Saturday, March 31, 2018

कोई बैगा बिना जमीन के नहीं रहेगा-मुख्यमंत्री

कोई बैगा बिना जमीन के नहीं रहेगा-मुख्यमंत्री 
मध्यप्रदेश के सभी बैगा परिवारों के पक्के मकान बनाये जाएंगें, बैगा भाषा के शिक्षक नियुक्त किए जाएंगें, डिण्डौरी में बनेगा बैगा सांस्कृतिक केन्द्र 
अनुपपुर | 31-मार्च-2018
 
   प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गत दिवस कहा है कि प्रदेश में किसी भी बैगा परिवार को बिना जमीन के नहीं रहने दिया जायेगा। जो बैगा परिवार वर्षां से जिस जमीन पर काबिज है उन्हे उसका मालिकाना हक दिया जायेगा। उन्होने कहा कि वन भूमि पर वर्षों से काबिज बैगा परिवारों को कोई भी नहीं हटायेगा ऐसे परिवारों को भूमि का पट्टा देने के लिये मध्यप्रदेश में विशेष अभियान चलाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि वनाधिकार अधिनियम के तहत जिन बैगा परिवारों को भूमि आवंटित की गई है ऐसे सभी बैगा परिवारों के खेतों में निःशुल्क कुओं का निर्माण कराया जायेगा तथा उन्हें डीजल पंप भी उपलब्ध कराया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी बैगा परिवारों को आगामी दो वर्षों में पक्के माकान बनाये जायेंगें, बैगा भाषा को संरक्षित करने के लिये बैगा भाषा के शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। उन्होने कहा है कि बैगा संस्कृति को अक्षुण्य रखने के लिये डिण्डौरी में बैगा सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने बैगा समाज के लोगों से अपील करते हुये कहा है कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, शिक्षा देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिये प्रेरित और प्रोत्साहित करें। उन्होने कहा कि गांवों को स्वच्छ बनायें तथा शराब जैसी बुराईयों से दूर रहें, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गत दिवस शहडोल जिले के लालपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बैगा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन, सम्मेलन नहीं बल्कि बैगा आदिवासियों के जिंदगी को बदलने का प्रयास है। उन्होने कहा कि बैगा समाज के लोग बहुत सरल, सौम्य और मेहनतकश होते हैं। उन्होने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने यह संकल्प लिया है कि हम बैगा आदिवासियों की जिंदगी को बदलेंगें, उन्होने कहा कि बैगा समाज के युवाओं में बुद्धि की कमी नहीं है, अगर उन्हें थोड़ी सी सुविधा मिल जाये तो बैगा समाज के युवा चमत्कार कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बैगा आदिवासियों के सर्वांगीण विकास के लिये प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, प्रदेश के सभी बैगा बस्तियों में दिसम्बर के अंत तक बिजली पहंुचा दी जायेगी ताकि सभी बैगा परिवारों के घर रौशन हो सके। उन्होने कहा कि बैगा युवाओं को आईटीआई में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा उनके कौशल को तरासा जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का समय कम्प्यूटर का समय है, अगर युवाओं को कम्प्यूटर का ज्ञान नहीं होगा तो वे पिछड़ें हुये माने जाते हैं। इसको दृष्टिगत रखते हुये बैगा युवाओं के लिये शहडोल और मण्डला जिले में दो बड़े कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैगा बहुल सभी विकास खण्डों में एकलव्य विद्यालय खोले जाएंगें, मुख्यमंत्री ने कहा कि बैगा युवाओं के शिक्षा में प्रदेश सरकार किसी प्रकार का गतिरोध नहीं उत्पन्न होने देगी। उन्होने कहा कि सभी बैगा परिवार के बच्चों को पहली से लेकर पीएचडी तक निःशुल्क शिक्षा दी जायेगी। उन्होने बैगा युवाओं से अपील करते हुये कहा कि वो अच्छी शिक्षा ग्रहणकर अपनी क्षमताओं का प्रगटीकरण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैगा आदिवासियों की एक स्वास्थ्य सांस्कृतिक परंपरा है जिसे अक्षुण्य रखने के प्रयास मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे हैं। बैगा संस्कृतिक को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिये डिण्डौरी में बैगा सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैगा समाज की कक्षा 12 वीं में अध्ययनरत बालिकाओं को एनएम का प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवा के कार्य में लगाया जायेगा। उन्होने कहा कि बैगा बहुल क्षेत्रों में बैगा आदिवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जायेगा तथा गंभीर रोग से पीड़ित होने पर उनका निःशुल्क उपचार भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब पंजीकृत मजदूरों के पंजीयन के लिऐ 1 अप्रैल से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजीकृत मजदूरों को कई प्रकार की सहायता, सुविधाएं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मुहैया की जायेगी। मुख्यमंत्री ने बैगा समाज के लोगों से अपील करते हुये कहा कि वे अपना पंजीयन करायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में गरीब परिवारों की गर्भवती महिलाओं के बैंक खातों में 6 माह से 9 माह की समयावधि में उनकी गर्भावस्था के दौरान 4 हजार रूपये की राशि जमा कर दी जायेगी तथा बच्चे के जन्म के बाद ऐसी प्रसूता बहनों को 12 हजार रूपये अलग से दिये जाएंगें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा किसी व्यक्ति की 60 वर्ष से कम उम्र में मृत्यु पर 2 लाख रूपये की राशि उसके परिवार को मुहैया करवाई जायेगी तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये की सहायता ऐसे परिवारों को मुहैया करवाई जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में मजदूरी करने वाले सभी जातियों के लोगों से मात्र 200 रूपये का बिजली का बिल लिया जायेगा, इसके लिये सरकार द्वारा रेट तय कर दिया गया है।
   मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल जिले और अनूपपुर जिले में महिला स्वसहायता समूह अच्छा काम कर रही हैं, उन्होने महिलाओं से अपील करते हुये कहा कि स्वसहायता समूह गठित कर महिलाएं आर्थिक क्रांति लायें। उन्होने कहा कि मैं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त देखना चाहता हूं तथा उनके जीवन में खुशियां लाना चाहता हूं। बैगा सम्मेलन को संबोधित करते हुये सांसद श्री ज्ञान सिंह ने कहा कि बैगा समाज के लोग निरंतर तरक्की की ओर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा उन्हें समुचित सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है, उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आदिवासी समाज के कल्याण के लिये अनुकरणीय कार्य किया गया है। बैगा सम्मेलन को संबोधित करते हुये अध्यक्ष बैगा विकास अभिकरण श्री रामलाल बैगा ने कहा कि राज्य स्तरीय विशाल बैगा सम्मेलन में मैं सभी का स्वागत करता हूं, उन्होने कहाकि आज खुशी का दिन है कि शहडोल जिले के लालपुर में बैगा महाकुंभ आयोजित हुआ है। इस बैगा महाकुंभ में उमरिया, डिण्डौरी, सीधी, शहडोल एवं अन्य जिलों के बैगा समाज के लोग एकत्रित हुये हैं। उन्होने कहा कि बैगा समाज निरंतर प्रगति की ओर आगे बढ़ रहा है, बैगा युवाओं की शासकीय सेवाओं में आज समुचित भागीदारी हो रही है। अध्यक्ष बैगा विकास अभिकरण श्री रामलाल बैगा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने विशेष पिछड़ी जातियों भारिया, शहरिया, बैगा के लिये विशेष प्रावधान किये हैं, जिसका लाभ समाज के लोगों को मिल रहा है। उन्होने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार की पहल के कारण बैगा परिवारों की महिलाओं को 1 हजार रूपये दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि इससे बैगा महिलाओं की स्थिति में सुधार होगा। इसके पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का बैगा समाज के लोगों ने पारंपरिक बैगा पोशाक पहनाकर स्वागत किया। बैगा सम्मेलन का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री अतर सिंह आर्य, सांसद श्री ज्ञान सिंह, अध्यक्ष बैगा विकास प्राधिकरण श्री रामलाल बैगा, अध्यक्ष जनजातीय आयोग श्री नरेंद्र सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष शहडोल श्री नरेंद्र मरावी, विधायक जयसिंहनगर श्रीमती प्रमिला सिंह, विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी, विधायक अनूपपुर श्री रामलाल रौतेल, विधायक श्रीमती मीना सिंह, विधायक श्री शिवनारायण सिंह, कमिश्नर शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव, कलेक्टर श्री नरेश पाल, सरपंच लालपुर श्री सज्जन बैगा, श्री गजेंद्र पटेल, श्री इंद्रजीत सिंह छाबड़ा एवं बड़ी संख्या में बैगा समाज के लोग उपस्थित थे।  

No comments:

Post a Comment

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें