Saturday, May 26, 2018

कलेक्ट्रेट परिसर मे संचालित कार्यालयों का श्रीमती अनुग्रह पी ने किया निरीक्षण


कलेक्ट्रेट परिसर मे संचालित कार्यालयों का श्रीमती अनुग्रह पी ने किया निरीक्षण



अनूपपुर 26 मई 2018/ कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने आज कलेक्ट्रेट परिसर मे संचालित समस्त कार्यालयों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। आपने समस्त कार्यालयों के प्रभारी अधिकारियों से कार्यालय मे कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी, रिकार्डों के संधारण की व्यवस्था, आम जनो के संपर्क की व्यवस्था का मुआयना किया। आपने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कार्यालय मे साफ़ सफाई बनाए रखकर व्यवस्थित ढंग से कार्य करे। व्यवस्थित ढंग से कार्य करने से कार्यक्षमता मे वृद्धि होती है साथ ही समय से कार्य हो जाने से तनाव भी नहीं होता है। आपने कहा शासन की जनहितकारी योजनाओ के क्रियान्वयन मे किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही आपने कहा किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत, राजनीतिक अथवा प्रशासनिक समस्या आने पर आपसे सीधा संपर्क करे।


सफलता की कहानी प्रेमलाल एवं प्रताप को 1 घंटे मे प्राप्त हुई सेवाएँ समाधान एक दिन - सुशासन का एक नया अध्याय

सफलता की कहानी
प्रेमलाल एवं प्रताप को 1 घंटे मे प्राप्त हुई सेवाएँ
समाधान एक दिन - सुशासन का एक नया अध्याय




अनूपपुर 26 मई 2018/ नागरिक अधिकारो को सशक्त बनाने का कार्य लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं समाधान एक दिन व्यवस्था द्वारा किया जा रहा है। ये व्यवस्थाएं मध्यप्रदेश शासन द्वारा लागू किए गए सुशासन के प्रयासो की महत्वपूर्ण कड़ी है। इन व्यवस्थाओ के फलस्वरूप चिन्हित सेवाओ को प्राप्त करने के लिए आम जन को अब किसी की इच्छा पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। सेवाएँ प्राप्त करना अब नागरिकों का अधिकार है। आम नागरिकों से जुड़ी बहुत सी ऐसी सेवाएँ है, जिनके लिए विभिन्न कार्यालयो मे भटकना पड़ता है तथा कई बार दलालो के द्वारा ठगे जाते हैं। इसका मुख्य कारण नागरिकों मे शासकीय प्रक्रियाओं का स्पष्ट न होना। इन समस्याओं को दूर करने के लिये राज्य शासन द्वारा  प्रत्येक जिले में ''समाधान एक दिन में - जन सुविधा केन्द्र'' स्थापित किए गए हैं। सुशासन का परिचय पुष्पराजगढ़ के प्रताप एवं ग्राम केकरिया के प्रेमलाल पनिका को प्राप्त हुआ। जब उनको आवेदन देने के महज 1 घंटे मे नक्शे एवं खसरे की नकल लोक सेवा केंद्र पुष्पराजगढ़ से प्राप्त हुई।  प्रति प्राप्त करते ही वो प्रफुल्लित हो उठे आपने शासन की इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित किया है। लोक सेवा केंद्र पुष्पराजगढ़ के द्वारा प्रतिदिन 100 से 150 आवेदनो का उसी दिन निराकरण कर आवेदको को संतुष्ट किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि समाधान एक दिन व्यवस्था अंतर्गत जन सुविधा केन्द्र में प्रतिदिन पूर्वान्ह में (जिले द्वारा निर्धारित समयावधि में) प्राप्त होने वाले आवेदनों का परीक्षण कर उसी दिन अपरान्ह में (जिले द्वारा निर्धारित समय पर) प्रमाण-पत्र जारी किये जाते हैं। यदि आवेदन में कोई कमी रहती है, तो कमी का कारण बताते हुये पत्र जारी किये जाते हैं। निर्धारित अवधि के बाद कार्यालयीन समय में आवेदन प्रस्तुत करने वाले नागरिकों को अगले दिन प्रमाण-पत्र दिये जाते हैं। जन सुविधा काउंटर के आगंतुक डेस्क पर नागरिक को आवेदन-पत्र का फार्म उपलब्ध रहता है, जिसके साथ आवश्यक संलग्नकों की सूची होती है। आवेदन-पत्रों को भरने के लिये केन्द्र में सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।

जन सुविधा केंद्र से समाधान एक दिन व्यवस्था अंतर्गत प्रदान की जाने वाली सेवाएँ


जन-सुविधा केन्द्र से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाऐं मूल निवासी प्रमाण-पत्र, अस्थायी जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण पत्र, मतदाता सूची के सत्य प्रतिलिपि, एफआईआर की प्रति प्रदान करना, राजस्व न्यायालयों के अंतिम आदेश की छायाप्रति, लर्निंग ड्राइविंग लाईसेंस की प्रतिलिपि, मर्ग इंटिमेशन का छायाप्रति, चालू खसरा की प्रतिलिपि, बी-1 खतौनी/ चालू नक्शा की प्रतिलिपि, प्रसूति अवकाश सहायता योजना, जननी सुरक्षा योजना, बृद्धा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्त पेंशन योजना, मुख्यमंत्री निःशक्त शिक्षा प्रोत्साहन योजना, विवाह प्रोत्साहन योजना, निःशक्त छात्र/ छात्राओं के लिये उच्च शिक्षा में दी जाने वाली फीस निर्वाह भत्ता एवं परिवहन भत्ता योजना, निःशक्त जन सहायता अनुदान योजना, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा निःशक्त पेंशन योजना, रोजगार कार्यालय में पंजीयन, रोजगार कार्यालय में पंजीयन का नवीकरण आदि सेवाओं का प्रदाय किया जा रहा है।

सफलता की कहानी जागृति लाकर नशे की लत से दिला रहे हैं छुटकारा

सफलता की कहानी
जागृति लाकर नशे की लत से दिला रहे हैं छुटकारा



अनूपपुर 26 मई 2018/ समाज से बुराइयों को दूर करने का सर्वश्रेष्ठ तरीका, नागरिकों की सोच को बदलने के साथ उन्हे जागरूक करना। कानूनों एवं दंड के प्रावधानों से कहीं ज्यादा शक्तिशाली है अन्तःकरण को जागृत करना, स्व्प्रेरणा से ही  संयमित एवं सभ्य जीवन की राह पर चला जा सकता है। समाज मे व्याप्त ऐसी ही बुराइयों को दूर करने का कार्य अनूपपुर मे मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्रों द्वारा किया जा रहा है।
अनूपपुर ज़िले मे युवाओं एवं वयस्कों को नशे की आदत से दूर करने के लिए इन छात्रों के द्वारा आम जनो को जागृत किया जा रहा है। कई बार बुरी आदतों के दूरगामी परिणामो को समझ पाना गावों मे सीधे-साधे परिवेश मे  निवास करने वाले व्यक्तियों के लिए आसान नहीं होता। नशा एक ऐसी कुरीति है जो न केवल संबन्धित को नुकसान पहुंचाती है वरन इससे पूरे परिवार मे अशांति एवं समस्या आती है। छोटे बच्चो को अभिभावकों से स्नेह एवं दुलार न मिल पाने से उनके मानसिक एवं बौद्धिक विकास मे बाधाएँ आती है। व्यक्ति विशेष को स्वास्थ्य समस्या तो होती ही है इस बढ़े हुए खर्चे से गरीब घरों की आर्थिक स्थिति मे भी विपरीत प्रभाव पड़ता है।
लगातार नशे की लत होने से संबन्धित की बीमारी परिवार के लिए और अधिक कष्ट का विषय तब बन जाती है जब घर के लिए रोटी की व्यवस्था करने की ज़िम्मेदारी सिर्फ उसी के कंधे पर रही हो। ऐसी स्थित मे परिवार के अन्य सदस्यों मे कम उम्र मे ही घर की ज़िम्मेदारी लेने का दबाव बन जाता है और उनकी योग्यता का कुशलता का समुचित विकास नहीं हो पाता। इसके साथ ही घर के बड़ो मे ये लत होने से बच्चों मे भी इस आदत के अनुकरण करने की संभावना बढ़ जाती है और परिवार गरीबी, बुरी लतों एवं विपन्नता के ऐसे दुष्चक्र मे फंस जाता है जहां से निकल पाना कठिन होता जाता है। उक्त बातों की समझाइश छात्रों एवं परामर्शदाताओं के द्वारा गावों मे गोष्टी लगाकर एवं दीवारों मे प्रेरणादायक नारों के द्वारा दी जा रही है। अनूपपुर ज़िले के विभिन्न क्षेत्रों मे सीएमसीएलडीपी एवं जन अभियान परिषद की नशा मुक्ति वाहिनी द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
इन प्रयासो के फलस्वरूप लोगों मे नशे की लत से दूरी एवं विकास की गतिविधियों मे जुड़ाव बढ़ रहा है। गावों मे जाकर आरती सिंह, प्रीतीरानी सिंह, रीना, झोगरबती, अमर द्विवेदी, देव सिंह पाव परामर्श दाता मोहम्मद नजीर खान, आशुतोष पांडे आशा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र को नशा मुक्त करने के लिए अनवरत प्रयास किए जा रहे हैं।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें