डिजिटल नवाचार का दिल्ली से जारी हुआ समाचार
सिविल सेवा दिवस मे आज विज्ञान भवन दिल्ली मे प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा किया गया पुस्तक का विमोचन
3000 से अधिक लोगों तक पहुंचाई इंटरनेट सुविधा
अनूपपुर 21 अप्रैल 2018 / अनुपपुर ज़िले मे शासन द्वारा क्रियान्वित योजनाओ के माध्यम से यहाँ के निवासियों को लाभान्वित करने के लिए ज़िला प्रशासन द्वारा सतत प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा के मार्गदर्शन मे समस्त अधिकारियों द्वारा सदैव यह प्रयास किया गया है कि शासन की जनहितकारी योजनाओ का लाभ अंतिम छोर मे उपस्थित व्यक्ति तक भी पहुँच सके। परंतु कई बार इस विकासपरक सोच के क्रियान्वयन मे आधारभूत कमियाँ आड़े आ जाती है।
अनुपपुर के सुदूर पहाड़ियों से घिरे हुए पुष्पराजगढ़ अंचल मे ऐसी ही समस्याओ का सामना ज़िला प्रशासन को करना पड़ा। पहाड़ियों और प्राकृतिक सुंदरता से घिरी हुई पुष्पराजगढ़ की ग्राम पंचायतों पड़मनिया, बड़ी तुम्मी एवं सरई के निवासियों की आजीविका का मुख्य साधन वनोपज़ है, यहाँ पर प्राकृतिक चुनतियों के कारण ज़िला प्रशासन के नवाचार से पहले मोबाइल संपर्क की कोई व्यवस्था नहीं थी। साथ ही कम संख्या मे लोगों के कारण किसी भी संचार कंपनी के लिए यहाँ सेवा प्रदाय करना वित्तीय आधार पर व्यवहारिक तौर से उपयुक्त नहीं था। ऐसे मे सुविधाओं की व्यवस्था के लिए संभाव्यता परीक्षण एवं मोबाइल टावर लगाने के लिए वेंडर की उपलब्धता के साथ टावर लगाने के लिए प्राकृतिक उच्चावच से भरे इस क्षेत्र मे उपयुक्त स्थान का चयन एक बड़ी समस्या थी। अपने आप मे एक नयी समस्या जिसका समाधान अब तक देश मे कहीं नहीं किया गया इस वजह से ज़िला प्रशासन के पास इसके लिए कोई मार्गदर्शन नहीं था।
इन परिस्थितियों मे भी लोगों को सेवा प्रदाय करने की चाह का दमन नहीं हुआ । कलेक्टर श्री अजय शर्मा एवं तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्री केवीएस चौधरी द्वारा संपर्क अंतराल, सेवा प्रदाय मे देरी की समस्या का हल निकालने के लिए किया गया नवाचार। डिजिटल इंडिया की पहल प्रोजेक्ट सुगम के माध्यम से आपके द्वारा रेलवे के अधिकारियों से संपर्क कर स्थान के लिए उपयुक्त एक विशेष टावर का चयन किया गया। इस टावर मे रेडियो फ्रिक्वेन्सी का उपयोग कर इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था थी। इस टावर का सोर्स शहडोल मे उपस्थित मुख्य टावर है। बिजली की लगातार निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सोलर पैनल का उपयोग किया गया।
डिजिटल इंडिया के स्वप्न के क्रियान्वयन का उपयुक्त उदाहरण है यह पहल
अपने आप मे बिलकुल नया यह प्रयोग भारत सरकार के डिजिटल इंडिया के स्वप्न के क्रियान्वयन का उपयुक्त उदाहरण है। आज इस प्रोजेक्ट के माध्यम से पुष्पराजगढ़ की ग्राम पंचायतों पड़मनिया, बड़ी तुम्मी, सरई के साथ आस पास के ग्रामो के लगभग 3000 निवासियों को मोबाइल एवं इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध है। यहाँ के निवासियों को अब आधार एवं अन्य ऑनलाइन शासकीय सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ता , ये सब सुविधाएं अब उनके क्षेत्र मे ही उपलब्ध हैं। ई किओस्क के माध्यम से बैंकिंग सुविधाएं भी क्षेत्र के निवासियों को प्राप्त हो रही है। इन ग्रामो के नागरिकों को आज शासन की उपलब्धता महसूस हो रही है।
इस नवाचार को देश के हर ज़िले मे हर प्रशासनिक अधिकारी तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा विमोचित पुस्तक न्यू पाथवेज़ मे नवाचारों मे जगह दी गयी है । कभी चिंता मे फंसा ज़िला प्रशासन आज समस्त भारत के लिए मार्गदर्शक बन गया है।
कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने कहा है कि इस सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब इसकी पुनरावृत्ति 10 अन्य ग्राम पंचायतों मे भी संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए की जाएगी।


No comments:
Post a Comment