अनूपपुर 26 नवम्बर 2014/ डिप्टी कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा ने बताया है कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत दिसम्बर माह में 25 दिसम्बर को अनूपपुर से विशेष रेलगाड़ी जिले के तीर्थयात्रियों को लेकर तिरुपति रवाना होगी। जो 30 दिसम्बर 2014 को अनूपपुर वापस आएगी। इसी तरह फरवरी माह में अनूपपुर रेलवे स्टेशन से तीर्थयात्रियों को लेकर विशेष रेलगाड़ी 18 फरवरी 2015 को रवाना होगी जो 23 फरवरी 2015 को वापस अनूपपुर पहुंचेगी। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजनांतर्गत जिले के ऐसे हितग्राही जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है तथा वे आयकर दाता नहीं हैं, किसी एक स्थान की तीर्थयात्रा हेतु आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आवेदन संबंधित ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से तथा शहरी क्षेत्र के लिए आवेदन संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी कार्यालय के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। आवेदक से इस आशय का प्रमाण पत्र लिया जाएगा कि वह पूर्व में मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना का लाभ नहीं प्राप्त किया है। 25 दिसम्बर को तिरुपति जाने वाली यात्रियों की सूची 15 दिसम्बर तक तथा 18 फरवरी को रामेश्वरम् के लिए जाने वाली यात्रा के लिए यात्रियों की सूची 18 फरवरी तक तहसीलदारों को विशेष वाहक के माध्यम से जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि सीईओ जनपद पंचायत पंचायत सचिवों को निर्देशित करें कि ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन पत्रों के पंजीयन हेतु पंजी का संधारण करें। इसी तरह नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा आवेदनों का पंजीयन किया जाएगा। आवेदन पत्र प्राप्त करते समय यह सुनिश्चित किया जाय कि यदि पति-पत्नी दोनों यात्रा के लिए इच्छुक हैं तो एक साथ आवेदन करें। यदि 65 वर्ष की आयु सीमा पूर्ण करने वाले आवेदक यात्रा पर अकेले जा रहे हैं तो उनके द्वारा सहयोगी की मांग करने पर सहयोगी का भी आवेदन संलग्न किया जाय। यदि जिले को आवंटित निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे तो जिला स्तर पर कम्प्यूटराईज्ड लाॅटरी के माध्यम से यात्रियों का चयन किया जाएगा। इस यात्रा में यदि आवेदक को यात्रा का अवसर नहीं प्राप्त होता है तो उनका आवेदन यथावत रहेगा और भविष्य में होने वाली यात्रा के लिए उन्हें पुनः आवेदन नहीं करना पड़ेगा। उस आवेदन को सहमति के आधार पर लाॅटरी पद्धति में शामिल कर लिया जाएगा। आवेदक एक या एक से अधिक स्थान की यात्रा हेतु आवेदन कर सकते हैं, परन्तु उन्हें एक ही स्थान की यात्रा का अवसर प्राप्त हो सकेगा। यात्रियों को मौसम के अनुरूप वस्त्रों की व्यवस्था तथा दैनिक उपयोग की सामग्री की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। यात्रा एवं भोजन व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।
No comments:
Post a Comment