आकाशवाणी से आज प्रसारित हुआ विशेष कार्यक्रम "कहानियों का गुलदस्ताअनूपपुर के शिक्षको और विद्यार्थियों ने सुनी रेडियो से कहानियाँ
अनूपपुर 21 अप्रैल 2018/ राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा नवीन शैक्षिक सत्र में जॉयफुल लर्निंग के माध्यम से दक्षताओं की प्राप्ति के सिलसिले में एक विशेष रेडियो कार्यक्रम 'कहानियों का गुलदस्ता'' शनिवार 21 अप्रैल को प्रात: 11 से 11:30 बजे तक प्रसारित किया गया। यह कार्यक्रम आकाशवाणी के प्रदेश स्थित सभी केन्द्रों सभी विविध भारती केन्द्रों के माध्यम से प्रसारित किया गया।
कहानी उत्सव 2018 के विजेता विद्यार्थियों और शिक्षकों के द्वारा कहानियाँ सुनाई गयी। इस रेडियो कार्यक्रम में, शासकीय प्राथमिक शाला, बेलबाड़ी जिला मण्डला के छात्र श्री राम कृष्ण कनारे, शासकीय प्राथमिक शाला, विक्रमपुरा, जिला हरदा के छात्र श्री अक्षय कुमार उमरिया और शासकीय प्राथमिक शाला, बरलाटोला, जिला मण्डला की शिक्षिका सुश्री प्रीति दुबे तथा शासकीय माध्यमिक शाला, महिदपुर, जिला उज्जैन के शिक्षक श्री जगदीश वर्मा अपनी कहानियों का पाठ किया। उल्लेखनीय है कि, कहानियों का गुलदस्ता कार्यक्रम में अपनी कहानी सुनाने वाले ये सभी छात्र और शिक्षक, राज्य शिक्षा केन्द्र के द्वारा वर्ष 2017-18 में आयोजित कहानी उत्सव के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता रहे हैं।
विद्यार्थियों की मूलभूत दक्षताओं के विकास और शिक्षकों को मनोरंजनात्मक ढंग से कक्षा संचालन के अनुभवों के उद्देश्य से सत्र 2018-19 में स्कूल शिक्षा विभाग ने पहली बार, स्कूलों को 02 अप्रैल से प्रारंभ कर सत्र की शुरूआत में ही जॉयफुल लर्निंग के रूप में कार्य प्रारंभ किया है। इस प्रयास में राज्य शिक्षा केन्द्र के द्वारा अनेक तरीकों से बच्चों को उनकी कक्षावार और विषयगत मूलभूत दक्षताओं की पूर्ति के लिये प्रेरित किया जा रहा है। शालाओं में आनंददायी वातावरण के निर्माण, कक्षा शिक्षक को रोचक तथा प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों की पठन क्षमता के विकास की दृष्टि से 'कहानी'' भी ऐसा ही एक सशक्त माध्यम है। इसी दृष्टि से राज्य शिक्षा केन्द्र के द्वारा आकाशवाणी के सहयोग से कहानियों का गुलदस्ता कार्यक्रम प्रसारित किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment