मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत जगन्नाथपुरी की यात्रा हेतु 18 मई तक करें आवेदन
अनूपपुर 9 मई 2018/ कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत जगन्नाथपुरी की यात्रा हेतु आवेदन 18 मई तक आमंत्रित किए गए हैं। जगन्नाथपुरी के लिए विशेष ट्रेन अनूपपुर से 4 जून को रवाना होगी तथा 9 जून को वापस आएगी। जगन्नाथपुरी के लिए 300 तीर्थयात्री यात्रा पर जा सकेंगे।
कलेक्टर श्री शर्मा ने जिले के समस्त तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों , जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं ज़िले के समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत आवेदन प्राप्त करने के लिए अभियान चलाकर अपने विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से गांव-गांव तक प्रचार-प्रसार करायें। इसके साथ ही इच्छुक हितग्राहियों के आवेदन निर्धारित प्रारूप मे दो प्रतियों मे 18 मई तक प्राप्त कर सूची को निर्धारित प्रपत्र मे 21 मई तक कार्यालय मे अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने समाज के बुद्धिजीवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा मीडिया से जुड़े लोगों से भी योजना का प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया है।
यात्रा पर जाने के लिए पात्रता
कलेक्टर ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो, आवेदक की आयु 60 वर्ष से अधिक होनी चाहिए, आवेदक आयकर दाता नही होना चाहिए, इस योजना के अंतर्गत पूर्व में यात्रा न की हो।
सहायक की सुविधा
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत एक सहायक की सुविधा होगी। 65 साल से ज्यादा उम्र वाले यात्रियो के साथ एक सहायक जा सकेगा। इसी प्रकार अगर 60 प्रतिशत से भी अधिक दिव्यांग यात्री को भी सहयोगी ले जाने की पात्रता होगी बशर्ते डॉक्टर द्वारा उन्हे यात्रा मे जाने हेतु सक्षमता प्रमाण पत्र दिया गया हो। पति-पत्नी अथवा सहायक का आवेदन एक साथ संलग्न करके जमा किया जायेगा।
आवेदन करने की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ लेने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिक ग्रामीण क्षेत्रों में आवेदन पंचायत सचिव के माध्यम से तथा नगरीय क्षेत्रों में संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी के माध्यम से जमा कर सकते हैं। मुख्य नगरपालिका अधिकारी को प्राप्त आवेदन संबंधित तहसीलदार को इस आशय के प्रमाण पत्र के साथ की आवेदक द्वारा पूर्व में योजनांतर्गत यात्रा का लाभ प्राप्त नहीं किया गया है, संबंधित तहसीलदार को उपलब्ध कराना होगा।

No comments:
Post a Comment