Saturday, May 5, 2018

सफलता की कहानी जन अभियान परिषद के प्रयास से नदियों को मिला पुनर्जीवन प्रस्फुटित हुई जलधारा

सफलता की कहानी
जन अभियान परिषद के प्रयास से नदियों को मिला पुनर्जीवन
प्रस्फुटित हुई जलधारा


अनूपपुर 5 मई 2018/ नदियां अपने साथ सिर्फ जल नही जीवन का प्रवाह करती है। नदियों पर एक बड़े क्षेत्र के  पशु पक्षियों एवं वनस्पतियों का जीवन आधारित होता है। जैव विविधता के संरक्षण एवं संवर्धन मे नदियों का विशेष स्थान है। परिस्थितिक तंत्र का स्थायित्व एवं विकास बिना नदियों के संभव नही है। सदियों से नदियों के द्वारा समस्त जीवित प्राणियों की आवश्यकता की पूर्ति की जाती रही है। पर्यावरणीय परिवर्तन, पेढ़ पौधों के कटाव, नदियों के बेसिन का अनुचित तरीके से उपयोग आदि कारणो से आज बहुत सी नदियां अपने प्रवाह को बनाए रखने मे सफल नहीं हो पा रही है। इन्ही समस्याओ को दूर करने और अपने पुरातीत स्वरूप को खो चुकी नदियों को पुनर्जीवन प्रदान करने का पुनीत कार्य शासन द्वारा जन अभियान परिषद के माध्यम से किया जा रहा है।
अनुपपुर ज़िले मे जन अभियान परिषद द्वारा विगत दिनो आयोजित जल संसद मे कोतमा की कनई नदी, जैतहरी की हंसिया नदी, अनूपपुर की बाँकी नदी, पुष्पराजगढ़ की देवराज नदी की साफ़सफ़ाई एवं पुनर्जीवन प्रदान करने हेतु कार्ययोजना बनाई गयी थी।

इसी क्रम मे आज जन अभियान परिषद द्वारा उक्त चारो नदियों मे चयनित स्थलो मे  एक साथ श्रमदान कार्य जनसहयोग से किया गया। जैतहरी विकासखंड में चयनित नदी हँसिया के उद्गम स्थल पर यह पाया गया कि नदी पूरी तरह सूखी हुई है। स्थानीय ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अगुवाई में आम जनो एवं समिति के सदस्यो द्वारा श्रमदान कर उद्गम स्थल में जमी गाद, पत्थर ,झिरो में जमा पत्तो को हटाने का कार्य किया गया। जिसके परिणामस्वरूप सूखी नदी में जल की धारा बह चली। इसी प्रकार पुष्पराजगढ़ विकासखंड में देवराज नदी पर भी प्रातः श्रमदान कर गहरीकरण एवम गाद हटाने का कार्य ग्राम मझगवां में नदी उद्गम स्थल पर किया गया।।अनूपपुर विकासखंड में चयनित नदी बांकी पर ग्राम बड़ीखार में सामुहिक श्रमदान से नदी की स्वक्षता का एवम गहरीकरण किया गया। इसी प्रकार कोतमा में कनई नदी के गहरीकरण एवम स्वच्छता का कार्य  जन अभियान परिषद की अगुवाई में चलाया गया। 
यह श्रमदान प्रत्येक विकासखंड में लगातार 15 दिनों तक चयनित नदियो में चलेगा।।ज्ञात हो कि माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा जल संसद कार्यक्रम के अयोजन में जनभागीदारी से नदियों को बचाने का आह्वान किया गया था।। पूरे प्रदेश में परिषद द्वारा 313 नदियो के पुनर्जीवन हेतु स्वेक्षिक श्रमदान किया जा रहा है। जन अभियान परिषद के ज़िला समन्वयक श्री उमेश पांडे ने आम जानो से अपील की है कि इस पवित्र कार्य मे भागीदार बन पारिस्थितिक तंत्र को सुदृढ़ कर जीवनदायिनी नदियो को उनका वास्तविक स्वच्छ एवं निर्मल स्वरूप प्राप्त करने मे सहयोग प्रदान करें।

मुख्‍यमंत्री स्‍वरोजगार, युवा उद्यमी एवं कृषक उद्यमी योजना से लाभ प्राप्त करने हेतु 28 मई तक करे आवेदन

मुख्‍यमंत्री स्‍वरोजगार, युवा उद्यमी एवं कृषक उद्यमी योजना से लाभ प्राप्त करने  हेतु 28 मई तक करे आवेदन


अनूपपुर 5 मई 2018/ महाप्रबंधक ज़िला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री ऊईके ने बताया कि वित्‍तीय वर्ष 2018-19 के लिए शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से मुख्‍यमंत्री स्‍वरोजगार योजना, मुख्‍यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं मुख्‍यमंत्री कृषक उद्यमी योजना में लाभ प्राप्‍त करने हेतु इच्‍छुक उमीदवारों 28 मई तक आवेदन दे सकते हैं।आपने बताया कि  मुख्‍यमंत्री स्‍वरोजगार योजना में 50.00 हजार से 10.00 लाख तक ऋण हेतु आवेदन किया जा सकता है। इस हेतु  आवेदक कक्षा- 5वीं उत्‍तीर्ण हो एवं आयु-सीमा 18 वर्ष से 45 वर्ष का होना चाहिए। सामान्‍य वर्ग पुरूष के लिये मार्जिन मनी सहायता राशि 15 प्रतिशत अधिकतम 1.00 लाख देय होगी। सामान्‍य वर्ग महिला/पिछडा वर्ग/अल्‍पसंख्‍यक/विकलांग/अनूसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति वर्ग को 30 प्रतिशत मार्जिन मनी अधिकतम 2.00लाख रूपए देय होगी। मुख्‍यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 10.00 लाख से 2.00 करोड़ तक ऋण हेतु आवेदन दिये जा सकते हैं। इस योजना से लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदक 10वीं कक्षा उत्‍तीर्ण हो एवं आयु-सीमा 18 से 40 वर्ष हो। इस योजना के तहत मार्जिन मनी सहायता राशि 15 प्रतिशत अधिकतम 12.00 लाख एवं बी.पी.एल. आवेदक होने पर 18.00 लाख देय होगी। मुख्‍यमंत्री कृषक उद्यमी योजना में 50.00 हजार से 2.00करोड तक के ऋण के लिए आवेदन दिये जा सकते हैं । आवेदक 10वीं कक्षा उत्‍तीर्ण एवं आयु-सीमा 18 से 40 वर्ष हो। इसके तहत मार्जिन मनी सहायता राशि 15 प्रतिशत अधिकतम 12.00लाख बी.पी.एल. होने पर 20 प्रतिशत अधिकतम 18.00 लाख देय होगी।

आवश्यक दस्तावेज़

उपरोक्‍त सभी योजनाओं में निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र (अंकसूची), आधार नंबर, बैंक खाता नंबर, दो फोटो, परियोजना रिपोर्ट आवेदन के साथ सभी दस्‍तावेज लगाना अनिवार्य होंगें। आवेदक एमपी आनलाइन कियोस्‍क के माध्‍यम से आवेदन कर सकतें हैं एवं आवेदन की दो प्रति मय दस्‍तावेजों के उद्योग कार्यालय में जमा कराना होंगे। इसके अतिरिक्‍त विस्‍तृत जानकारी महाप्रबंधक जिला व्‍यापार एवं उद्योग केंद्र, अनूपपुर से प्राप्‍त की जा सकती है।


सफलता की कहानी शिद्दत से किए गए प्रयास को मिला प्रकृति का साथ भीषण गर्मी मे ग्रामीणो के प्रयास से निकला शीतल जल

सफलता की कहानी
शिद्दत से किए गए प्रयास को मिला प्रकृति का साथ
भीषण गर्मी मे ग्रामीणो के प्रयास से निकला शीतल जल

पनपीहा तालाब मे जल की प्राप्ति

अनुपपुर 5 मई 2018/ बहुजन हिताय , बहुजन सुखाय की सोच पर आधारित सच्चे मन से किए गए प्रयास को प्रकृति का साथ मिल ही जाता है। इस भीषण गर्मी मे जहां समस्त जल स्त्रोतों मे  पानी की मात्रा निरंतर कम होती जा रही है एवं सूखे जैसे हालात उत्पन्न हो रहे हैं। रोज़मर्रा की जल की आम जरूरतों को पूरा करना जहां एक चिंता का विषय रहता है। ऐसे मे जैतहरी जनपद के ग्राम पपरोडी के ग्रामीणो के सच्चे प्रयास को प्रकृति ने स्वीकारा एवं सूखे पड़े पनपीहा तालाब से शीतल जल की प्राप्ति हुई। 


पनपीहा तालाब मे कार्य का शुभारंभ
 उल्लेखनीय है की गत माह आयुक्त शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव एवं कलेक्टर श्री अजय शर्मा द्वारा ग्राम पपरोड़ी मे आयोजित चौपाल मे ग्रामीणो से तालाबो के गहरीकरण हेतु आह्वान किया गया था। ग्रामीणो ने उक्त आह्वान एवं प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत एवं अपर कलेक्टर डॉ आर पी तिवारी के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री एस के वाजपेयी के नेतृत्व मे पनपीहा तालाब के गहरीकरण का कार्य प्रारम्भ कर दिया। इस जनहित के कार्य मे मोजरवेयर कंपनी का भी सहयोग ग्रामीणो को प्राप्त हुआ।मोजरवेयर कंपनी के प्रतिनिधि श्री कृष्णा रेड्डी द्वारा सीएसआर फ़ंड से मशीनरी का सहयोग प्रदान किया गया। तालाब के गहरीकरण का कार्य 4  दिनो तक चला । प्रत्येक दिन लगभग 40 से 50 ग्रामीणो ने श्रमदान किया। हर दिन सभी इसी आस मे रहते थे कि जल स्त्रोत की प्राप्ति हो जाए । 

ग्राम चोलना  
लगातार मेहनत कर रहे ग्रामीणो ने मायूसी को घर नहीं करने दिया एवं उसी उत्साह से दिन रात मेहनत करते रहे और अंततः धरती माँ ने ग्रामीणो के लिए जल स्त्रोत के द्वार खोल दिये और तालाब  की सूखी ज़मीन से शीतल जल की धारा का प्रवाह हो गया। इस कार्य को निष्पादित करने हेतु आवश्यक जन सहयोग प्राप्त करने मे  सरपंच लक्ष्मी मार्को एवं सचिव रामलखन ने उत्कृष्ट भूमिका निभाई। 
ग्राम चिल्हारी
इतना ही नहीं तालाब की सफाई से निकली उपजाऊ गाद को भी ग्रामीणो के खेतो मे डाला गया ताकि भूमि की उत्पादक क्षमता मे वृद्धि हो। आयुक्त श्री श्रीवास्तव एवं कलेक्टर श्री शर्मा के सुझाव का यह उत्कृष्ट क्रियान्वयन समस्त क्षेत्र के लिए  गर्मी मे पानी की समस्या से निपटने मे   एवं कृषि उत्पादकता की वृद्धि करने मे सहयोगी सिद्ध हो रहा है।


ग्राम लहरपुर
अन्य ग्राम पंचायतों मे भी इसी आधार पर किए जा रहे हैं तालाब गहरीकरण के कार्य 
पनपीहा मे जल प्राप्ति से बढ़ा है उत्साह

 मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद जैतहरी श्री वाजपेयी ने बताया कि इसी आधार पर ग्राम पंचायत छातापटपर के जोगी टोला , ग्राम पंचायत चिल्हारी, ग्राम पंचायत लहरपुर  के पोखी तालाब, ग्राम पंचायत चोलना, ग्राम पंचायत ओधेरा के कुधाराटोला तालाब का जनभागीदारी से गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है।इन पंचायतों मे भी ग्रामीणो का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। पनपीहा मे पानी की प्राप्ति की खबर से ग्रामीणो का उत्साह दोगुना हो गया है।

ग्राम ओधेरा
कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने पनपीहा मे जल प्राप्ति पर समस्त ग्रामवासियों एवं श्री वाजपेयी को बधाई दी है। आपके द्वारा  मोजरवेयर कंपनी के सहयोग की सराहना भी की गयी है। आपने कहा सीएसआर के फ़ंड का यह उचित उपयोग है। यही शासन द्वारा इस  प्रावधान को लाने का लक्ष्य भी था कि उद्यम अपने स्वविवेक से जनहितकारी कार्य मे सहयोग प्रदान कर सामाजिक ऋण की अदायगी करें।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें