| कमिश्नर श्री शर्मा ने जिले के कोतमा विकासखंड के सा.स्वा.केन्द्र, एनआरसी का किया निरीक्षण |
| ग्राम बसखली में लगाई चौपाल |
| अनुपपुर | 08-सितम्बर-2017 |
कमिश्नर श्री शर्मा ने सामुदायिक स्वा. केन्द्र का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्यगत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आपने मौके पर उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों को साफ-सफाई, मरीजों का त्वरित ईलाज के साथ ही मॉनीटरिंग तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आपने कहा कि स्वास्थ्य अमला मरीजों के प्रति सजग रहकर कार्य करे तथा मरीजों के साथ सहृदयतापूर्वक वार्तालाप की जाय। आपने निर्देश के अनुरूप पालन सुनिश्चित न करने वाले अमले के प्रति कार्यवाही के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों को दिए। आपने मरीजों से ईलाज तथा प्राप्त हो रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर श्री शर्मा ने एनआरसी का भी निरीक्षण किया। जहां 10 बिस्तर भर्ती कक्ष में 8 कुपोषित बच्चे स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते मिले। आपने संबंधित बच्चों के अभिभावकों से चर्चा की। ग्राम गोहन्ड्रा निवासी श्रीमती अनीता ने कमिश्नर श्री शर्मा को बताया कि बच्चे को एनआरसी केन्द्र में भर्ती करने से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ है, पहले की अपेक्षा बच्चे की तबियत में सुधार हुआ है। आपने एनआरसी की व्यवस्थाओं के संबंध में संतुष्टि प्रगट की। कमिश्नर श्री शर्मा ने ग्राम बसखली की ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की चौपाल लगाकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का फीडबैक प्राप्त किया। आपने मजदूरी भुगतान, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्य वितरण, पेंशन भुगतान, खसरा एवं बी-1 वितरण आदि के संबंध में ग्रामीणों से विस्तारपूर्वक चर्चा की।

No comments:
Post a Comment