Friday, March 23, 2018

बड़े बकायादारों से करों की अभियान चलाकर करें वसूली -संभागायुक्त

बड़े बकायादारों से करों की अभियान चलाकर करें वसूली -संभागायुक्त 
 
अनुपपुर | 23-मार्च-2018
 
   
   संभागायुक्त शहडोल श्री रजनीश श्रीवास्तव ने गत दिवस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में संभाग के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक के दौरान निर्देशित करते हुये कहा कि कामर्शियल डिफाल्टरों में से 10 सर्वाधिक बकायादारों की सूची तैयारकर अभियान चलाकर कर की वसूली करना सुनिश्चित करें। इसी तरह उन्होने निर्देशित किया कि किसी गरीब को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त श्री जे.के.जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल श्री विद्याशंकर चतुर्वेदी, जयसिंहनगर श्री जे.एन.पाण्डेय, धनपुरी श्री रविकरण त्रिपाठी, ब्यौहारी श्री यशवंत वर्मा, खांड श्री रामसेवक हलवाई, पसान श्री अजय श्रीवास्तव, बिजुरी श्री ए.के.तिवारी, कोतमा श्रीनिवास शर्मा, अमरकंटक श्री सुरेन्द्र सिंह उइके, चंदिया रीना राठौर, बुढ़ार श्री शैलेंद्र कुमार सहित तीनों जिलों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित थे।
   संभागायुक्त श्री श्रीवास्तव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से कहा कि बिना किसी भेदभाव के शिविर लगाकर कर की वसूली करना सुनिश्चित करें। इस दौरान किसी गरीब को परेशान न कर सबसे बड़े बकायादारों से कर की वसूली पहले करें। इसी तरह सम्पत्ति कर की भी वसूली करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस मौके पर उन्होने कहाकि हितग्राही मूलक योजनाओं से अभी तक लाभान्वित किये गये हितग्राहियों की सूची बनाकर बुकलेट तैयार करायें जिसमें हितग्राही का नाम, योजना का नाम, उपलब्ध कराई गई राशि आदि का समावेश भी किया जाना चाहिए। इस अवसर पर संभागायुक्त ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपने - अपने नगरीय क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक ई-रिक्शा लेने हेतु प्रोत्साहित करते हुये बैंकों के माध्यम से ऋण प्रदान करना सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश संभाआयुक्त श्री रजनीश श्रीवास्तव ने आज सभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में नगर पालिका अधिकारियो को दिये। इसी तरह आयुक्त ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धा पेंशन के हितग्राहियों को समय पर पेंशन का भुगतान हो सके उन्हें भटकना नहीं पड़े। इसी तरह विधवा पेंशन योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर पा़त्र हितग्राहियों को तत्काल विधवा पेंशन का प्रकरण तैयार कर उसे लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। इसी तरह बहुविकलांग पेंशन का कोई भी पात्र हितग्राही पेंशन से वंचित न रहे। उन्होने कहा कि भवन सन्निर्माण कर्मकार मंडल के हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने में देरी नहीं की जानी चाहिए, योजना का प्रचार-प्रसार कराने के साथ ही अपने-अपने नगरीय क्षेत्र के पार्षदों का भी सहयोग लेना सुनिश्चित करें। साथ ही शिक्षा प्रोत्साहन योजना का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया जाना चाहिए। बैठक में आयुक्त ने अधिकारियो को निर्देशित किया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्य को तत्काल पूरा करें। समय-सीमा के अंदर ही भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य पूरा न होने की स्थिति में कार्यवाही भी की जा सकती है। इसी तरह उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल को निर्देशित किया गया कि जयस्तंभ चौक से बाणगंगा तिराहे तक निर्माणाधीन सड़क के कार्य में गति लाई जाये और साथ ही निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण कराना सुनिश्चित करें। आयुक्त ने संभाग के सभी नगरीय निकाय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके नगरीय क्षेत्रों में आने वाले 1-2 तालाबों का जनसहयोग से गहरीकरण करायें। इस कार्य में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं सहित आमजन का भी सहयोग लेना सुनिश्चित करें।
   आयुक्त श्री श्रीवास्तव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं का समाचार पत्रों, फलैक्स, पंपलेट, के माध्यम से नगरीय निकायों मे संचालित सभी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि जिन नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास हेतु भूमि नहीं है वे अपने जिले के कलेक्टर से मिलकर समस्या का निदान करें। इसी तरह किसी भी विभागीय योजना के प्रकरण वरिष्ठ कार्यालयों में लंबित है तो कलेक्टर को कमिश्नर को बताते हुये डीओ लेटर लिखाना सुनिश्चित करें, अन्यथा आपके विरूद्ध कार्यवाही भी हो सकती है। इस मौके पर शहरी अधोसंरचना एवं पेयजल योजना की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर आयुक्त कहा कि जिन नगरीय निकायों के मामले कोर्ट में लंबित है उनका जबाब समय सीमा के अंदर दें और उसमें किसी तरह की कोताही न बरते ताकि नगर पालिका या नगर पंचायत के विरूद्ध निर्णय पारित नहीं होने पाये। इसी तरह उन्होने कहा कि ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुये अपने नगरीय क्षेत्रों में आम जन को जल प्रदाय में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं होने दें, जिस वार्ड में जल संकट की स्थिति उत्पन्न होती है तो उन वार्डों में परिवहन के माध्यम से लोगों को पीने का पानी मुहैया कराना सुनिश्चित किया जाये।

No comments:

Post a Comment

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें