ग्राम स्वराज अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु करे आवश्यक व्यवस्थाएं- कलेक्टर श्री शर्मा
अनूपपुर 18 अप्रैल 2018/ पुष्पराजगढ़ जनपद के अंतर्गत करौंधी, जरही, उमनिहाँ,बांकुर और बेलगवाँ मे ग्राम स्वराज अभियान 14 अप्रैल से 5 मई तक आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा द्वारा अभियान के सफलता पूर्वक क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अभियान के अन्तर्गत निर्धारित तिथियों पर विशिष्ट आयोजन करने के लिये सम्बन्धित विभागों के अधिकारी व्यवस्थाएं जिला, जनपद, ग्राम स्तर पर करेंगे। आपने बताया कि स्वच्छ भारत के कार्यक्रम के लिये 18 अप्रैल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा। उज्ज्वला दिवस 20 अप्रैल के कार्यक्रम के लिये खाद्य विभाग नोडल विभाग रहेगा। राष्ट्रीय पंचायतराज दिवस कार्यक्रम के लिये 24 अप्रैल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा। ग्राम स्वराज दिवस के दिन 28 अप्रैल के कार्यक्रमों के लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सौभाग्य योजना के लिये सहयोगी ऊर्जा विभाग नोडल विभाग रहेंगे। आयुष्मान भारत दिवस 30 अप्रैल के कार्यक्रमों के लिये लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नोडल विभाग रहेगा। किसान कल्याण दिवस 2 मई के कार्यक्रमों के लिये कृषि विभाग नोडल विभाग रहेगा एवं आजीविका दिवस 5 मई के कार्यक्रमों के लिये पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा सहयोगी तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग नोडल विभाग रहेगा।
“ग्राम स्वराज अभियान- सबका साथ, सबका गांव, सबका विकास कार्यक्रम” का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना, गरीब परिवारों तक पहुंच कायम करना और केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों से वंचित रह गए सभी लोगों को इनके दायरे में लाकर लाभान्वित करना है।
ग्राम स्वराज अभियान के दौरान प्रदेश के 404 गांवों के लिए विशेष पहल शुरू की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत उज्ज्वला योजना, मिशन इन्द्रधनुष, प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना, उजाला, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का शत प्रतिशत आच्छादन किया जाएगा।
अनूपपुर मे पुष्पराजगढ़ जनपद के अंतर्गत करौंधी, जरही, उमनिहाँ,बांकुर और बेलगवाँ को ग्राम स्वराज अभियान के लिए चयनित किया गया है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने वंक्षित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए स्वसहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों के सक्रिय सहयोग लेने एवं अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा एवं योजना बद्ध तरीके से कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया है।आपने बताया कि इन 5 गावों मे कुल 2458 परिवार एवं कुल आबादी 10036 है। इनमे 1681 परिवार अनुसूचित जाति, 610 परिवार अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के 72 एवं 95 सामान्य परिवार हैं ।
No comments:
Post a Comment