स्वच्छता सम्मान समारोह में कलेक्टर ने दिलाई मतदाता शपथ
अनूपपुर 2 अक्टूबर 2018/ ग्राम पंचायत हर्री में आज अनूपपुर ज़िले को खुले में शौच मुक्त बनाने के प्रयास में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों निगरानी समिति के सदस्यों एवं अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुग्रह पी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत एवं ज़िला स्वीप नोडल अधिकारी डॉ सलोनी सिडाना ने उपस्थित मतदाताओं को देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं को बनाए रखने, निर्भीक होकर धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनो में मताधिकार के प्रयोग की शपथ दिलायी। कलेक्टर ने कहा हर एक महत्वपूर्ण है, लोकतांत्रिक व्यवस्था का मूल सभी जनो का मताधिकार है आपने सभी नागरिकों से अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की है। डॉ सिडाना ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों से कहा आप भी बड़े होकर एक दिन ज़िम्मेदार नागरिक बनेंगे, आपने बच्चों से घर में अपने अभिभावको को मतदान करने के संदेश का संप्रेषण करने के लिए कहा। कार्यक्रम में उपस्थित जनपद उपाध्यक्ष श्री मनोज राठोर, एसडीएम अनूपपुर श्रीमती नदीमा शीरी, डिप्टी कलेक्टर श्री अमन मिश्रा, फ़ीडबैक फ़ाउंडेशन से श्री अश्विनी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी , जनप्रतिनिधि, पत्रकार साथी एवं ग्राम पंचायत हर्री के नागरिको ने मतदान करने की शपथ ली।
No comments:
Post a Comment