Wednesday, July 18, 2018

जन अभियान परिषद का सब्जी बैंक गरीबों को प्रदान कर रहा है सब्जियाँ लोगों से दान मे प्राप्त कर गरीबों मे देते हैं बाँट

सफलता की कहानी
जन अभियान परिषद का सब्जी बैंक गरीबों को प्रदान कर रहा है सब्जियाँ
लोगों से दान मे प्राप्त कर गरीब बैगा आदिवासियों मे देते हैं बाँट


अनूपपुर 18 जुलाई 2018/ समाज मे पीछे रह गए लोगों की मदद करने के कई रास्ते है। उनके उत्कृष्ट क्रियान्वयन से समाज मे बड़े परिवर्तन लाये जा सकते हैं। जन अभियान परिषद के द्वारा ऐसे ही प्रयासों के लिए जन समुदाय को प्रेरित किया जाता है।जिसमें साधन नहीं भावनाओं की प्रबलता एवं समाज सुधार की भावना प्रबल हो। निःसंदेह ऐसे प्रयास समाज को आइना दिखाते हैं आम जनो में ज़िम्मेदारी के अहसास को लाते हैं। ऐसा ही एक उत्कृष्ट प्रयास जन अभियान परिषद पुष्पराजगढ़ के मेंटर्स एवं बीएसडबल्यू छात्रों द्वारा किया गया। ये छात्र एक ऐसा बैंक चला रहे हैं जोपैसे या ब्लड का लेन देन नहीं बल्कि सब्ज़ियों का लेन देन करता है वह भी निःशुल्क। इस व्यवस्था से बैगा जनजाति के ग़रीब आदिवासी लाभ प्राप्त कर रहे हैं। जन अभियान परिषद पुष्पराजगढ़ के कुछ मेंटर्स, बीएसडब्ल्यू छात्र एवं ग्रामीणों की सहायता से बैगा जनजातियों के पोषण को ध्यान में रखकर सब्ज़ी प्रदाय करने हेतु सब्जी बैंक का गठन जनवरी 2017 में किया गया। इस बैंक में लगभग 20 सदस्य हैं जो प्रत्येक रविवार को राजेंद्र ग्राम में लगने वाले विशाल बाजार व मंडी में प्रत्येक दुकानों में जा कर उनके स्वेच्छा अनुसार सब्जी दान करने के लिए निवेदन करते हैं । प्रत्येक रविवार 50 से 70 kg सब्जी एकत्र हो जाती है। जिसे सब सदस्य बैगा जनजाति के गरीब बच्चों के भोजन हेतु उनके आवासों में जगह जगह भिजवा देते हैं । इस बैंक द्वारा अभी तक 8 से 10 क्विंटल सब्जी एकत्र कर जरूरतमन्दो को दिया गया है। जन अभियान परिषद पुष्पराजगढ़ के मेंटर वाल्मिक जायसवाल बताते हैं कि जब हम लोगों ने सब्जी बैंक की शुरूआत की थी तो हमारे सामने समझाने व सब्जी एकत्र करने में बहुत सारी दिक्कते आई।जब हमारे सदस्य कैरेट लेकर किसी दुकान पर जाते थे तो हमारी जान पहचान वाले हमें देख कर हम पर हंसते थे और बोलते थे की भीख क्यों मांग रहे हो। इन बातों से तंग आकर कुछ सदस्यों ने सब्जी बैंक में कार्य करना बंद कर दिया। फिर भी हम लोगों ने इस कार्य को चालू रखा। लगातार प्रयास से स्थिति में परिवर्तन हुआ और आज हम अगर किसी दुकान पर कैरेट लेकर जाते हैं तो दुकानदार बिना कुछ बोले हंसी खुशी अपनी स्वेच्छा अनुसार हमारे सब्जी बैंक के कैरेट मैं सब्जी डाल देते हैं। आज सब्ज़ी विक्रेता अपने ग्राहक को छोड़ पहले सब्ज़ी बैंक को सब्जियां देते हैं और किसी कारण बस किसी सप्ताह यह समूह सब्जी एकत्र करने बाजार नहीं जा पाए तो लोग दूसरे सप्ताह स्वयं से दुगुनी सब्जियां बैंक को दे देते हैं। इससे हमारे सब्जी बैंक के सभी सदस्यों का मनोबल बढ़ा और कार्य करने में आनंद प्राप्त होने लगा । इस सब्जी बैंक को चलाने में विशेष योगदान जन अभियान परिषद पुष्पराजगढ़ के परामर्शदाता श्री बाल्मिक जायसवाल और श्री अंशु केसरवानी का है। विपरीत परिस्थितियों में भी इन्होंने हार नहीं मानी और जनहित के कार्य में लगे रहे। जैसे जैसे इस बैंक के बारे में लोगों को पता चला तो वे इस बैंक के सदस्य बनने लगे।आज जन अभियान परिषद के सदस्यों के अतिरिक्त IGNTU अमरकंटक यूनिवर्सिटी के कुछ प्रोफेसर इस सब्जी बैंक के सदस्य बन गए हैं।
सहायता सही जगह पहुँच जाए तो अच्छा लगता है
इंसान ही इंसान के काम आता है


शहडोल से सब्ज़ी बेचने राजेंद्रग्राम आए कनकु एवं मोहम्मद रफ़ीक का कहना है कि ग़रीब बैगा आदिवासी परिवार के छोटे भाई बहनो की मदद करके बहुत अच्छा लगता है। सब्ज़ी विक्रेता सुभाष कहते हैं सब्ज़ी बैंक के माध्यम  से हम बैगाओ की सहायता कर पाते हैं। उनके इस प्रयास में हम सदैव मदद करेंगे। इंसान ही इंसान के काम आता है, सही सामान सही जगह पहुँच जाए तो तो ख़ुशी मिलती है। सब्ज़ी बैंक उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।हम सब उनकी सदैव मदद करेंगे। यह एक सराहनीय प्रयास है।

कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने जनअभियान परिषद के कार्यकर्ताओं, बीएसडबल्यू के छात्रों एवं सब्ज़ी बैंक के समस्त सदस्यों तथा सब्ज़ी दान कर रहे सभी विक्रेताओं की सराहना की है। आपने ज़िले के अन्य नागरिकों से इस भावना का अनुकरण करने के लिए कहा है।

No comments:

Post a Comment

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें