Tuesday, September 11, 2018

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने में मीडिया की अहम भूमिका कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने पत्रकार साथियों से अपेक्षित सहयोग हेतु पत्रकार वार्ता में किया आह्वान

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने में मीडिया की अहम भूमिका
कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने पत्रकार साथियों से अपेक्षित सहयोग हेतु पत्रकार वार्ता में किया आह्वान


अनूपपुर 11 सितंबर 2018/ प्रजातांत्रिक व्यवस्था की सफलता में मीडिया की एक महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सम्पन्न कराना इस व्यवस्था की मूलभूत आवश्यकता है। उक्त को रेखांकित करते हुए ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने कलेक्ट्रैट सभागार में आयोजित अनौपचारिक प्रेस वार्ता में मीडिया से निर्वाचन से जुड़े विषयों में सक्रीयता एवं ज़िम्मेदार पत्रकारिता के साथ निर्वाचन सम्बंधी दायित्वों के निर्वहन हेतु प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। आपने पत्रकार साथियों को ज़िले में सम्पत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, मोटर यान अधिनियम अंतर्गत नम्बर प्लेटो को दुरूस्त करने में की जा रही कार्यवाहियों से अवगत कराया। आपने बताया अनूपपुर ज़िले ने 90 प्रतिशत वोटर टर्नआउट प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है। इस हेतु मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप अंतर्गत विविध गतिविधियाँ की जा रही हैं। आपने आगामी दिवसों में की जाने वाली स्वीप गतिविधियों से मीडिया को अवगत कराया। साथ ही मतदाताओं का उत्साहवर्धन कर मतदान के कर्तव्य के निर्वहन हेतु मीडिया से सुझाव साझा करने के लिए कहा।


सीविजिल (Cvigil)एप की दी जानकारी
पत्रकार वार्ता में श्रीमती अनुग्रह पी ने मीडिया को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार किए गए सी विजिल एप की जानकारी दी। आपने बताया इस एप के माध्यम से आम नागरिक निर्वाचन सम्बंधी समस्याओं अथवा शिकायतों को फ़ोटो सहित अग्रेषित कर सकते हैं। उक्त शिकायतें भारत निर्वाचन आयोग तक जाएँगी एवं आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जावेगी। 
निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सम्पन्न कराने में मीडिया की अहम भूमिका- पुलिस अधीक्षक श्री तिलक सिंह


पुलिस अधीक्षक श्री तिलक सिंह ने मीडिया साथियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र, पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने में मीडिया की अहम भूमिका है। आपने कहा किसी भी प्रकार की आचार संहिता के उल्लंघन अथवा ऐसी जानकारी जो सफल निर्वाचन सम्पन्न करने हेतु आवश्यक है उसे तुरंत संज्ञान में लाएँ। आपने कहा अगर आपके पास कोई सुझाव हैं उन्हें भी बेझिझक साझा करें।
मतदाता जागरूकता हेतु प्रेरणादायक नारों का विमोचन कर अपनाया गया
“आवा चला वोट करी”
“वोट न दिया तो क्या किया”

ज़िला स्वीप नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत डॉ सलोनी सिडाना ने मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु ज़िला प्रशासन द्वारा की जा रही गतिविधियों एवं आगामी दिवसों की कार्ययोजना साझा की। इस अवसर ज़िला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक,ज़िला स्वीप नोडल अधिकारी एवं उप ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया की उपस्थिति में निर्वाचन में आमजनो की सहभागिता बढ़ाकर अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने हेतु प्रेरणादायक नारों “आवा चला वोट करी” एवं “ वोट न दिया तो क्या किया” विमोचन कर मतदाता जागरूकता अभियान हेतु अपनाया।

वोटमती ने की मीडिया से मुलाक़ात
वोटमती समझती है मतदान के महत्व को
समझाएगी अनूपपुर के सभी नागरिकों को उनका दायित्व 

ज़िला स्वीप नोडल अधिकारी डॉ सलोनी सिडाना ने मीडिया की मुलाक़ात अनूपपुर की मतदाता जागरूकता अभियान की शुभंकर वोटमती से करायी ।वोटमती मतदान के महत्व को समझती है और आगामी विधानसभा निर्वाचन में अनूपपुर के नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित कर एक ज़िम्मेदार नागरिक के कर्तव्य को पूरा करने की समझाइश देगी। समय समय पर वोटमती समाज के विभिन्न वर्गों से मिलेंगी उनकी समस्याओं से अवगत होगी। वोटमती द्वारा दी गयी सीख से सभी को अवगत कराया जाता रहेगा। 

बैठक में उप ज़िला निर्वाचन अधिकारी डॉ आरपी तिवारी, सहायक संचालक जनसम्पर्क श्री अंकुश मिश्रा, मीडिया प्रभारी ज़िला पंचायत श्री अमित श्रीवास्तव समेत अनूपपुर ज़िले के पत्रकार साथी उपस्थित थे। मीडिया ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने की बात में सहमति जताते हुए, निर्वाचन सम्बंधी विषयों से कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया।



No comments:

Post a Comment

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें