समस्त नगरीय निकायों में असंगठित श्रमिक सम्मेलन आज 25 अगस्त को
अनूपपुर 24 अगस्त 2018/अनूपपुर के समस्त 6 नगरीय निकायों में असंगठित श्रमिक सम्मेलन आयोजित होंगे। कार्यक्रम में जनकल्याण योजना (सम्बल) अंतर्गत पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को पात्रतानुसार लाभान्वित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थलों में नवीन पंजीयन की व्यवस्था भी रहेगी। कार्यक्रम में सम्बल योजना अंतर्गत प्रदाय किए जा रहे हितलाभों के बारे में विस्तार से उपस्थितों को अवगत कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे सम्बोधित
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान लाल परेड ग्राउंड भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से समस्त जनो को सम्बोधित करेंगे। समस्त 378 नगरीय निकायों में से 6 नगरीय निकायों में हितग्राहियों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन मध्यप्रदेश समेत समस्त प्रादेशिक टीवी चैनल सहित सोशल मीडिया पर होगा।समस्त कार्यक्रम स्थलों में मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन के सीधे प्रसारण के दर्शन एवं अनुश्रवण की व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम स्थल
समस्त नगरीय निकायों में प्रातः 10:30 बजे से कार्यक्रम प्रारम्भ हो जाएँगे। नगरीय निकाय अनूपपुर में सामुदायिक भवन अनूपपुर के मुख्य अतिथि विधायक अनूपपुर श्री रामलाल रौतेल, नगरीय निकाय पसान में कार्यालय परिसर पसान की मुख्य अतिथि श्रीमती सुमन गुप्ता नपाध्यक्ष पसान, नगरीय निकाय कोतमा में सामुदायिक भवन बस स्टैंड कोतमा में मुख्य अतिथि श्रीमती मोहिनी वर्मा नपाध्यक्ष कोतमा, नगरीय निकाय जैतहरी में कार्यालय परिसर जैतहरी में मुख्य अतिथि श्रीमती नवरत्नी शुक्ला, नगरीय निकाय अमरकंटक में सामुदायिक भवन बस स्टैंड अमरकंटक में मुख्य अतिथि श्रीमती प्रभा पनारिया नपाध्यक्ष अमरकंटक तथा नगरीय निकाय बिजुरी में कार्यालय परिसर बिजुरी में कार्यक्रम का आयोजन होगा एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री पुरूषोत्तम सिंह नपाध्यक्ष बिजुरी होंगे।
जिला प्रशासन एवं नगरीय निकाय प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, आमजनो, पंजीकृत असंगठित श्रमिकों एवं अनूपपुर जिले के समस्त मीडिया (प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक) साथियों को अपने क्षेत्रानुसार कार्यक्रम में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
No comments:
Post a Comment