Wednesday, September 5, 2018

जेट एयरवेज 28 अक्टूबर से शुरू करेगा भोपाल-दिल्ली फ्लाइट

जेट एयरवेज 28 अक्टूबर से शुरू करेगा भोपाल-दिल्ली फ्लाइट 
 
अनुपपुर | 05-सितम्बर-2018
 
 
    जेट एयरवेज, भोपाल के एएसएम श्री सैयद कुमैल ने बताया है कि 28 अक्टूबर, 2018 से प्रति दिन फ्लाइट क्रमांक-9w 3511y प्रात: 9.50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर प्रात: 11.40 बजे भोपाल पहुँचेगी। इसी प्रकार फ्लाइट क्रमांक-9w3512y दोपहर 12.05 बजे भोपाल से उड़ान भरकर दोपहर 1.55 बजे दिल्ली पहुँचेगी।
    ज्ञातव्य है कि राज्य शासन राजधानी भोपाल से अन्य बड़े शहरों के लिये हवाई उड़ानों की संख्या बढ़वाने के लिये प्रयासरत है।

मेपकास्ट-इसरो के इप्रिस प्रोजेक्ट में तीन जिलों में पंचायती राज का स्थानिक सशक्तिकरण

मेपकास्ट-इसरो के इप्रिस प्रोजेक्ट में तीन जिलों में पंचायती राज का स्थानिक सशक्तिकरण 
देश के 57 जिलों में से प्रदेश के बैतूल, सागर और रायसेन जिले का चयन 
अनुपपुर | 05-सितम्बर-2018
 
 
    चायती राज संस्थानों का स्थानिक रूप से  सशक्तिकरण करने के उद्देश्य से "इप्रिस" प्रोजेक्ट के तहत भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन "इसरो" अंतरिक्ष विभाग, भारत सरकार और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् (मेपकास्ट), भोपाल द्वारा देश के 57 जिलों में से प्रदेश के बैतूल, सागर और रायसेन जिले का चयन किया गया है। इस प्रोजेक्ट के जरिये अभी तक दो जिलों के पंचायत प्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर विकासोन्मुखी गतिविधियों की योजना बनाने के लिए विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई है।
    अंतरिक्ष विभाग, भारत सरकार के अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के जरिये पंचायतों की दहलीज तक विकास की योजनाएँ पहुँचाने और डिजिटल इंडिया के सशक्तिकरण में मदद मिली है। प्रोजेक्ट में पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता निर्माण, परिसंपत्ति मानचित्रण और गतिविधि नियोजन कार्य पूरा करने की जानकारी जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को कार्यशालाओं में दी गई है।
    परिषद में जीआईएस और इमेज प्रोसेसिंग डिवीजन के प्रभारी और वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आलोक चौधरी ने बताया कि पहली कार्यशाला बैतूल में, दूसरी कार्यशाला सागर में आयोजित की गई थी। तीसरी कार्यशाला रायसेन जिले में 5 सितंबर से आरंभ होगी, जिसमें जिला पंचायत प्रतिनिधि भाग लेंगे। जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन साँची, गैरतगंज, बेगमगंज, बाड़ी, औबेदुल्लागंज, सिलवानी और उदयपुरा में किया जा रहा है। कार्यशाला में भुवन पंचायत पोर्टल और भुवन मोबाइल एप के बारे में जानकारियाँ दी जायेंगी। 

शासकीय स्कूलों के निजीकरण की कोई योजना नहीं - राज्य मंत्री श्री जोशी

शासकीय स्कूलों के निजीकरण की कोई योजना नहीं - राज्य मंत्री श्री जोशी 

अनुपपुर | 05-सितम्बर-2018
 
 
    तकनीकी शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने कहा है कि शासकीय स्कूलों के निजीकरण की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा है स्कूल शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिये जन-भागीदारी की योजनाएँ चलायी जा रही हैं। यह योजनाएँ हैं- प्रणाम पाठशाला-विद्यालय उपहार योजना और मिल-बाँचें मध्यप्रदेश कार्यक्रम।
    श्री जोशी ने बताया कि प्रणाम पाठशाला-विद्यालय उपहार योजना का उद्देश्य विद्यालयों और छात्रावासों के भौतिक एवं अकादमिक विकास के लिये समुदाय की सक्रिय भागीदारी प्राप्त करना है। उपहार-दाता के रूप में कोई भी व्यक्ति/संस्था योजना से जुड़ सकती है। उपहार-दाता को तीन विकल्प दिये गये हैं। वह किसी कार्य के लिये राशि, सामग्री दे सकता है और अधोसंरचना के कार्य करवा सकता है।
    श्री जोशी ने बताया कि "मिल-बाँचें मध्यप्रदेश" कार्यक्रम का उद्देश्य वालिंटियर के माध्यम से बच्चों में भाषा कौशल उन्नयन, पाठ्य-पुस्तकों के अतिरिक्त अन्य पुस्तकों को पढ़ने एवं समझने की रुचि विकसित करना और शाला में सह-शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन है। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि, सेवानिवृत्त अधिकारी, सेवा में कार्यरत अधिकारी, पेशेवर व्यक्ति और शाला के पूर्व विद्यार्थी आदि लोग शामिल हो सकते हैं।
 

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें