ज़िले में व्यापार को बढ़ावा देने हेतु मध्यप्रदेश व्यापार संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष श्री मदन मोहन गुप्ता (राज्यमंत्री दर्जा) 19 जुलाई को लेंगे विशेष बैठक
अनूपपुर 14 जुलाई 2018/ महाप्रबंधक ज़िला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री उईके ने बताया कि राज्य शासन की “ सुखी व्यापारी- समृद्ध व्यापार ” की संकल्पना को मूर्त रूप देकर व्यापार में प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में लाने हेतु मध्यप्रदेश व्यापार संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष ( राज्यमंत्री दर्जा) श्री मदन मोहन गुप्ता प्रदेश के समस्त जिलो के व्यावसायिक संगठनों/ चेम्बर ओफ़ कॉमर्स/ स्थानीय संगठनों के साथ बैठक कर सुझाव ले रहे हैं। इसी क्रम में श्री गुप्ता 19 जुलाई को अनूपपुर में ज़िले के सभी वर्गों के व्यापारियों की बैठक लेंगे।
बैठक में मध्यप्रदेश में व्यापारियों/व्यवसायियों को व्यापार हेतु सुविधाओं में विस्तार, व्यापार/व्यवसाय में आने वाली कठिनाइयों, व्यापार नीति के निर्माण के सम्बंध में सुझाव प्राप्त किये जाएँगे। आपने बताया कि ज़िला स्तरीय बैठक के पश्चात प्रशासकीय अधिकारियों से चर्चा कर ज़िले में व्यापार हेतु बुनियादी सुविधाओं की जानकारी एवं सुझाव लिए जाएँगे। आगामी समय में भोपाल में मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में व्यापारियों/व्यवसायियों की महापंचायत का आयोजन किया जाना है जहाँ इन सुझावों पर चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में सम्मिलित होने वाले अपेक्षित व्यापारी
श्री उईके ने बैठक में ज़िले के समस्त व्यावसायिक संगठनों उदाहरणार्थ किराना व्यापारी, रेडीमेड कपड़ा व्यापारी, दवा, हार्डवेयर, स्वर्ण, फल, सब्ज़ी विक्रेता, इलेक्ट्रॉनिक, ऑटो, फ़ुटकर ग़ल्ला, स्थानीय चेम्बर ओफ़ कामर्स अन्य सभी छोटे बड़े संगठनों के ज़िला कार्यकारी समिति एवं सदस्यों को आमंत्रित किया है। असंगठित श्रमिक एवं छोटे व्यापारियों समेत ठेला/ रेडी लगाकर, सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले , हाक़र्स अत्यंत सूक्ष्म श्रेणी के उद्यमी भी इस बैठक में आमंत्रित हैं।
बैठक में वित्त, वाणिज्य उद्योग एवं रोज़गार, वाणिज्य कर, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, खाद्य एवं औषधि प्रसाधन, नगरीय प्रशासन एवं विकास, नापतौल, एमपी ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट फ़सिलिटेशन, ट्राइफ़ेक के अधिकारियों समेत ज़िला अग्रणी प्रबंधक उपस्थित रहेंगे।
व्यापारियों की बैठक के पश्चात श्री गुप्ता अनूपपुर ज़िले के बुद्धिजीवी पत्रकारों से व्यापार को बढ़ावा देने के विषय में पत्रकार वार्ता करेंगे।
No comments:
Post a Comment