Thursday, April 26, 2018

आजीविका मिशन प्रमुख श्री एल.एम.बेलवाल ने लिया मिशन गतिविधियों का जायजा

आजीविका मिशन प्रमुख श्री एल.एम.बेलवाल ने लिया मिशन गतिविधियों का जायजा 
सर्व सुविधायुक्त सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र बेनीबारी का किया शुभारंभ, समूह के 12 सूत्रों एवं संवहनीय आजीविका के 30 बिंदुओं के परिपालन हेतु समझाईश प्रदान की 
अनुपपुर | 26-अप्रैल-2018

  म.प्र.दीनदयाल अन्त्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एल.एम.बेलवाल, 25 अप्रैल को एक दिवसीय प्रवास के दौरान दिनांक अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत बेनीबारी एवं धुम्माकापा ग्राम में गतिविधियों का जायजा लिया एवं स्व सहायता समूह के सदस्यों एवं उपस्थित मिशन स्टाफ को महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किये।
   श्री एल.एम. बेलवाल ने इस दौरान बेनीबारी स्थित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र का औपचारिक शुभारंभ भी किया, साथ ही बेनीबारी में पवित्र संकुल स्तरीय संगठन के कार्यालय भवन एवं धुम्माकापा में ममता ग्राम संगठन के कार्यालय भवन का औपचारिक शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर राज्य परियोजना प्रबंधक-सामुदायिक संस्थागत विकास श्रीमति सुषमा मिश्रा, स्टेट एंकर पर्सन श्री जी प्रकाश राव तथा सहायक राज्य परियोजना प्रबंधक-मूल्यांकन एवं अनुश्रवण श्री सुदेश साहनी भी उपस्थित रहे।
   विदित हो कि आजीविका मिशन अंतर्गत मिशन स्टाफ एवं समुदाय के क्षमतावर्धन हेतु निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं, इन कार्यक्रमों के नियमित एवं सुचारू संचालन हेतु समुदाय द्वारा संचालित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र की अवधारणा पर इस प्रशिक्षण केंद्र का शुभांरभ किया गया, जहां एक साथ कम से 70 प्रतिभागियों का आवासीय प्रशिक्षण किया जा सकता है। इस प्रशिक्षण केंद्र की सबसे अहम् बात यह है कि यहां पर प्रतिभागियों के भोजन, आवास, आने जाने के सबंधी समस्त प्रबंधन समूह की दीदियों द्वारा ही किये जाते है। मिशन प्रमुख श्री बेलवाल की उपस्थिति के इस अवसर पर अनूपपुर, शहडोल एवं डिंडौरी जिले से आई समूह, ग्राम संगठन एवं संकुल स्तरीय संगठनों के प्रतिनिधियों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें श्री बेलवाल ने समूह की दीदियों को समूह के बारह सूत्र एवं संवहनीय आजीविका के तीस बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान करते हुए उनके परिपालन पर जोर दिया। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में अनूपपुर, शहडोल एवं डिंडौरी जिले की जिला इकाई तथा ब्लाक टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।
  
श्री बेलवाल ने सामुदायिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए इस बात पर जोर दिया कि आगामी वर्षा ऋतु में समस्त समूह सदस्य अपने अपने खेत की मेड़ों पर फलदार वृक्ष ग्रॉफ्टेड आंवला, अमरूद, नीबू, नाशपाती, मुनगा एवं बासं के पौधे लगाये एवं भविश्य में अतिरिक्त आय प्राप्त करें। साथ ही उन्होंने सभी समूह सदस्यों को उनके समूह, ग्राम संगठन एवं सीएलएफ में प्राप्त होने वाली राशि का पारदर्शिता के साथ हिसाब रखने, गरीब एवं अतिगरीब परिवारों को प्राथमिकता के साथ लाभ दिलाने तथा समूह के प्रत्येक सदस्य के घर में शौचालय निर्माण एवं उसके उपयोग हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किये।
   कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक अनूपपुर, शहडोल एवं डिंडौरी के श्री शशांक प्रताप सिंह, श्रीमति शैलजा सिंह एवं श्री अजय सिंह अपनी जिला इकाई एवं ब्लाक इकाई टीम के सदस्यों के साथ उपस्थित रहे।

सीएम हेल्प लाईन की शिकायतों का निराकरण अतिगंभीरता से करें अधिकारी-कमिश्नर

सीएम हेल्प लाईन की शिकायतों का निराकरण अतिगंभीरता से करें अधिकारी-कमिश्नर 
सीमांकन करते समय आधुनिक मशीनों का उपयोग सुनिश्चित करायें 
अनुपपुर | 26-अप्रैल-2018

   कमिश्नर शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव ने शहडोल संभाग के सभी कलेक्टरों, अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे सीएम हेल्प लाईन की शिकायतों का निराकरण अतिगंभीरता से करें। कमिश्नर ने निर्देशित करते हुये कहा है कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सीएम हेल्प लाईन की शिकायतों की मॉनीटरिंग करें तथा स्वयं देखें और शिकायतों की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुये सीएम हेल्प लाईन की शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करायें। कमिश्नर ने निर्देशित करते हुये कहा कि सीएम हेल्प लाईन के प्रकरणों में लंबित शिकायत के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण होना चाहिए। कमिश्नर ने उक्त निर्देश कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में शहडोल संभाग के सभी कलेक्टरों को दिये। कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर शहडोल श्री नरेश पाल, कलेक्टर उमरिया श्री माल सिंह, कलेक्टर अनूपपुर श्री अजय शर्मा, सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं अपर कलेक्टर्स उपस्थित थे। बैठक में कमिश्नर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की जिलेवार समीक्षा करते हुये कलेक्टरों को निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, अभी भी राजस्व न्यायालयों में पांच वर्ष से ऊपर के राजस्व प्रकरण लंबित हैं। कमिश्नर ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिये कि वे पांच वर्ष से ऊपर के लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता के साथ करायें। कमिश्नर ने निर्देश दिये कि पटवारी रिपोर्ट के अभाव में राजस्व प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए, पटवारियों से समय पर रिपोर्ट आना चाहिए। वन व्यवस्थापन के प्रकरणों का निराकरण भी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी प्राथमिकता के साथ करायें तथा वन व्यवस्थापन के प्रकरणों का सत्यापन पटवारी के माध्यम से करायें। समीक्षा के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर के न्यायालय में पांच वर्ष से अधिक के राजस्व प्रकरण बड़ी संख्या में लंबित पाये जाने पर कमिश्नर द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ताकिद किया गया कि वे राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करायें। कमिश्नर ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिये कि वे अपने अधीनस्थ अपर कलेक्टर, अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों के राजस्व न्यायालयों का समय-समय पर निरीक्षण करें तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण के स्थिति की समीक्षा करें। कमिश्नर ने निर्देश दिये कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में निरंतरता बनी रहना चाहिए, किसी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न नहीं होना चाहिए। कमिश्नर द्वारा राजस्व प्रकरणों में उल्लेखनीय कार्य करने के लिये अपर कलेक्टर उमरिया एवं एसडीएम ब्यौहारी की सराहना की गई। कमिश्नर द्वारा शहडोल संभाग के सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया गया कि शहडोल संभाग के सभी जिलों में सीमांकन का कार्य आधुनिक मशीनों के द्वारा कराया जाये, इसके लिये सभी तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को भी समुचित प्रशिक्षण दिया जाये। कमिश्नर द्वारा निर्देशित किया गया कि शहडोल संभाग के सभी जिलों में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये, स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों में किये गये अतिक्रमण को हटाया जाये। कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में कमिश्नर ने निर्देश दिये कि शहडोल संभाग के सभी राजस्व अधिकारी विस्फोटक भण्डार ग्रहों निरीक्षण करें तथा देखें कि भण्डार ग्रह मे विस्फोट भण्डार ग्रह के लिये बनाये गये मापदण्डों का लायसेंस धारियों द्वारा पालन किया जा रहा है अथवा नहीं। साथ ही यह भी देखें कि स्टॉक कितना है तथा स्टॉक रजिस्टर का व्हेरीफिकेशन भी करें। अगर लायसेंस धारी विस्फोटक भण्डारण्कर्ता मापदण्डों का पालन नहीं कर रहे हैं तो ऐसे लायसेंस धारी विस्फोटक भण्डार कर्ताओं के लायसेंस निरस्त करें।

ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की माकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें-कमिश्नर

ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की माकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें-कमिश्नर 
हैण्डपंप अथवा नलजल योजनाएं बंद होने की सूचना मिलने पर 24 घण्टे के अंदर हैण्डपंप सुधरना चाहिए 
अनुपपुर | 26-अप्रैल-2018
 
 
    कमिश्नर शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव ने शहडोल संभाग के सभी जिलों में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की माकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। कमिश्नर ने निर्देशित करते हुये कहा है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों का निरंतर भ्रमण करें, नलजल योजनाएं एवं हैण्डपंपों की निरंतर मॉनीटरिंग करें, नलजल योजनाएं बंद होने और हैण्डपंप बिगड़ने की स्थिति में 24 घण्टे में नलजल योजनाओं और हैण्डपंपों को सुधारें। कमिश्नर ने निर्देश दिये हैं कि ग्रामीणों और नगरीय क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है, इस जिम्मेदारी का निर्वहन शहडोल संभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी कर्त्तव्य निष्ठा के साथ करें। कमिश्नर ने शहडोल संभाग के सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिये हैं कि वे भी ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर हैण्डपंप एवं नलजल योजनाओं की स्थिति की मॉनीटरिंग करें तथा बंद नलजल योजनाओं की सूचना लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को देकर बंद नलजल योजनाओं और हैण्डपंपों को तत्काल सुधारना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे बंद हैण्डपंपों एवं नलजल योजनाओं की सूचना देने के लिये कोटवारों को भी ताकिद करें। कमिश्नर ने निर्देशित करते हुये कहा है कि नागरिकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल मुहैया कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इस कार्य को सभी अधिकारी प्राथमिकता देते हुये नागरिकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल मुहैया करायें। कमिश्नर शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। समीक्षा के दौरान कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उमरिया ने बताया कि उमरिया जिले में 11 नलजल योजनाएं बंद हैं। कमिश्नर द्वारा यह जानकारी लेने पर कि 11 नलजल योजनाएं कब से बंद हैं और किन कारणों से बंद हैं का समुचित जबाब नहीं देने पर कमिश्नर द्वारा कार्यपालन यंत्री लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी उमरिया के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उमरिया को कार्यों को प्रति उदासीनता एवं लापरवाही बरतने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कमिश्नर द्वारा दिये गये। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने अधीक्षण यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देशित करते हुये कहा कि शहडोल संभाग में पेयजल व्यवस्था की स्थिति में तत्काल सुधार लायें। कमिश्नर का कहना था कि अधीक्षण यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी शहडोल संभाग के तीनों जिलों का भ्रमण करें तथा पेयजल की स्थिति में सुधार लायें। कमिश्नर ने कहा कि पेयजल व्यवस्था को कोई भी अधिकारी नजर अंदाज न करें तथा शहडोल संभाग के सभी जिलों में पेयजल की माकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायें। कमिश्नर ने निर्देशित करते हुये कहा कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रो के नागरिकों को समुचित पेयजल उपलब्ध करायें। बैठक में कलेक्टर शहडोल श्री नरेश पाल, कलेक्टर अनूपपुर श्री अजय शर्मा, कलेक्टर उमरिया श्री माल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शहडोल श्री एस.कृष्ण चैतन्य, उपायुक्त राजस्व श्री दिलीप पाण्डे एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के  अधिकारी उपस्थित रहे।   

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें