Thursday, July 12, 2018

20 जुलाई को 44,757 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगी लैपटॉप राशि

20 जुलाई को 44,757 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगी लैपटॉप राशि 
मुख्यमंत्री श्री चौहान जबलपुर में करेंगे लैपटॉप राशि का वितरण, संभागीय मुख्यालयों में होंगे लैपटॉप राशि वितरण कार्यक्रम 
अनुपपुर | 12-जुलाई-2018
 
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विगत 11 जून को की गई घोषणा के अनुसार प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना में मध्यप्रदेश बोर्ड की 12वीं परीक्षा पहली बार में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक के साथ उत्तीर्ण करने वाले शेष 44 हजार 757 विद्यार्थियों को 20 जुलाई को लैपटॉप राशि का वितरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री स्वयं जबलपुर संभागीय मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जबलपुर संभाग के पात्र विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र के साथ लैपटॉप खरीदने की राशि का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री के जबलपुर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन द्वारा दोपहर एक बजे सभी जिलों में किया जायेगा।
    जिला-स्तरीय लैपटॉप राशि वितरण कार्यक्रम संभागीय मुख्यालय में आयोजित किये जायेंगे। इन कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, अन्य निर्वाचित जन-प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप राशि और प्रशस्ति-पत्र का वितरण किया जायेगा।
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पूर्व में 28 मई को भोपाल में आयोजित राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में 85 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों तथा अनुसूचित-जाति, जनजाति, विमुक्त तथा घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जाति के 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 22 हजार 34 विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिये 25 हजार रुपये के मान से राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये थे।

श्रमिकों के बिजली बिल संबंधी प्रकरण समाप्त किये जायेंगे : मुख्यमंत्री श्री चौहान

श्रमिकों के बिजली बिल संबंधी प्रकरण समाप्त किये जायेंगे : मुख्यमंत्री श्री चौहान 
मुख्यमंत्री द्वारा 5800 करोड़ लागत की बिजली परियोजनाओं एवं उप-केन्द्रों का लोकार्पण-भूमि-पूजन, रतलाम जिले में 59,784 हितग्राहियों के 23 करोड़ से अधिक राशि के बकाया बिजली बिल माफ 
अनुपपुर | 12-जुलाई-2018
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह ने आज रतलाम जिले के जावरा में हुए संबल योजना के कार्यक्रम में जिले के 59 हजार 784 पात्र हितग्राहियों के 23 करोड़ 12 लाख 75 हजार की राशि के बकाया बिजली बिल माफ करते हुए उन्हें इस आशय के प्रमाण-पत्र वितरित किये। श्री चौहान ने घोषणा की कि श्रमिकों पर चल रहे बिजली संबंधी प्रकरण समाप्त किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को बिजली बिल की चिंता से पूरी तरह मुक्त किया जायेगा। किसानों, श्रमिकों और अन्य जरूरतमंद लोगों के हितों को ध्यान में रखकर ही राज्य सरकार ने प्रदेश में बकाया बिजली बिल माफी योजना लागू की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिजली बिल माफी के लिये गरीबों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में जगह-जगह शिविर लगाकर गरीबों को जीरो बेलेंस बिजली बिल के प्रमाण-पत्र वितरित किये जायेंगे।
गरीबों की खुशहाली ही मेरी जिंदगी का मकसद
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों की खुशहाली ही मेरी जिंदगी का मकसद है। मैं हमेशा गरीब की आँखों में चमक देखना चाहता हूँ। उन्होंने कहा कि गरीब व्यक्ति के लिये अगर रोटी, कपड़ा, मकान जैसी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ बच्चों की पढ़ाई और परिवार के लिये बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध रहे तो वह हर मुश्किल का सामना कर सकता है। श्री चौहान ने बताया कि संबल योजना में हाथ ठेला चलाने वाले, असंगठित श्रमिक, सब्जी बेचने वाले और इसी तरह के अन्य कार्य करने वाले लोगों को प्राथमिकता से सभी जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जायेगा।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर 5800 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न बिजली परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। उन्होंने उज्जैन संभाग को शत-प्रतिशत विद्युतीकृत घोषित करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
    श्री चौहान ने उपस्थित विशाल जन-समुदाय को विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों का आव्हान किया कि बेटियों के सम्मान, गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण तथा प्रदेश के विकास के लिये एकजुट होकर सहयोग प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने बकाया बिजली बिल माफी के प्रमाण-पत्रों के साथ ही हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हित-लाभ भी वितरित किये।
    ऊर्जा मंत्री श्री पारस जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री चैतन्य काश्यप, विधायक श्री राजेन्द्र पाण्डे, श्री मथुरालाल डामर, श्री जितेन्द्र गहलोत, श्रीमती संगीता चारेल, श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, श्री जगदीश देवड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमेश मईड़ा, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री आई.सी.पी. केशरी, प्रमुख सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव, म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध संचालक श्री आकाश त्रिपाठी, म.प्र. पॉवर ट्रांसमिशन कम्पनी के प्रबंध संचालक और बड़ी संख्या में आम लोग भी मौजूद थे।

मेडिकल कॉलेजों में अगले साल से बढ़ेंगी 450 सीट

मेडिकल कॉलेजों में अगले साल से बढ़ेंगी 450 सीट 
अनुपपुर | 12-जुलाई-2018
    प्रदेश में संचालित मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2019-20 से एमबीबीएस स्नातक पाठ्यक्रम में 450 सीट की वृद्धि की जा रही है। चिकित्सा शिक्षा प्रदान करने के लिये भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद के निर्धारित मापदण्ड पूरे करने पर निर्धारित सीट की स्वीकृति मिल गई है।
    वर्ष 2019-20 में एमबीबीएस स्नातक पाठ्यक्रम में कुल सीट 1350 हो जायेंगी। वर्तमान में 7 मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 900 सीट उपलब्ध हैं। मेडिकल कॉलेज भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर में वर्तमान सीट 150 से बढ़ाकर 250 सीट की जा रही है। इसी प्रकार रीवा में 100 से बढ़कर 150 सीट हो जायेगी।
    भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद के मापदण्ड के अनुरूप मेडिकल कॉलेज द्वारा आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति, उपकरण क्रय संबंधी तैयारी पूरी हो चुकी है। आवश्यक अधोसंरचना और सिविल कार्य दिसम्बर 2018 तक पूरे किये जा रहे हैं। इन कार्यों के लिए चिकित्सा मेडिकल कॉलेजों को भारत सरकार की योजना में 75 करोड़ रूपये की राशि मिली है। इसमें केन्द्र सरकार द्वारा 60 प्रतिशत और राज्य सरकार द्वारा 40 प्रतिशत राशि व्यय की जा रही है।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें