Monday, April 2, 2018

शासन अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति के अधिकारों की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध - श्री चौहान

शासन अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति के अधिकारों की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध - श्री चौहान 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज हुए भारत बंद का संज्ञान लेते हुए जनता से अनुरोध किया है कि कृपया शांति बनाये रखें। आपने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा आज सुप्रीम कोर्ट में पुनरीक्षण याचिका फाईल कर दी गई है। आपने कहा शासन अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति के अधिकारों की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध है।  कलेक्टर श्री अजय शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैष्णव शर्मा ने अनूपपुर जिले के समस्त नागरिकों से शांति बनाये रखने की अपील की  है। 

रिहा हुए बंदियों को अंत्योदय योजना में मिलेगा रोजगार - राज्य मंत्री श्री सारंग

रिहा हुए बंदियों को अंत्योदय योजना में मिलेगा रोजगार - राज्य मंत्री श्री सारंग 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री विश्वास सारंग ने कहा है कि जेल से रिहा होने वाले अच्छे चरित्र और रोजगार के इच्छुक बंदियों को सहकारिता विभाग की अंत्योदय योजना में सहकारी समितियों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाया जायेगा। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन से ऐसे बंदियों की सूची प्राप्त कर इनकी समितियाँ गठित करवाई जा रही हैं। अंत्योदय योजना के तहत यह नवाचारी पहल की गई है। श्री सारंग गत दिवस भोपाल की केन्द्रीय जेल में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षण के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
    श्री सारंग ने कहा कि व्यक्ति सजा पूरी करने के बाद वापस समाज की मुख्य धारा से जुड़ सके, उसके लिये रोजगार का संकट उत्पन्न न हो। इसके लिये ही सहकारिता विभाग ने अंत्योदय योजना में समितियों के माध्यम से रिहा हुए बंदियों को रोजगार उपलब्ध करवाने की पहल की है। समितियों के लिये बैंकों से पूँजी की व्यवस्था की गई है।
    राज्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए जीना ही जीवन की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि बंदी समाज की मुख्य धारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने का संकल्प लें। निजी स्वार्थों को छोड़कर दूसरों के हितों और इच्छाओं का सम्मान करें। 
    केन्द्रीय जेल में आयोजित प्रिजन स्मार्ट पार्ट-2 प्रशिक्षण में डीआईजी (आईटीवीपी) एवं आर्ट ऑफ लिविंग प्रशिक्षण के प्रभारी श्री राज किशोर, मुख्य प्रशिक्षक श्री अजय वलेचा, जेल उप अधीक्षक श्री पी.डी. श्रीवास्तव ने आर्ट ऑफ लिविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण के समापन कार्यक्रम में बंदियों ने अपने अनुभव भी साझा किये। 

नगरीय निकायों के कर्मचारियों की सेवा-निवृत्ति आयु हुई 62 वर्ष

नगरीय निकायों के कर्मचारियों की सेवा-निवृत्ति आयु हुई 62 वर्ष 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
  
   मध्यप्रदेश नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 तथा मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 के अन्तर्गत नियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों की अधि-वार्षिकी आयु (सेवा-निवृत्ति) अब 60 वर्ष के स्थान पर 62 वर्ष होगी।
   नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कर्मचारी कल्याण और जनहित के दृष्टिकोण से लिए गये इस निर्णय को नगरीय विकास एवं आवास विभाग में भी तत्परता से लागू किया गया है। इसके लिए राज्यपाल द्वारा अध्यादेश जारी कर दिया गया है।

श्रमिकों के पंजीयन में सहयोग करें आम नागरिक - मंत्री डॉ. मिश्र

श्रमिकों के पंजीयन में सहयोग करें आम नागरिक - मंत्री डॉ. मिश्र 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
   जनसम्पर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सात दिवसीय पंजीयन अभियान का शुभारंभ किया। डॉ. मिश्र ने इस मौके पर लोगों का आव्हान किया कि प्रत्येक नागरिक अपने मोहल्ले, बस्ती और ग्राम के श्रमिकों के पंजीयन फार्म भरवाने में सहयोग करे। कार्यक्रम में श्री विक्रम सिंह बुन्देला सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
   प्रशासन और मीडिया का सम्मान - दतिया के रावतपुरा कॉलेज में जिले के अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि दतिया में जनकल्याण और विकास की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है। अपराधों पर नियंत्रण कायम हुआ है। पर्यटन विकास के लिये सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में चार धाम स्थापित कर धार्मिक पर्यटन बढ़ाने की पहल हुई है। माँ पीताम्बरा मंदिर के साथ ही उनाव बालाजी, रतनगढ़ और सनकुआ में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है।

पुराने पट्टों पर बने मकान-दुकानों का नियमितीकरण होगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान

पुराने पट्टों पर बने मकान-दुकानों का नियमितीकरण होगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान 
मुख्यमंत्री निवास में हर्षोल्लास से मना चैटी-चंड 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018

 
   
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विस्थापितों के पुराने पट्टों पर बने मकान और दुकानों का नियमितीकरण होगा। पुराने कब्जों को भी पट्टा देकर वैध किया जायेगा। नामांतरण, विक्रय और बंटवारे के अधिकार भी होंगे। श्री चौहान चैटी चंड महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। चैटी चंड महोत्सव का आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजन किया गया था। यहां भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव समारोह पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आमंत्रित सिंधी समाज के सदस्यों को चैटी चंड की शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी मौजूद थीं।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भोपाल के 13 गांवों में लगी भूमि के नामांतरण, बंटवारे और विक्रय पर रोक हटा ली गई है। आठ गांवों को दिये गये नोटिस को भी वापस लिया गया है। भूमि के उपयोग का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि सिन्धी संस्कृति भारतीय संस्कृति की माथे की बिन्दी है। हजारों साल पहले सिन्धु नदी तट पर विकसित सभ्यता हिन्दु सभ्यता है। जब आधुनिक उन्नत प्रगतिशील देश सभ्यता के आरंभिक चरण में थे तब भारत में वेदों की ऋचायें रची जा रही थीं। उन्होंने कहा कि सिन्धु संस्कृति ने मानव जाति को नई ऊंचाईयां दी हैं। मानवता को धन्य करने वाले संत दिये हैं। प्रदेश और देश के विकास और समृद्धि में उनका अतुलनीय योगदान है। सिन्धी सहित्य और भाषा संरक्षण के कार्य किये जायेंगे।
    श्री चौहान ने कहा कि सिन्धी वीर और पुरुषार्थी समाज है। भारत विभाजन की विभीषिका के दौरान विस्थापन का दु:ख और दर्द झेला हैं। उन्हें अब कोई कष्ट और दर्द नहीं रहेगा। कहीं जाने की जरुरत नहीं है। नागरिता के अधिकार दिये जा रहे हैं। यह देश-प्रदेश उनका है। इसे प्रगति के पथ पर ले जाने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। उन्होंने भगवान झूलेलाल के चरणों में नमन करते हुये सबकी सुख-समृद्धि, रिद्धि-सिद्धी की कामना की। मुख्यमंत्री को पाकिस्तान से आये सिन्धी परिवारों की बालिकाओं ने रक्षा सूत्र बांधा। श्री चौहान ने सिन्धी समाज के चैटी-चंड पर्व के आनंद और उल्लास में उमंग के साथ भागीदारी की। समाज के सदस्यों के साथ समूह नृत्य में भी शामिल हुए।
    कार्यक्रम में श्री जतिन उदासी और सुश्री मंजूश्री ने सिन्धी गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में इन्दौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह चौहान, विधायक श्री अशोक रोहाणी, सिन्धु सभा के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लधाराम नागवानी, मध्यप्रदेश सिन्धु सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री भगवानदास सबनानी, सिन्धी पंचायत भोपाल के अध्यक्ष श्री भगवानदेव इसराणी, पूर्व विधायक श्री शिवा कोटवानी विभिन्न धर्म गुरु, संत महात्मा, प्रबुद्ध नागरिक और प्रदेश के विभिन्न अंचलों के सिन्धी समाज के सदस्य उपस्थित थे।

निगम, मंडल, कोर्ट, प्राधिकरण में भी सेवा-निवृत्ति आयु 62 साल होगी - मुख्यमंत्री श्री चौहान

निगम, मंडल, कोर्ट, प्राधिकरण में भी सेवा-निवृत्ति आयु 62 साल होगी - मुख्यमंत्री श्री चौहान 
युवाओं के लिए पद सृजित होंगे, एक लाख पदों पर होगी भर्ती, संविदा व्यवस्था समाप्त होगी, कर्मचारी संगठनों ने किया मुख्यमंत्री श्री चौहान का अभिनंदन 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
   मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गत दिवस भोपाल में  कर्मचारियों-अधिकारियों के संगठनों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा-निवृत्ति की आयु 60 से बढ़कर 62 वर्ष करने से युवाओं को शासकीय नौकरियों में भर्ती के अवसरों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस निर्णय के कारण जितने पद लगेंगे, उतने पद अलग से सृजित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि एक लाख पदों पर युवाओं की भर्ती की जाएगी। नये पदों में कोई कटौती नहीं की जायेगी। साढ़े सात लाख युवाओं को इसी साल स्व-रोजगार से लगाया जाएगा। श्री चौहान ने निगम-मंडलों, कोर्ट, प्राधिकरणों में भी सेवा-निवृत्ति की आयु 62 वर्ष करने की घोषणा की।
   मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्दी ही सहकारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। संविदा कर्मियों का सम्मेलन भी बुलाया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन 8 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों-अधिकारियों की गरिमा और सम्मान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जायेगा। शिक्षा-मित्र ई-उपस्थिति के संदर्भ में उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अपमानजनक शर्त लागू नहीं होने देंगे। कर्मचारी अपने कर्तव्य का पालन करते रहें, उनके सम्मान का ख्याल रखा जाएगा।
   श्री चौहान ने कहा कि 31 हजार शिक्षकों, सहायक शिक्षकों और व्याख्याताओं की भर्ती की जाएगी। इसके लिए अप्रैल के आखिरी सप्ताह में सूचना जारी होगी। इसके बाद 31 हजार शिक्षकों की और भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि 1800 चिकित्सकों की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा, 2500 एएनएम, स्टाफ नर्स और 14 हजार आरक्षक की भर्ती हो रही है। इसके अतिरिक्त 8 हजार आरक्षकों की नई भर्ती और की जाएगी। सब इंस्पेक्टर, नायब तहसीलदार सहित एक लाख पदों पर भर्ती की जाएगी।
   मुख्यमंत्री ने कहा कि साल सेवा-निवृत्ति की आयु 62 साल तक बढ़ाने के बाद युवाओं के लिए नए पद सृजित किये जाएंगे। इस निर्णय के कारण युवाओं के नौकरी के अवसरों पर प्रभाव नहीं पड़ेगा। युवा चिंता न करें, उन्हें नौकरी के पर्याप्त अवसर मिलेंगे।
   मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रमोशन का मामला विचाराधीन होने के कारण शासकीय कर्मचारियों-अधिकारियों के प्रमोशन रुके हुए थे। उसके कारण एक वेदना और दर्द था कि कई शासकीय कर्मचारी बिना प्रमोशन के रिटायर हो गए। इस स्थिति के लिए कर्मचारियों का कोई दोष नहीं था। उन्होंने कहा कि जो लोग रिटायर हो चुके हैं, उनके संबंध विचार किया जाएगा कि उन्हें पदोन्नति का लाभ किस प्रकार मिले। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों के समय केंद्र के समान डी.ए. लेने में भी संघर्ष करना पड़ता था। अब यह निर्णय लिया गया है कि जब भी केंद्र डी.ए. बढ़ाएगा, राज्य सरकार उसके अनुसार ही डी.ए. बढ़ा देगी।
   श्री चौहान ने संविदा की व्यवस्था को अन्याय पूर्ण बताते हुए कहा कि इसे समाप्त कर दिया जाएगा। प्रदेश भर से विभिन्न कर्मचारियों-अधिकारियों के संगठनों ने बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मध्यप्रदेश निगम-मंडल कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष श्री अजय श्रीवास्तव नीलू ने किया।

किसानों को मेहनत का पूरा लाभ और सम्मान मिलेगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान

किसानों को मेहनत का पूरा लाभ और सम्मान मिलेगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान 
शस्त्र लायसेंस नवीनीकरण फीस माफ करने की घोषणा, मुख्यमंत्री ने मुरैना में की किसान सम्मान यात्रा की अगवानी 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
   मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की मेहनत से ही प्रदेश को पांच बार कृषि कर्मण अवार्ड मिला है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता ही खुश नहीं होगा, तो प्रदेश कैसे सुखी हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई क्षमता 40 लाख हेक्टेयर है। वर्ष 2025 तक सिंचाई क्षमता 80 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिये सरकार कई योजनाएँ संचालित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अब फसल का मूल्य निर्धारण करने के लिए प्रदेश स्तर पर  समिति गठित की गई है। फसलों के निर्यात के लिए कृषि उत्पाद निर्यात एजेंसी बनाई जा रही है।
   श्री चौहान ने कहा कि किसान के घाटे की भरपाई प्रदेश सरकार करेगी। किसी भी आपदा से किसान की फसल को 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान होता है, तो उसे प्रति हेक्टेयर 30 हजार की राहत राशि दी जाएगी। असंगठित श्रमिक कल्याण योजना में ढाई एकड़ से कम भूमि वाले किसान को भी शामिल किया गया है। चंबल क्षेत्र के विकास के लिए सरकार किसानों के साथ है। चंबल नहर का पानी पूरे चंबल रीजन में पहुँचाया जा रहा है। चंबल के बीहड़ों को गुलजार करने के लिए चंबल एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है। इसी के साथ चंबल रीजन में आर्मी की भर्ती के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान यात्रा का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ देना तथा खेती को लाभ का धंधा बनाना है। यात्रा प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी और किसानों का सम्मान करेगी।
   किसानों को मिलेंगे पूर्व वर्ष के 200 रूपए - मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष के पंजीकृत किसानों को भी 200 रूपए प्रति क्विंटल के मान से उनके खाते में राशि प्रदान की जायेगी। जानकारी एसएमएस के माध्यम से किसानों को दी जायेगी। किसानों द्वारा खाता नम्बर में कोई परिवर्तन किया गया है, तो वे इसमें संशोधन करा सकते हैं। राशि किसानों को 16 अप्रैल को प्रदान की जायेगी।
   किसान समृद्धि योजना में मिलेंगे 265 रूपए - श्री चौहान ने कहा कि किसानों को किसान समृद्धि योजना के तहत 265 रूपए प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। कोई कृषक समर्थन मूल्य पर गेंहू की फसल अगर मंडी में बेचता है, तब भी उसे प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी।
   अल्पकालीन फसल ऋण की देय तिथि अब 27 अप्रैल - मुख्यमंत्री ने कहा कि खरीफ वर्ष 2017 में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों द्वारा जीरो प्रतिशत ब्याज पर वितरित अल्पावधि फसल ऋण की देय तिथि 28 मार्च से बढ़ाकर 27 अप्रैल कर दी गई है। किसानों के हितों को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि कार्य से जुड़े युवा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगायें। इसके लिए सरकार 10 लाख से लेकर 2 करोड़ रूपये तक लोन दिलवाएगी। लोन की गारंटी भी सरकार देगी। योजना में 15 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा और 7 वर्ष तक ब्याज सरकार भरेगी।
   केन्द्रीय पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्ष 2003 के पहले गेंहू उत्पादन में लोग पंजाब और हरियाणा का नाम लिया करते थे। आज मध्यप्रदेश इस क्षेत्र में देश में नम्बर वन प्रदेश बन गया है।  सांसद श्री नन्द कुमार चौहान ने भी समारोह को संबोधित किया।

पत्रकारों की सुरक्षा का कानून बनाने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी

पत्रकारों की सुरक्षा का कानून बनाने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी 
मीडिया महोत्सव 2018 में मुख्यमंत्री श्री चौहान की घोषणा 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिये कानून बनाने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। वे गत दिवस भोपाल के मीडिया महोत्सव 2018 के अंतर्गत आयोजित भारत की सुरक्षा, मीडिया, विज्ञान एवं तकनीकी की भूमिका विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित कर रहे थे।
    श्री चौहान ने कहा कि व्यापक अर्थ में राष्ट्रीय सुरक्षा में महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और गरीबों की सुरक्षा भी शामिल है। उन्होने कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी बढ़ गई है। श्री चौहान ने कहा कि बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के मानव अधिकार नहीं होते। इनका महिमामंडन किसी भी हाल में नहीं होना चाहिये। उन्होंने कहा कि बेटियों की गरिमा को धूमिल करने वालों को फांसी देने का कानून बनाया गया है। श्री चौहान ने कहा कि झूठी खबरों से भी सावधान रहने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा की जरूरत होती है। इसलिये श्रमिकों को जमीन और घर देने तथा महिलाओं को सुरक्षा देने जैसे कदम उठाये गये हैं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में चुनावों की तैयारियां चलती रहती हैं और सरकारों को विकास पर फोकस करने के लिय कम समय मिल पाता है। इसीलिये लोक सभा और विधान सभा के चुनावों को एक साथ कराने पर चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि मीडिया को भी इस विषय पर विचार करना चाहिये। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर श्री निखिल दवे की किताब अंतस यात्रा और श्री ओम प्रकाश की किताब सृजन समुच्चय का लोकार्पण किया।

राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय प्रासंगिक तथा सम-सामयिक है- राज्यपाल

राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय प्रासंगिक तथा सम-सामयिक है- राज्यपाल 
मीडिया महोत्सव पूर्णाहुति सत्र का आयोजन 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
   राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने गत दिवस मीडिया महोत्सव-2018 को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा को अपना केन्द्रीय विषय बनाना न सिर्फ प्रासंगिक है बल्कि सम-सामयिक भी है। भारत की सुरक्षा की जितनी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और सुरक्षा बलों की है उससे कम जिम्मेदारी पत्रकारों की नहीं है क्योंकि पत्रकार ही वह माध्यम होता है जो जनता को सूचनाएं प्रेषित करता है।
   राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने कहा कि ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना और सूचना तकनीक का महत्व सर्वाधिक है। सूचना और संचार के क्षेत्र में नित्य नई खोजें हो रही हैं। यह एक प्रकार से संचार-क्रांति का दौर कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि संचार माध्यमों और संचारकों का उद्देश्य ही ज्ञानयुक्त, शिक्षित, जागरूक और संवेदनशील समाज का निर्माण है। यह तभी संभव है जब ये गुण माध्यमों और संचारकों में भी विद्यमान हों। मीडिया चौपाल का उद्देश्य भी है कि समाज की जरूरतों के लिहाज से विकास, विज्ञान, पर्यावरण, संस्कृति और गैर राजनीतिक आदि संदेशों को भी वाजिब स्थान और समय मिले। मीडिया के अंदरूनी प्रतिस्पर्धा से भी कभी-कभी कुछ समाचारों को ज्यादा असरकारक ढंग से दिखाया जाता है, जिससे विवादास्पद स्थिति निर्मित होने का डर रहता है।
   राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक श्री इंद्रेश कुमार ने कहा कि हमने भारत की 126 करोड़ जनता के सामने एक सपना रखा है कि हम एक नया भारत बनायेंगे। उन्होंने कहा कि भारत एकता,शांति और अहिंसा का पक्षधर है यहां गोली-बारी की जगह नहीं है। हमारे देश में विकास ही एक मात्र मुददा है। हमारा संविधान विश्व का सबसे लोकप्रिय संविधान है।
   वरिष्ठ विचारक एवं चिंतक श्री के.एन.गोविन्दाचार्य ने कहा कि भारत कोई भूखण्ड नहीं है। भारत एक सभ्यता और अखंड राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि भारत को पश्चिमी नजरिये से देखना बंद करना चाहिए, उसे भारत की ही नजर से देखना होगा। इसलिए मीडिया को सही बात बोलना चाहिए। आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री एस.के.राऊत ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजक अनिल सौमित्र ने स्वागत भाषण दिया।

गोकुल महोत्सव रथ को विधायक अनूपपुर श्री रामलाल रौतेल ने हरी झण्डी दिखाई

गोकुल महोत्सव रथ को विधायक अनूपपुर श्री रामलाल रौतेल ने हरी झण्डी दिखाई 
14 दलों द्वारा समस्त 576 ग्रामो का किया जायेगा भ्रमण 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    ‘‘स्वस्थ रहे पशुधन किसान कमायें दुगुना धन‘‘ उक्त सोच पर गोकुल महोत्सव कार्यक्रम आधारित है। महोत्सव में पशुओ (गो वंश एवं भैंस वंश) के बेहतर रख रखाव के प्रति ग्रामीणो को जागरूक करने, पशु विभाग द्वारा चल रही योजनाओ की विस्तृत जानकारी देने के लिए जिले मे 2 अप्रैल से लेकर 10 मई तक गोकुल महोत्सव के अंतर्गत अभियान चलाया जायेगा। गोकुल महोत्सव रथ को आज अनूपपुर जिला मुख्यालय से विधायक अनूपपुर श्री रामलाल रौतेल ने हरी झण्डी दिखाकर शुभकांमनाओं के साथ रवाना किया। आपने कहा कि कृषि के विकास के लिये शासन तत्पर है। पशुपालन कृषि का एक महत्वपूर्ण अंग हैं, उन्नत तकनीकी एवं प्रबंधन से यह अच्छी आय  का साधन बन सकता है। आपने जिले के समस्त पशु पालकों से अपील कि है कि आयोजित शिविर में पशुओं को लेकर आये एवं अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।
    उप संचालक पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा श्री चौहान ने बताया कि महोत्सव में दुधारू पशुओं गाय, भैंस, बकरी आदि के स्वास्थ की देखभाल, संरक्षण और विशेषकर उन्नत नस्लों के प्रबंधन के लिए जानकारी दी जावेगी। जिले के समस्त 576 ग्रामो का भ्रमण करने के लिए 14 दलों का गठन किया गया है। प्रत्येक दल मे पशु चिकित्सक, सर्जन, 2 सहायक पशु सेवा क्षेत्र अधिकारी एवं गो सेवको समेत कुल 10 सदस्य होंगे।इस अभियान मे गाँव मे घर घर जाकर पशुओ (गो वंश एवं भैंस वंश) को स्वास्थ्य सेवाएँ, पशुओं को प्रतिबंधात्मक टीकाकरण कराया जाना एवं उन्नत नस्ल के उद्येश्य से उत्कृष्ट सांडो का बधियाकरण, गाय-भैसों में बांझपन के निवारण के लिए विशेष उपचार, पशुओं को कृमिनाशक औषधियां देकर बीमारी से बचाव आइएनएपीएच(इन्फॉर्मेशन नेटवर्क फॉर एनिमल प्रोडक्टिविटी एंड हैल्थ) के द्वारा पशुओ को आधार नंबर प्रदान करने के साथ साथ हर गाँव मे संगोस्ठी लगाकर पशु सेवा विभाग द्वारा चल रही लाभकारी योजनाओ के बारे मे विस्तार से पशुपालको को बाते जाएगा। आपने यह भी बाते कि इस अभियान मे उपयुक्त पशुओ के कृत्रिम गर्भाधान का कार्य भी किया जाएगा।
    महोत्सव में पशु बीमा कार्य एवं पशुपालन की उन्नत तकनीकि पशुपालन प्रबंधन की विशेष जानकरी भी दी जावेगी। स्टाल फीडिग जिसमे पशुओं को बांध कर खिलाने के महतव को भी समझाया जायेगा। गर्मी के मौसम में हरे चारे की अनुपलब्धता पर भी उसके संरक्षण पशुओं के पौष्टिक आहार दिए जाने के संबंध में जानकारी दी जावेगी। ग्रामवार गोकुल महोत्सव की मॉनिटरिंग संयुक्त संचालक एव उप संचालनालय भोपाल से अधिकारी द्वारा की जावेगी गोकुल महोत्सव में पशुओं का पंजीयन निःशुल्क किया जायेगा। कृत्रिम गर्भाधान की शुल्क राशि लिए जाने के निर्देश संचालनालय भोपाल द्वारा दिये गये है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का हुआ विस्तार अब एसईसीसी सूची के अतिरिक्त भी लोगों को मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का हुआ विस्तार अब एसईसीसी सूची के अतिरिक्त भी लोगों को मिलेगा लाभ 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में हुए विस्तार के फलस्वरूप नये आवेदनों को प्राप्त कर योजनानुसार शीघ्र लाभ प्रदान करने हेतु कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा आपूर्ति अधिकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों को जारी करने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये है। आपने यह भी कहा कि योजाना में विस्तार के फलस्वरूप संबंधित गैंस एजेंसियों के उन्मुखीकरण का कार्य भी शीघ्र कराये। ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मे शासन द्वारा विस्तार किया गया है, नए वित्तीय वर्ष से एसईसीसी सूची के अतिरिक्त भी पात्र हितग्राहियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। आपने बताया कि 5 करोड़ के स्थान पर कुल हितग्राहियों का लक्ष्य बढ़ाकर 8 करोड़ कर दिया गया है। अब एसईसीसी सूची के अतिरिक्त एससी/एसटी परिवारों की समस्त बीपीएल महिलाएं, पीएमएवाई(ग्रामीण) के लाभार्थी,अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थी, अति पिछड़ा वर्ग के सदस्य, वनवासी आदि भी पात्रता की शर्तें पूरी होने के बाद लाभान्वित किया जाएंगे। इस परिवर्तन के आवेदन स्वीकार करने का कार्य  1 अप्रैल से शुरू किया जा चुका है।  

मूल्यांकन केन्द्र अनूपपुर का सहायक आयुक्त जनजातीय विभाग द्वारा किया गया निरीक्षण

मूल्यांकन केन्द्र अनूपपुर का सहायक आयुक्त जनजातीय विभाग द्वारा किया गया निरीक्षण 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018

 
   
   माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. अनूपपुर में मूल्यांकन केन्द्र बनाया गया है। मूल्यांकन कार्य में मंडल नियमानुसार सुचिता गोपनीयता और न्यायपरक दृष्टि होनी चाहिए ताकि किसी भी परीक्षार्थी के साथ अन्याय न हो और सभी परीक्षार्थियों को उनकी मेहनत का सही फल प्राप्त हो। मूल्यांकन कार्य निर्धारित समयावधि में सम्पन्न करने के बाद ही मूल्यांकन केन्द्र छोडने के निर्देश है।
   केन्द्र के औचक निरीक्षण में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री पी.एन.चतुर्वेदी ने मूल्यांकन केन्द्राधिकारी श्री अनिल गुप्ता, प्रेक्षक डॉ. परमानन्द तिवारी, सहायक मूल्यांकन अधिकारी डी. बसंतपुरे से मूल्यांकन कार्य की समीक्षा, केन्द्र में मूल्यांकन की प्रगति की स्थिति, प्रथम दौर में प्राप्त उत्तरपुस्तिकाओं की संख्या की जानकारी ली। अंग्रेजी विषय के मूल्यांकनकर्ता कम होने से समयसीमा में कार्य पूर्ण  करने हेतु अनुपस्थित मूल्यांकनकर्ताओं को नोटिस जारी करने के लिये निर्देश दिये तथा शेष विषयों के मूल्यांकन कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। आपने यह भी निर्देश दिये कि किसी भी मूल्यांकनकर्ता के पास मोबाईल नहीं होना चाहिए।

अवैध कॉलोनियों के नियमितिकरण कार्य 7 अप्रैल से शुरू होगा

अवैध कॉलोनियों के नियमितिकरण कार्य 7 अप्रैल से शुरू होगा 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया है कि नगरीय विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार कॉलोनियों के नियमितिकरण का कार्य 7 अप्रैल से शुरू होकर 15 अगस्त तक पूर्ण किया जायेगा। आपने बताया कि नियमितिकरण कार्य व्यवहारिक के दृष्टिकोण के साथ किया जायेगा। वैधानिक प्रक्रिया द्वारा अवैध कॉलोनियों को नियमित करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा। पूर्व में 31 दिसम्बर, 2012 की अवधि तक स्थापित अवैध कॉलोनियों का नियमितिकरण किया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 31 दिसम्बर 2016 तक की कॉलोनियों के लिये कर दिया गया है। विकास व्यय में रहवासी अंशदान को घटाकर 20 प्रतिशत किया गया है। शेष राशि संबंधित निकाय द्वारा वहन की जायेगी। सांसद और विधायक निधि का भी उपयोग हो सकेगा। रहवासियों को बिजली, पानी, सीवेज जैसी जन सुविधाएँ सामान्य वैध कॉलोनियों की भांति सर्विस प्रभार पर मिलेंगी।
   श्री शर्मा ने उक्त संबंध में जिले के समस्त नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक जानकारियां एकत्रित कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये हैं, जिससे कि कॉलोनियों का नियमितिकरण कर उन्हें आवश्यक आधारभूत सुविधायें प्रदान की जा सकें।

असंगठित श्रमिकों के पंजीयन का कार्य युद्ध स्तर पर करें

असंगठित श्रमिकों के पंजीयन का कार्य युद्ध स्तर पर करें 
अनूपपुर में अब तक 60478 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018

 
   
   राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का अभियान चलाकर पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन करने का उद्देश्य ऐसे श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है, जो योजनाओं के लाभ से वंचित रहे हैं। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने असंगठित क्षेत्र के सभी श्रमिकों से आवश्यक रूप से पंजीयन कराने का आग्रह किया है। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन का कार्य  ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत तथा शहरी क्षेत्र में वार्ड कार्यालय में चल रहा है। पंजीयन के लिए आवेदन प्राप्त कर उसे पूर्ण रूप से भरकर जमा कर पंजीयन करा सकते हैं। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सचिव तथा वार्ड प्रभारी से सम्पर्क कर आवेदन पत्र प्राप्त कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पंजीयन ऑनलाइन जारी किया जाएगा तथा संबंधित के मोबाईल पर मैसेज या वाइस कॉल के माध्यम से पंजीयन की सूचना मिलेगी।
   असंगठित श्रमिकों में कृषि मजदूर, लघु एवं सीमांत कृषक, घरेलू श्रमिक, फेरी लगाने वाले, दुग्ध श्रमिक, मछली पालन श्रमिक, पत्थर तोड़ने वाले, पर्क्की इंट बनाने वाले, गोदामों में काम करने वाले, मोटर परिवहन, हाथकरघा, पावरलूम, रंगाई-छपाई, सिलाई, अगरबत्ती बनाने वाले, चमड़े की वस्तुयें और जूते बनाने वाले चर्मकार, ऑटो- रिक्शा चालक, आटा, तेल, दाल तथा चावल मिलों में काम करने वाले, लकड़ी का काम करने वाले, बर्तन बनाने वाले, कारीगर, लुहार, बढ़ई फर्नीचर तथा माचिस एवं आतिशबाजी उद्योग में लगे श्रमिक, प्लास्टिक उद्योग, निजी सुरक्षा एजेंसी में काम करने वाले, कचरा बीनने वाले, सफाई कर्मी, हम्माल-तुलावटी, गृह उद्योग में नियोजित श्रमिक समेत अन्य श्रमिक भी शामिल हैं।
   असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को पंजीयन के उपरांत 200 रूपये मासिक फ्लैट रेट पर बिजली मिलेगी। गर्भवती श्रमिक महिलाओं को पोषण आहार के लिए 4 हजार रूपये। प्रसव होने पर महिला के खाते में 12 हजार 500 रूपये जमा किये जायेंगे। घर के मुखिया श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर परिवार को दो लाख रूपये तथा दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रूपये की सहायता मिलेगी। हर भूमिहीन श्रमिक को भूखंड या मकान मिलेगा। स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराये जायेंगे। साईकिल- रिक्शा चलाने वालों को ई- रिक्शा और हाथठेला चलाने वालों को ई- लोडर का मालिक बनाने की पहल की जायेगी। बैंक ऋण की सुविधा 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान के साथ 30 हजार रूपये की सब्सिडी दी जायेगी। श्रमिकों को मृत्यु पर अंतिम संस्कार के लिए पंचायत नगरीय निकाय से 5 हजार रूपये की नकद सहायता मिलेगी। श्रमिकों के कल्याण की और भी अनेक योजनायें क्रियान्वित की जा रही हैं। वर्तमान में अनूपपुर में अब तक 60478 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, इनमें से 23222 आवेदनों की मोबाईल एप से प्रविष्टि हुई है।

समाधान ऑनलाइन आज

समाधान ऑनलाइन आज 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि समाधान ऑनलाइन आज 3 अप्रैल 2018 को निर्धारित है। आप ने यह भी बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जिले की गतिविधियों विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा/समीक्षा करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा है कि अपने विभाग से संबंधित जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के साथ बैठक में  आज कलेक्ट्रेट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हाल में उपस्थित रहें। 

वन्दे मातरम एवं म.प्र. गान के सामूहिक गान के साथ वित्तीय वर्ष के प्रथम कार्य दिवस की हुई शुरुआत

वन्दे मातरम एवं म.प्र. गान के सामूहिक गान के साथ वित्तीय वर्ष के प्रथम कार्य दिवस की हुई शुरुआत 

अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    जिले के शासकीय कार्यालयों में वित्तीय वर्ष 2018-19 के प्रथम कार्य दिवस की शुरुआत वन्दे मातरम एवं म.प्र. गान के सामूहिक गायन के साथ हुई। संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर अनूपपुर में भी विभिन्न कार्यालय प्रमुखों ने अपने अमले के साथ वन्दे मातरम एवं म.प्र. गान के सामूहिक गान मे भाग लिया। सभी अधिकारियों ने देश के प्रति अपने कर्तव्य को याद कर पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का वचन लिया।

निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण का कार्य शीघ्र संपादित करें -जिला निर्वाचन अधिकारी

निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण का कार्य शीघ्र संपादित करें -जिला निर्वाचन अधिकारी 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजय शर्मा ने निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण के कार्य को शीघ्र संपादित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आपने कहा डबल इंट्री, अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की प्रविष्टियों  को दुरूस्त करने का कार्य शीघ्र करें साथ ही मतदाताओं की संख्या अनुसार नये पोलिंगबूथ बनाने हेतु आवश्यक विकल्प भी प्रस्तुत करें।

बैगा परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध करायें- जिला दण्डाधिकारी

बैगा परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध करायें- जिला दण्डाधिकारी 

अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
  
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बैगा परिवारों के उत्थान एवं उन्हे समाज की मुख्य धारा में जोड़ने हेतु शासन द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। आपने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कुपोषण से मुक्ति हेतु प्रदाय की जा रही सहायता राशि, आवास सहायता, छात्रवृत्ति योजनाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लिया साथ ही निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बैगा परिवार हितलाभ से वंचित नही होना चाहिए। अगर विभागीय जिम्मेदारियों के अपूर्ण होने पर कोई हितग्राही लाभ से वंचित रहता है। तो संबंधित अधिकारी उत्तरदायी होगें।

वनाधिकार पट्टों के लंबित मामलों का अभियान चलाकर करें निराकरण - श्री शर्मा

वनाधिकार पट्टों के लंबित मामलों का अभियान चलाकर करें निराकरण - श्री शर्मा 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
  
   वनाधिकार पट्टों के नियमितीकरण में विभागीय जांच की अनुपलब्धता के कारण कोई भी लाभार्थी वंचित नहीं होना चाहिए। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने राजस्व अधिकारियों, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को निर्देश दिए हैं कि आपसी सामंजस्य के साथ वनाधिकार पट्टों के लंबित मामलो में संबंधित कार्यवाही कर, पट्टों के नियमितीकरण का कार्य सुनिश्चित करें।

पेयजल व्यवस्था को करें दुरूस्त- श्री शर्मा

पेयजल व्यवस्था को करें दुरूस्त- श्री शर्मा 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
  
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने मुख्यनगरपालिका अधिकारियों, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए है कि समय रहते पेयजल की उपलब्धता जिले के समस्त इलाकों में सुचारू रूप से बनाये रखने के लिए आवश्यक तैयारियॉ सुनिश्चित करें। आपने यह भी कहा कि वर्तमान व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग करें एवं आवश्यकता अनुसार पेयजल परिवहन की भी व्यवस्था कर लें। उक्त निर्देश आपने समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दें।

नवनियुक्त पटवारियों के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाऐं सुनिश्चित करें- श्री शर्मा

नवनियुक्त पटवारियों के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाऐं सुनिश्चित करें- श्री शर्मा 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
   
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि अनूपपुर जिले में 116 नये पटवारियों की नियुक्ति हुई है एवं नवनियुक्त पटवारियों का 6 माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में होगा। इस संबंध में आपने संबंधित राजस्व अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नमामि देवी नर्मदे के अंतर्गत चलाये गये पौधारोपण के महाभियान में रोपित पौधों का रख-रखाव करे- कलेक्टर

नमामि देवी नर्मदे के अंतर्गत चलाये गये पौधारोपण के महाभियान में रोपित पौधों का रख-रखाव करे- कलेक्टर 
 
अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
   
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने नमामि देवी नर्मदे के अंतर्गत किये गये वृहद पौधारोपण अभियान में लगाये गये पौधों की वस्तुस्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए है कि उन पौधों के रख-रखाव का विशेष ध्यान दें तभी अभियान में लक्षित उद्देश्य की वास्तविकता में प्राप्ति हो सकेगी।

सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी एवं समय-सीमा में लंबित प्रकरणों का तत्परता से करें निराकरण -कलेक्टर श्री शर्मा

सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी एवं समय-सीमा में लंबित प्रकरणों का तत्परता से करें निराकरण -कलेक्टर श्री शर्मा 

अनुपपुर | 02-अप्रैल-2018
 
   
    सीएम हेल्पलाइन के मामलों का समयपूर्वक समाधान अथवा आवेदन अस्वीकार्य होने की स्थिति में उचित जवाब देना समस्त अधिकारी सुनिश्चित करें। कोई भी प्रकरण अनअटैंडेड नहीं होना चाहिये। अगर कोई भी प्रकरण बिना प्रारम्भिक कार्यवाही के अग्रेषित होता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी उत्तरदायी होंगे। ऐसा कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने समय-सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारियों से कहा। आपने यह भी कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं का प्रदाय निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें। ऐसा न होने पर नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री बालागुरू के, एसडीएम जैतहरी श्री बी.डी सिंह, एसडीएम कोतमा श्री मिलिन्द नागदेवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें