कहानियां- रोल मॉडल पर आधारित समारोह मनायेंगे।
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि जिले में पुष्पराजगढ़ जनपद के अंतर्गत करौंधी, जरही, उमनिहाँ,बांकुर और बेलगवाँ मे ग्राम स्वराज अभियान 14 अप्रैल से 5 मई तक आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री अजय शर्मा द्वारा अभियान के सफलता पूर्वक क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अभियान के अन्तर्गत निर्धारित तिथियों पर विशिष्ट आयोजन करने के लिये सम्बन्धित विभागों के अधिकारी व्यवस्थाएं जिला, जनपद, ग्राम स्तर पर करेंगे। आपने बताया कि स्वच्छ भारत के कार्यक्रम के लिये 18 अप्रैल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा। उज्ज्वला दिवस 20 अप्रैल के कार्यक्रम के लिये खाद्य विभाग नोडल विभाग रहेगा। राष्ट्रीय पंचायतराज दिवस कार्यक्रम के लिये 24 अप्रैल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा। ग्राम स्वराज दिवस के दिन 28 अप्रैल के कार्यक्रमों के लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सौभाग्य योजना के लिये सहयोगी ऊर्जा विभाग नोडल विभाग रहेंगे। आयुष्मान भारत दिवस 30 अप्रैल के कार्यक्रमों के लिये लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नोडल विभाग रहेगा। किसान कल्याण दिवस 2 मई के कार्यक्रमों के लिये कृषि विभाग नोडल विभाग रहेगा एवं आजीविका दिवस 5 मई के कार्यक्रमों के लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा सहयोगी तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें