Tuesday, May 22, 2018

विनम्रता की शक्ति के सर्वोत्तम उदाहरण हैं श्री अजय शर्मा

विनम्रता की शक्ति के सर्वोत्तम उदाहरण  हैं  श्री अजय शर्मा
श्री शर्मा को दी गयी भावभीनी विदाई

अनूपपुर 22 मई 2018/ समय बहुत निष्ठुर होता है। सबसे शक्तिशाली होता है। इसके सामने मनुष्य असहाय महसूस करता है। इस बात की सच्चाई का अनुभव अनूपपुर ज़िले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थानातरित कलेक्टर अनूपपुर श्री अजय शर्मा के विदाई समारोह मे हुआ। सुलझे हुए व्यक्तित्व, व्यवहारिक बुद्धिमत्ता एवं विनम्र स्वभाव से श्री शर्मा ने ज़िले के अधिकारियों के हृदय मे एक विशिष्ट पहचान बनाई थी। यह पहचान समय एवं भौतिक बंधनो से मुक्त है। अजर है अमर है ।
गरीबो, जरूरतमंदों की सेवा से ही मिलती है सच्ची खुशी
शर्मा जी भौतिक रूप से तो स्थानातरित हो गए हैं परंतु उनकी सोच, उनकी पहल एवं सीख कभी स्थानातरित नहीं होगी। अपनी विदाई के क्षण मे भी श्री शर्मा की सोच मे सिर्फ जनहित एवं लोक कल्याण की ही भावना थी। आपने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ये अपेक्षा की है कि शासन की जनहितकारी योजनाओ के उन्नत क्रियान्वयन के द्वारा गरीबो एवं जरूरतमंदों की सदैव सेवा करते रहेंगे। जो खुशियाँ लाभार्थी के चेहरे पर दिखेंगी उसी से सच्चे आनंद की प्राप्ति होगी। आपने समस्त अधिकारियों से आशा की है कि ऐसा ही सहयोग वे नवागत कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी को भी प्रदान करेंगे।
पुलिस एवं ज़िला प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय का श्रेय श्री शर्मा को- पुलिस अधीक्षक  श्री जैन

ज़िले मे शांति व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए ज़िला प्रशासन एवं पुलिस का समन्वय आवश्यक है। श्री शर्मा के कुशल नेतृत्व मे जो एकरूपता बनी उससे दायित्वों के निर्वहन मे कभी भी कोई परेशानी हुई। पुलिस अधीक्षक  श्री सुनील कुमार जैन ने कहा कि श्री शर्मा के कार्यकाल मे ज़िले मे अति विशिष्ट अतिथियों का आगमन हुआ, व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों के आयोजन मे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना श्री शर्मा की उपस्थिति मे सहजता से हो गया। आपने बताया कि श्री शर्मा के कार्य काल मे भारत के राष्ट्रपति महामहिम श्री रामनाथ कोविन्द जी , प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आगमन हुआ। नर्मदा सेवा यात्रा, एकात्म यात्रा, वृहद वृक्षारोपण अभियान आदि सभी गतिविधियों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराया। आपने बताया कि उक्त आयोजनो की व्यवस्था की कीर्ति प्रदेश की सीमाओं को भी पार कर गयी। मध्यप्रदेश के साथ साथ अन्य प्रदेशों के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ऐसे ही आयोजन को सम्पन्न करने हेतु अनूपपुर से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
आपके साथ कार्य करने का इंतज़ार रहेगा- श्रीमती सिड़ाना
कार्यों की कीर्ति को भौतिक सीमाओं एवं बंधनो मे नहीं रखा जा सकता। यह बहुत गतिमान होती है। आपका काम आपके नाम से बड़ा होता है। ऐसा ही कुछ अनुभव नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्रीमती सलोनी सिडाना का भी रहा। आपने बताया कि जब उनका स्थानांतरण अनूपपुर हुआ तो आपके परिचय के  छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारियों ने बधाई देते हुए कहा आप बहुत भाग्यशाली है कि आपको शर्मा सर के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। आपने कहा आप बहुत निराश है कि आपको श्री शर्मा के साथ कार्य करने का अवसर अभी प्राप्त नहीं हो पाया परंतु आपको सदैव उस क्षण का इंतज़ार रहेगा।
श्री शर्मा के कुशल नेतृत्व मे ज़िले ने की उत्तरोत्तर प्रगति - डॉ आरपीतिवारी

 अपर कलेक्टर डॉ आरपी तिवारी ने इस अवसर पर बताया कि श्री शर्मा के हाथों मे बागडोर आने के समय अनूपपुर लगभग सभी मापदंडो मे अंतिम पायदान मे रहता था। हर विषय मे अंतिम 5 से बाहर निकालने के लिए भरी जद्दोजहद का सामना करना पड़ता था। श्री शर्मा के कुशल नेतृत्व से सभी अधिकारियों मे एक ज़िम्मेदारी का, जनसेवा का भाव उत्पन्न हुआ। इसका प्रतिफल यह रहा कि आज बहुत से मापदंडो मे चाहे वह राज्य सरकार की जनहितकारी महत्वाकांक्षी असंगठित श्रमिकों के पंजीयन की योजना हो या लोक सेवा गारंटी अथवा समाधान एक दिन सभी क्षेत्रो मे ज़िले का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। आरसीएमएस पोर्टल मे राजस्व समस्याओ का निराकरण हो या समाधान एक दिन मे सुविधा का प्रदाय अनूपपुर ज़िले को शीर्ष तक ले जाने के श्रेय के अधिकारी श्री शर्मा ही है। 



पद की गरिमा को नयी ऊचाइयाँ प्रदान की है श्री शर्मा ने- श्री वैष्णव शर्मा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैष्णव शर्मा ने कहा कुछ लोग अपने पद के कारण जाने जाते है, और कुछ अपने कर्मो से पद को ऐसी ऊचाइयाँ प्रदान करते है, जिससे उस पद की गरिमा बढ़ जाती है। ऐसी ही गरिमा अनूपपुर ज़िले के कलेक्टर पद को श्री अजय शर्मा के कार्य से प्राप्त हुई है।

कार्यक्रम मे उपस्थित उपसंचालक पशुपालन श्री वीपीएस चौहान ने कहा श्री शर्मा के अच्छे कार्यो को सदैव याद रखा जाएगा आपने आशा की है कि क्षेत्र को पुनः आपकी सेवाओ का अवसर प्राप्त होगा। आपने शुभकामनाए देते हुए कहा उच्च पद पर आसीन होकर इसी संभाग मे आपकी सेवाओ का इंतज़ार रहेगा। उपसंचालक कृषि श्री एनडी गुप्ता ने कहा नवाचारों के क्रियान्वयन के लिए श्री शर्मा का सदैव सहयोग प्राप्त हुआ। यही कारण है कि अनूपपुर मे स्ट्रॉबेरी उत्पादन का नवाचार सफलतापूर्वक किया जा सका। ज़िला पंचायत परियोजना डॉ उमेश द्विवेदी जी ने श्री शर्मा के कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा आपके प्रयासो के फलस्वरूप ही अब अनूपपुर ज़िले मे सर्वाधिक उत्पादन धान की जगह मुर्गीपालन हो गया है। प्रोजेक्ट सुगम के माध्यम से पिछड़े हुए पुष्पराजगढ़ ब्लॉक के सरई, बड़ी तुम्मी, पड़मनिया एवं आस पास की ग्राम पंचायतों को डिजिटल सेवा का प्रदाय नई दिल्ली तक सराहा गया।
सरल होना सबसे कठिन है। यह कठिन साधना है । श्री अजय शर्मा ने सरलता के इस गुण को अपने व्यक्तित्व मे साध लिया है। अपनी विदाई के क्षणो मे श्री शर्मा ने कहा
नक्शा उठा के नया शहर ढूंढो
इस शहर मे सभी से मुलाक़ात हो गयी है 
इन पंक्तियों ने सभी को द्रवित कर दिया। यहा पर यह कहना उचित है अभी भी बहुत कुछ बाकी है


पाना है जो मुकाम वो अभी बाकी है
आसमान की उड़ान अभी बाकी है
जिस सोच का नाम है अजय शर्मा 
उस सोच की पहचान अभी बाकी है
ज़िले के समस्त अधिकारियों ने श्री शर्मा को आश्वस्त किया कि वे सदैव आपके बताए गए मार्ग पर चलते रहेंगे। आपकी सोच को क्रियान्वित कर अनूपपुर को एक नयी पहचान प्रदान करेंगे। सभी ने आप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा जहां भी रहे इसी तरह से वहाँ भी नए कीर्तिमान स्थापित करे। उल्लेखनीय है कि श्री अजय शर्मा स्कूल शिक्षा विभाग मे अपर सचिव के पद पर अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे। कार्यक्रम मे ज़िले के   स्वास्थ्य,पशुपालन, कृषि, खाद्य ,सहकारिता,जनसम्पर्क, आजीविका समेत समस्त विभागो के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन ज़िला मीडिया प्रभारी श्री अमित श्रीवास्तव ने किया।



No comments:

Post a Comment

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें