कलेक्टर समेत 2843 वोलंटियरर्स ने किया बच्चों को प्रेरित
कहानियों प्रेरक प्रसंगो के माध्यम से बढ़ाया आत्मविश्वास
कोई भी लक्ष्य मुश्किल नही ईमानदारी से करें प्रयास- कलेक्टर
अनूपपुर 31 अगस्त 2018/ अनूपपुर की समस्त 1161 शासकीय प्राथमिक शालाओं एवं 393 शासकीय माध्यमिक शालाओं में आज मिल बाँचे कार्यक्रम अंतर्गत पंजीकृत समाजसेवियों, शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों, युवाओं आदि द्वारा छात्रों को प्रेरक प्रसंगों, सफलता के मंत्रों, समस्याओं का सामना करने के तरीक़ों से अवगत कराया गया साथ ही गिफ़्ट अ बुक अंतर्गत वोलंटियर्स ने छात्रों को प्रेरणादायक पुस्तकें प्रदान कीं। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने शासकीय माध्यमिक शाला तिपान खोली में जाकर बच्चों से संवाद किया। आपने बच्चों से उनकी रुचि जानी एवं जिन विषयों में उन्हें समस्या आती है उन विषयों को कैसे समझा जाए इसके गुर सिखाए। आपने कहा ईमानदारी से प्रयत्न करने में हर चीज़ सम्भव है। कोई भी लक्ष्य मुश्किल नही है। विद्यालय के बच्चों में कलेक्टर से मिलने का काफ़ी उत्साह था। विद्यार्थियों ने कलेक्टर को बड़ा होकर वे क्या बनना चाहते हैं, इस बात से अवगत कराया। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने बच्चों को उनके स्वप्न की प्राप्ति के रास्ते एवं उस पर चलकर मंज़िल तक पहुँचने के गुर सिखाए। इसी प्रकार अनूपपुर में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी, पुलिस अधीक्षक श्री तिलक सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत डॉ सलोनी सिडाना समेत 2843 वोलंटियर्स द्वारा पंजीयन कराकर छात्रों को सम्बंधित शालाओं में जाकर प्रेरित किया गया।
मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन को अनूपपुर के छात्रों ने सुना
शिक्षा के प्रति विशेष संवेदना रखने वाले मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मिल बाँचे कार्यक्रम के तहत प्रदेश के छात्रों से संवाद किया। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी, दूरदर्शन, सोशल मीडिया एवं क्षेत्रीय न्यूज़ चैनल में हुआ। अनूपपुर के शासकीय विद्यालयों में कार्यक्रम के श्रवण की व्यवस्था की गयी थी। उक्त माध्यम से छात्रों ने मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन का श्रवण किया।
No comments:
Post a Comment