Wednesday, April 25, 2018

फुनगा में आयुष्मान भारत योजना के सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण का सचिव स्वास्थ्य ने किया निरीक्षण

फुनगा में आयुष्मान भारत योजना के सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण का सचिव स्वास्थ्य ने किया निरीक्षण 

अनुपपुर | 25-अप्रैल-2018
 
   प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी एवं महत्वाकांक्षी आयुष्मान योजना 15 अगस्त 2018 से पूरे देश में लागू की जा रही है। इसके अंतर्गत वर्ष 2011 की सामाजिक एवं आर्थिक जनगणना के आधार पर वंचित परिवार कटेगरी डी-1 से डी-7 तक (डी-6 को छोड़कर) में चिन्हित परिवार जिनकी संख्या मध्यप्रदेश में 68 लाख है इन परिवारों के अद्यतन स्थिति का सर्वेक्षण कार्य का प्रशिक्षण 22 अप्रैल से 26 अप्रैल तक जिले में आयोजित किया जा रहा है। इस योजना में चयनित परिवार को 5 लाख रूपये तक स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया जायेगा।
   जिले के फुंनगा में आयोजित सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण में श्री कवीन्द्र कियावत सचिव स्वास्थ्य भोपाल द्वारा प्रशिक्षण का निरीक्षण किया गया। सर्वेक्षण का कार्य जिले की आशा कार्यकर्ता द्वारा किया जायेगा एवं सत्यापन महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा पंचायत सचिव द्वारा एवं रोजगार सहायक द्वारा पोर्टल में इंट्री की जायेगी। 30 अप्रैल को जिले में आयोजित ग्राम सभा में वाचन किया जायेगा तथा 01 मई से 08 मई तक सर्वेक्षण कार्य एवं 09 मई से 15 मई तक पोर्टल में इंट्री की जायेगी। जिले में मलेरिया अधिकारी को स्वास्थ्य विभाग में नोडल अधिकारी बनाया गया है। फुंनगा के सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण में सचिव स्वास्थ्य भोपाल श्री कवीन्द्र कियावत, कलेक्टर श्री अजय शर्मा, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनूपपुर डॉ. आर.पी.तिवारी. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी.श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी अनूपपुर व जिले के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

जनसामान्य के लिए लू-से बचाव हेतु सामान्य जानकारी

जनसामान्य के लिए लू-से बचाव हेतु सामान्य जानकारी 
 
अनुपपुर | 25-अप्रैल-2018
 
 
   कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने बताया कि जलवायु परिर्वतन एवं अन्य कारणों से प्रदेश में लू-गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है। इसके अंतर्गत वर्तमान में अत्याधिक गर्मी में लू-ताप घात की संभावना बढ़ जाती है। यह जानलेवा भी हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने लू-से बचाव एवं प्राथमिक उपचार की जानकारी देते हुए बताया, कि लू-लगने के असर को कम करने हेतु तथा इसके रोक थाम के लिए पानी, छाछ, ओआरएस का घोल या घर में बने पेय लस्सी, नीबू पानी, आम का पना आदि का उपयोग अधिकाधिक मात्रा में सेवन करें। सूती तथा ढीले एवं आरामदाय कपड़े पहने, धूप में निकलते समय छाता अथवा टोपी या सर पर कपडा रखें।
   इसी तरह बताया गया, कि लू-से बचाव के लिए खाली पेट नही रहें, तथा पानी अधिक पीऐं। गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कपड़े पहने। भूखे पेट घर से बाहर ना निकले। भोजन के पश्चात पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर ही बाहर निकले। रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। पानी अधिक मात्रा में पीये एंव पेय पदार्थो का अधिकाधिक सेवन करें। जहां तक संभव हो ज्यादा समय तक धूप में न रहें। बहुत अधिक भीड, गर्म घुटन भरे कमरों में न जाएं। अत्याधिक श्रम वाले कार्य न करें। यदि कोई व्यक्ति लू- से प्रभावित होता है, तो उसे तुरंत छांयादार जगह पर लिटा दें एवं हवा करें। उसे ठण्डा पेय पदार्थ, कच्चा आम का पना, छाछ या प्याज का रस पिलाया जा सकता है। लू-लगने पर तत्काल निकट के स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए ले जाएं।   

प्रधानमंत्री के आव्हान से समग्र विकास के लिए प्रेरित हुए पंचायत प्रतिनिधि

प्रधानमंत्री के आव्हान से समग्र विकास के लिए प्रेरित हुए पंचायत प्रतिनिधि 
 
अनुपपुर | 25-अप्रैल-2018
 
 
    प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गत दिवस मंडला जिले के ऐतिहासिक स्थल रामनगर के नर्मदा तट पर राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस 2018 के अवसर पर पंचायतों को सशक्त बनाने के लिये बताये गये अभिनव उपायों से देश के विभिन्न राज्यों से आये पंचायत प्रतिनिधि बहुत प्रभावित हुए। इन सबका कहना है कि प्रधानमंत्री द्वारा जन-धन, वन-धन और गोबर-धन के माध्यम से ग्राम के विकास और उत्थान की अवधारणा प्रेरणादायक है। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी की शिक्षा, नवीन तकनीक, बेटियों का सम्मान और बेटों की राष्ट्र के लिए जिम्मेदारी के संकल्प की सोच से निश्चित ही गाँव और समाज के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
    सिक्किम राज्य से आये पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री की ग्रामीण विकास योजना की सराहना की। झारखण्ड राज्य के रामगढ़ जिले से आई महिला प्रतिनिधि ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि अब वह अपनी पंचायत में बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देंगी और ग्राम पंचायत के एक भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं होने देंगी। साथ ही बेरोजगारों के आर्थिक विकास, पौधारोपण और परिवार की सुरक्षा के लिये काम करेंगी।
    सिक्किम राज्य की ग्रामीण महिला ने मध्यप्रदेश सहित् देश की पंचायत राज व्यवस्था की सराहना की। महाराष्ट्र राज्य के अमरावती जिले की ग्राम पंचायत घुड़सगाँवकर के सरपंच ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश से देश में सभी को प्रेरणा मिली है। यहाँ से हर व्यक्ति सकारात्मक संकल्प लेकर जा रहा है। उन्होंने ग्रामीण अर्थ-व्यवस्था के डिजिटलाईजेशन की सराहना की। अमरावती जिले की ग्राम पंचायत के सरपंच श्री नरेन्द्र जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन से हमें नई प्रेरणा मिली है।
    मंडला जिले की ग्राम पंचायत मानिकपुर की श्रीमती शांति बाई ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संदेश का हम अनुसरण और पालन करेंगे। ग्राम पंचायत घुघरीमाल के सरपंच श्री अन्तूलाल मरकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश जनता के हित में है और उनकी योजनाएँ सुखदायी है।
    समारोह में उपस्थित अनेक श्रोताओं और हितग्राहियों ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री के विचारों से प्रभावित होकर अपनी पंचायत, समाज तथा देश को सशक्त बनाने के विचार व्यक्त किये। 

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें