फ़सल कटाई प्रयोगों एवं अन्य योजनाओं की जानकारी हेतु प्रशिक्षण 26 सितम्बर को
अनूपपुर 23 सितंबर 2018/ अपर कलेक्टर डॉ आर पी तिवारी ने बताया कि संभावित न्यायादर्श पद्धति द्वारा फ़सल कटाई प्रयोगों तथा अन्य सांख्यिकी योजनाओं के सम्बंध में राजस्व एवं कृषि अधिकारियों को प्रशिक्षित करने हेतु 26 सितंबर को प्रातः 11 बजे एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र कलेक्ट्रैट सभागार में आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजनांतर्गत तहसील इकाई एवं पटवारी हल्का इकाई के सम्बंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उप संचालक कृषि श्री एन॰डी॰ गुप्ता द्वारा विपुल पैदावार देने वाले उन्नत बीजों के सम्बंध में जानकारी दी जाएगी साथ ही उन्नत बीजों के नमूनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। सैद्धांतिक प्रशिक्षण उपरांत उसी दिवस व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण में ज़िले के समस्त राजस्व एवं भूअभिलेख, ज़िला सांख्यकीय अधिकारी, बैंक अधिकारी, एसडीओ कृषि, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक मंडल के मुख्यालयीन पटवारी, ज़िला मुख्यालय तहसील के पटवारी, तहसील क़ानूनगो, कृषि मज़दूरी तथा बाज़ार भाव के प्रतिवेदक पटवारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। उपसंचालक कृषि अपने अधीनस्थ अधिकारियों की एवं सम्बंधित तहसीलदार अपने अधीनस्थ अमले की प्रशिक्षण में उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। ज़िला स्तरीय प्रशिक्षण उपरांत सहायक अधीक्षक भू अभिलेख द्वारा अनूपपुर एवं कोतमा में 28 सितम्बर को तथा पुष्पराजगढ़ एवं जैतहरी में 29 सितम्बर को तहसील स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
No comments:
Post a Comment