संबल योजनांतर्गत कोई भी हितग्राही नहीं रहना चाहिए हितलाभ से वंचित- कलेक्टर अनुग्रह पी
अनूपपुर 23 जुलाई 2018/ संबल योजनांतर्गत कोई भी पात्र हितग्राही हितलाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को इस हेतु विशेष प्रयास करने के लिए कहा है।श्रीमती अनुग्रह पी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरपी श्रीवास्तव को संस्थागत प्रसव के दौरान यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कोई भी पात्र प्रसुति सहायता योजना के लाभ से वंचित न रहे। इस हेतु आपने आवश्यक व्यवस्थाएँ बनाने के लिए कहा है। संबल योजनांतर्गत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को स्मार्ट कार्ड प्रदाय करने हेतु जानकारी के सत्यापन का कार्य शीघ्र अतिशीघ्र सम्पन्न करने के कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। आगामी विधानसभा निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए स्वरोज़गार योजनाओं के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आपने समस्त सम्बंधित विभागों आजीविका, उद्योग विभाग, हथकरघा एवं ग्रामोद्योग विभाग, आदिवासी विकास विभाग आदि को आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण करने निर्देश दिए हैं।कलेक्टर ने स्वरोज़गार योजनाओं की विभागवार एवं योजनावार विस्तृत समीक्षा की। श्रीमती अनुग्रह पी ने पेंशन योजना के हितग्राहियों की पोर्टल में उपलब्ध जानकारी एवं हितलाभ वितरण की समीक्षा की एवं सम्बंधित सी॰एम॰ओ॰ एवं सी॰ई॰ओ॰ जनपद को प्रविष्टियों की शुद्धि एवं पात्रों को हितलाभ प्रदाय की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत डॉ सलोनी सिडाना, एसडीएम कोतमा श्री मिलिंद नागदेवे , डिप्टी कलेक्टर श्री ऋषि कुमार सिंघई समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment