Sunday, July 22, 2018

मध्यप्रदेश में विकास का विजन स्पष्ट है - मुख्यमंत्री श्री चौहान

मध्यप्रदेश में विकास का विजन स्पष्ट है - मुख्यमंत्री श्री चौहान 
मध्यप्रदेश विकास संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री 
अनुपपुर | 22-जुलाई-2018
 
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में राज्य सरकार का विकास का विजन स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि विकास की अवधारणा सड़क, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण तक ही सीमित नहीं है। आम लोगों की जिन्दगी को खुशहाल बनाना और विकास का प्रकाश हर घर तक पहुँचाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, नदी, पर्वत पर सबका समान अधिकार है। मुख्यमंत्री आज समन्वय भवन में म.प्र. विकास संवाद संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का आयोजन हिन्दुस्तान समाचार संस्थान द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में सांसद श्री प्रभात झा, जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री राघवेन्द्र गौतम और असंगठित कर्मकार मंडल के अध्यक्ष श्री सुल्तान सिंह शेखावत मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रमुख कार्य विकास की यात्रा को गतिशील बनाये रखना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर लाकर विकसित राज्य बनाया गया है। अब इसे समृद्ध राज्य बनाने का प्रयास जारी है। श्री चौहान ने कहा कि सबको आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ और विकास के समान अवसर तथा संसाधन उपलब्ध करवाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने और कृषि उत्पाद का वैल्यू एडिशन स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।
   मुख्यमंत्री ने विरासत में मिले बदहाल और उजड़े प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी विकास यात्रा से प्रदेश की तस्वीर बदली है। अब यहाँ शानदार सड़कें हैं। विद्युत उत्पादन 2900 मेगावॉट से बढ़कर 18 हजार 364 मेगावॉट हो गया है। सिंचाई का क्षेत्र सात लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 40 लाख हेक्टेयर तक कर लिया गया है और इसे 80 लाख हेक्टेयर करने का रोडमैप तैयार है। कृषि में पिछले पाँच वर्षों से औसतन 20 प्रतिशत वृद्धि दर कायम है, इससे उत्पादन भी लगभग दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में भी मध्यप्रदेश अग्रणी है। प्रदेश के इंदौर और भोपाल शहर लगातार दो वर्षों से स्वच्छता में प्रथम दो स्थानों पर रहे हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना में 17 लाख मकान बन रहे हैं। निवेश और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। चीन में प्रदेश के सोयाबीन को बाजार उपलब्ध करवाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने अमेरिका प्रवास के दौरान प्रदेश की सड़कों को अमेरिका से अच्छा कहने पर आलोचना का संदर्भ देते हुए कहा कि हमें अपने देश और प्रदेश पर गर्व है। हमारे लिये सारे जहाँ से अच्छा हमारा हिन्दुस्तान है। उन्होंने कहा कि सारी दुनिया को विश्व कल्याण, प्राणियों में सद्भावना, सबके सुखी और निरोगी होने की कामना, विश्व को परिवार मानने की संकल्पना भारत ने ही दी है।
   श्री चौहान ने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में गरीब को संबल देने का प्रयास मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना के माध्यम से किया जा रहा है। हर गरीब को रहने के लिये जमीन और पक्का मकान, नि:शुल्क शिक्षा, 60 वर्ष से कम उम्र में मृत्यु पर दो से चार लाख रुपये तक की अनुग्रह राशि, अंतिम संस्कार के लिये पाँच हजार रूपये और बच्चे के जन्म पर चार और बारह हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि संसाधनों का बड़ा हिस्सा गरीबों के कल्याण में ही उपयोग किया जा रहा है।
   हिन्दुस्तार समाचार के उपाध्यक्ष श्री अरविन्द मार्डेकर ने संस्थान के बारे में जानकारी दी। संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत किया।

समाचारों की विश्वसनीयता आज सबसे अधिक जरूरी - जनसम्पर्क मंत्री डॉ. मिश्र

समाचारों की विश्वसनीयता आज सबसे अधिक जरूरी - जनसम्पर्क मंत्री डॉ. मिश्र 

अनुपपुर | 22-जुलाई-2018
 
   जनसम्पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा है कि राष्ट्रभाषा हिन्दी में समाचारों के प्रवाह का कार्य करने वाली संवाद समिति हिन्दुस्तान समाचार ने अपनी भूमिका से विश्वसनीयता अर्जित की है। आज समाचार की विश्वसनीयता को कायम रखना आवश्यक है। विशेषकर इलेक्ट्रानिक और सोशल मीडिया के दौर में यह और भी जरूरी हो गया है। डॉ. मिश्र आज यहाँ समन्वय भवन में मध्यप्रदेश विकास संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
जनसम्पर्क मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि वाट्सएप समूहों पर प्रमाणिक सूचनाओं का अभाव होता है। कुछ समय पहले भारत बंद के बारे में भी भ्रामक सूचनाएँ वायरल हुईं थीं। जनसम्पर्क मंत्री ने कहा कि वर्तमान परिवेश में पत्रकारों पर प्रमाणिक समाचार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
   कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री राघवेन्द्र गौतम, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलपति श्री जगदीश उपासने, मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविन्द्र कान्हेरे और अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रामदेव भारद्वाज, असंगठित कर्मकार मण्डल के अध्यक्ष श्री सुल्तान सिंह शेखावत, चेयरमेन हिन्दुस्तान समाचार समूह एवं राज्यसभा सदस्य श्री आर.के.सिन्हा और श्री मयंक चतुर्वेदी उपस्थित थे।

भाप्रसे के 7 अधिकारियों की नई पद-स्थापना

भाप्रसे के 7 अधिकारियों की नई पद-स्थापना 
 
अनुपपुर | 22-जुलाई-2018
 
    राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों की नयी पद-स्थापना आदेश जारी किया हैं। भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति से लौटने पर श्री अनुराग जैन को प्रमुख सचिव वित्त बनाया गया है। प्रमुख सचिव संसदीय कार्य श्री अजीत केसरी को प्रमुख सचिव संसदीय कार्य एवं अनुसूचित-जाति कल्याण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
   इसी प्रकार प्रमुख सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-आयुक्त नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा एवं प्रबंध संचालक ऊर्जा विकास निगम (अतिरिक्त प्रभार) श्री मनु श्रीवास्तव को प्रमुख सचिव पशुपालन विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। प्रबंध संचालक राज्य भण्डार गृह निगम तथा सचिव जेल विभाग (अतिरिक्त प्रभार) श्री राजीव चन्द्र दुबे को सचिव जेल तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। अपर मिशन संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र तथा संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र एवं प्रबंध संचालक पाठ्य-पुस्तक निगम (अतिरिक्त प्रभार) श्री अनिल सुचारी को प्रबंध संचालक पाठ्य-पुस्तक निगम के पद पर पदस्थ किया है। अवकाश से लौटने पर श्रीमती आईरीन सिंथिया जे.पी. को संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र तथा पदेन उप सचिव स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। अपर कलेक्टर ग्वालियर श्री शिवराज सिंह वर्मा को अपर आयुक्त आबकारी ग्वालियर के पद पर पदस्थ किया गया है।
श्री अजीत केसरी द्वारा प्रमुख सचिव अनुसूचित-जाति कल्याण विभाग का कार्यभार ग्रहण करने पर श्री एस.एन. मिश्रा प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित-जाति कल्याण तथा संचालक आदिम-जाति अनुसंधान एवं विकास संस्थान (अतिरिक्त प्रभार) केवल प्रमुख सचिव अनुसूचित-जाति कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।
   इसी प्रकार श्री मनु श्रीवास्तव द्वारा प्रमुख सचिव पशुपालन का कार्यभार ग्रहण करने पर श्री के.सी. गुप्ता प्रमुख सचिव सहकारिता तथा पशुपालन विभाग (अतिरिक्त प्रभार) केवल प्रमुख सचिव पशुपालन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।
दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
   एक अन्य आदेश अनुसार श्री संजय कुमार शुक्ला प्रबंध संचालक पॉवर मैनेजमेंट कम्पनी लिमिटेड जबलपुर एवं पदेन प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग को वर्तमान कर्त्तव्यों के साथ प्रमुख सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग तथा विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी-सह-आयुक्त नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा एवं प्रबंध संचालक ऊर्जा विकास निगम का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।
श्री श्रीमन शुक्ला संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण को वर्तमान कर्त्तव्यों के साथ प्रबंध संचालक राज्य भण्डार गृह निगम का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें