Friday, August 10, 2018

जनसंख्या शिक्षा संबंधी मुद्दों पर जागरूकता के लिये 15 अगस्त से प्रतियोगिताएँ

जनसंख्या शिक्षा संबंधी मुद्दों पर जागरूकता के लिये 15 अगस्त से प्रतियोगिताएँ 
सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में होंगी प्रतियोगिताएँ 
अनुपपुर | 10-अगस्त-2018
 
   प्रदेश में विद्यार्थियों में जनसंख्या शिक्षा संबंधी मुद्दों पर समझ और जागरूकता लाने के मकसद से सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रोल प्ले प्रतियोगिताएँ 15 अगस्त से प्रारंभ होंगी। प्रतियोगिता हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषाओं में होगी। प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्यों को निर्देश जारी किये हैं।
   निर्देशों में कहा गया है कि राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत होने वाली विद्यार्थियों की यह प्रतियोगिताएँ विद्यालय, जिला, राज्य और राष्ट्रीय-स्तर पर होंगी। स्वतंत्रता दिवस से 10 सितम्बर तक सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में यह प्रतियोगिताएँ होंगी। प्रतियोगिता में कक्षा-9 के विद्यार्थियों को शामिल किया जायेगा। अन्य विद्यार्थी दर्शक के रूप में शामिल हो सकेंगे। प्रत्येक समूह में 4 से 5 विद्यार्थियों का एक समूह बनाकर उनका रोल प्ले करवाया जायेगा।
   रोल प्ले की थीम के बारे में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से समन्वय करने के लिये कहा गया है। प्रतियोगिता में दिव्यांग विद्यार्थियों को भी शामिल करने के लिये कहा गया है। जिला-स्तर की प्रतियोगिताएँ सम्पन्न करने के बाद चयनित दल की जानकारी 30 सितम्बर तक अनिवार्य रूप से भेजने के लिये कहा गया है। जिला-स्तर की प्रतियोगिताएँ प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान एवं जिला शिक्षाधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे।

एक्सीलेंस कॉलेज में प्रवेश के लिये 60 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता समाप्त

एक्सीलेंस कॉलेज में प्रवेश के लिये 60 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता समाप्त 
 
अनुपपुर | 10-अगस्त-2018
 
   उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय उत्कृष्ट महाविद्यालयों में प्रवेश के लिये विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अर्हकारी परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। प्रवेश प्रक्रिया में अनुसूचित-जाति, अनुसूचित-जनजाति, पिछड़ा वर्ग (क्रीमिलेयर छोड़कर) और दिव्यांग श्रेणी के आवेदकों को नियमानुसार स्थान आरक्षित हैं।
   प्रवेश नियम एवं मार्गदर्शी सिद्धांत 2018-19 की कण्डिका-3 में शासकीय उत्कृष्ट महाविद्यालयों में प्रवेश के लिये अर्हकारी परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता के कारण विद्यार्थियों को प्रवेश प्राप्त करने में कठिनाई हो रही थी। इस कारण विभाग ने इसे समाप्त करने का निर्णय लिया।
ये हैं 8 एक्सीलेंस कॉलेज
   शासकीय एमएलबी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय ग्वालियर, शासकीय नर्मदा महाविद्यालय होशंगाबाद, शासकीय होल्कर विज्ञान महाविद्यालय इंदौर, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरैना, शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय रीवा, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय सागर और शासकीय कन्या स्नातकोत्तर कॉलेज उज्जैन।

प्रदेश में 25 सितम्बर से आयुष्मान भारत योजना का क्रियान्वयन - मुख्य सचिव

प्रदेश में 25 सितम्बर से आयुष्मान भारत योजना का क्रियान्वयन - मुख्य सचिव 
योजना से जोड़े जाएंगे एक करोड़ 40 लाख परिवार 
अनुपपुर | 10-अगस्त-2018
 
   मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह ने कहा है कि आगामी 25 सितम्बर से आयुष्मान भारत योजना को पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में क्रियान्वित किया जाएगा। दो अक्टूबर से योजना पूरी तरह, पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी। श्री सिंह की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में विभागीय अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव की बैठक में योजना के क्रियान्वयन के बारे विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
   बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना से प्रदेश के लगभग एक करोड़ 40 लाख परिवारों को जोड़ा जाएगा। प्रत्येक परिवार को एक वर्ष में 5 लाख रूपये तक केशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध करवायी जाएगी। यह सेवा शासकीय और चिन्हित अस्पतालों में रहेगी। योजना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजो में ही लागू होगी।
   मुख्य सचिव श्री सिंह ने बताया कि योजना में 1350 पैकेज और 23 स्पेशलिटी सम्मिलित है। योजना के क्रियान्वयन के लिये दीनदयाल स्वास्थ्य सुरक्षा परिषद का गठन किया जाएगा, जो स्टेट हेल्थ एजेन्सी के रूप में कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला क्रियान्वयन इकाइयों का गठन किया गया है, जिसके नोडल अधिकारी जिला मलेरिया अधिकारी होंगे। चिकित्सालयों में आयुष्मान मित्र उपलब्ध होंगे।
   बैठक में योजना के क्रियान्वयन के लिये तकनीकी पहलुओं अस्पतालों के इम्पैनलमेंट, जिला इकाइयों और आयुष्मान मित्र के प्रशिक्षण और योजना के प्रतीक-चिन्ह पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
   बैठक में अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं जल-संसाधन श्री आर.एस. जुलानिया, अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्रीमती गौरी सिंह, प्रमुख सचिव वित्त श्री अनुराग जैन, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री सचिवालय श्री अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्रीमती नीलम शमी राव तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।   

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें