नए चयन तक पूर्व में कार्यरत अतिथि शिक्षक रहेंगे यथावत
रिक्त अतिथि शिक्षकों की चयन प्रक्रिया में संशोधन
अनूपपुर 14 जुलाई 2018/ ज़िला शिक्षा अधिकारी श्री यू के बघेल ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार माडल स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालय में अतिथि शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया पूर्ण हो जाने तक पूर्व में कार्य कर रहे अतिथि शिक्षक रखे जा सकेंगे। इस प्रकार कार्य कर रहे अतिथि शिक्षकों को यह शपथ पत्र देना होगा कि रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों के चयन की ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण होने पर यदि उनका चयन नहीं होता है तो वे अध्यापन कार्य से पृथक हो जाएँगे।
उल्लेखनीय है कि रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संशोधन किया गया है। अब अतिथि शिक्षक के रूप में चयन हेतु जीएफ़एमएस पोर्टल में पंजीकृत एवं सत्यापित आवेदक 13 जुलाई तक पूर्व में दी गयी परीक्षा के विषय एवं प्राप्तांक तथा आधार नम्बर में संशोधन का कार्य कर पाएँगे। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में चयन हेतु आवेदक को 16 से 23 जुलाई के मध्य आवेदन विद्यालय में प्रस्तुत करना होगा। इसके पश्चात विद्यालय स्तर पर एमएमसी द्वारा पैनल तैयार कर पैनल गुणानुक्रम से आवेदकों को 24 जुलाई तक आमंत्रित किया जाएगा। पैनल गुणानुक्रम से आवेदकों को 25 से 26 जुलाई तक विद्यालय में उपस्थित होना होगा। इसके पश्चात संकुल प्राचार्य द्वारा आवेदक की उपस्थिति की जानकारी 28 जुलाई तक पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश है।
हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी हेतु जीएफ़एमएस पोर्टल पर विद्यालय चयन हेतु चोईस फ़िलिंग का कार्य आवेदक को 16 से 18 जुलाई के मध्य करना होगा। जीएफ़एमएस पोर्टल पर विद्यालयवार विषयवार पैनल बनाने का कार्य 19 जुलाई तक सम्पादित करने के निर्देश हैं। विद्यालय स्तर एमएमडीसी द्वारा पैनल का अनुमोदन 20 जुलाई तक एवं पैनल में शामिल आवेदक द्वारा सम्बंधित विद्यालय को सहमति 21 से 22 जुलाई के मध्य देनी होगी। पैनल के गुणानुक्रम से आवेदकों को 22 जुलाई तक आमंत्रित करने के निर्देश हैं। इसके पश्चात संकुल प्राचार्य को आवेदक की उपस्थिति की जानकारी 24 जुलाई तक पोर्टल में दर्ज करनी होगी।शेष निर्देश पूर्ववत रहेंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा उक्त कार्यवाही को निर्धारित समय सीमा में सम्पादित करने हेतु सम्बंधित ज़िला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
No comments:
Post a Comment