Sunday, April 22, 2018

24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मंडला जिले के ग्राम रामपुर से पूरे देश को संबोधित करेंगे


24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मंडला जिले के ग्राम रामपुर से
पूरे देश को संबोधित करेंगे



अनूपपुर 22 अप्रैल 2018/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कल वीडियो कांफ्रेंसिंग मे बताया कि 24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मंडला जिले के ग्राम रामपुर से पूरे देश को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गयी है। सभी जिला, जनपद, ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में सजीव प्रसारण देखने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। श्री चौहान ने बताया कि 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाये जायेंगे और स्वास्थ्य साक्षरता संबंधी गतिविधियाँ संचालित की जायेंगी। दो मई को किसान कल्याण दिवस पर किसानों की आय दोगुनी करने के संबंध में ग्राम सभाओं की विशेष बैठक में चर्चा होगी। पांच मई को आजीविका और कौशल विकास दिवस मनाया जायेगा। श्री चौहान ने केन्द्र सरकार के ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत की जाने वाली
गतिविधियों और कार्यक्रमों के संबंध में भी आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिये हैं।

श्री चौहान ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री असंगठित क्षेत्र मजदूर कल्याण योजना की चर्चा करते हुए कलेक्टरों से कहा कि यह सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। सभी कलेक्टर अपने-अपने जिले में श्रमिक कल्याण सम्मेलनों की तैयारी करें। पंजीकृत श्रमिकों की सूची दो मई को होने वाली ग्राम सभाओं में पढ़कर सुनाई जायेगी। शहरों में वार्ड सभाओं में यह सूची पढ़कर सुनाई जायेगी। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिये कि भूमिहीन, आवासहीन गरीब मजदूरों को जमीन का पट्टा देने की सभी औपचारिकताएँ पूरी कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के पंजीयन में सभी दस्तावेज स्व-प्रमाणित मान्य किये जायेंगे ताकि उन्हें परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल जिलों में पात्र परिवारों को वनाधिकार पट्टे हर हालत में मिल जाना चाहिये।
पेयजल संकट से निपटने की रणनीति तैयार रखें

मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिये कि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ कम वर्षा से पैदा पेयजल संकट से निपटने की तैयारी रखें। जहाँ संकट ज्यादा हो, वहाँ परिवहन के माध्यम से भी पेयजल उपलब्ध कराने की रणनीति बनायें। 

वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह श्री के.के. सिंह और प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री अशोक वर्णवाल एवं संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें