Tuesday, May 22, 2018

निर्माण कार्य हेतु भूमि अधिग्रहण के मामलों मे कार्यवाही समय से सुनिश्चित करे- श्रीमती अनुग्रह पी

निर्माण कार्य हेतु भूमि अधिग्रहण के मामलों मे कार्यवाही समय से सुनिश्चित करे- श्रीमती अनुग्रह पी


अनूपपुर 22 मई 2018/ कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने समस्त एसडीएम को निर्देश दिये हैं निर्माण कार्यो मे भूमि अधिग्रहण मे आवश्यक कार्यवाही न होने के कारण व्यवधान नहीं आना चाहिए। इस हेतु प्रयासरत रहे। आपने समस्त एसडीएम को इस विषय मे अपनी जिम्मेदारियों को  समय से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया है। साथ ही निर्माण एजेंसियों से अपेक्षा की है कि वे संबन्धित एसडीएम से संपर्क मे रहकर आपसी सामंजस्य के साथ समय से निर्माण कार्य सम्पन्न करेंगे।  

जनहित के लिए एकजुट होकर करना होगा कार्य- श्रीमती अनुग्रह पी

 जनहित के लिए एकजुट होकर करना होगा कार्य- श्रीमती अनुग्रह पी
सतत निरीक्षण एवं फीडबैक योजनाओ के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक
नवागत कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने आज की पत्रकारो से वार्ता


अनूपपुर 22 मई 2018/ नवागत कलेक्टर अनूपपुर श्रीमती अनुग्रह पी  कार्यभार संभालने के पश्चात आज अनूपपुर ज़िले के पत्रकारो से चर्चा कर ज़िले की वर्तमान समस्याओ से अवगत हुई। कार्यक्रम के शुभारंभ मे श्रीमती अनुग्रह पी ने समस्त पत्रकारो से परिचय प्राप्त किया। आपने कहा पत्रकारिता को वह उसके मूल उद्देश्य सूचना सम्प्रेषण के रूप मे देखती है। सकारात्मक एवं नकारात्मक न होकर  पत्रकार वस्तुस्थिति को प्रेषित करते है। इसका उपयोग योजनाओ की बेहतर मॉनिटरिंग एवं क्रियान्वयन मे किया जा सकता है। आपने ज़िला प्रशासन की प्राथमिकता के बारे मे अवगत कराते हुए कहा निर्वाचन कार्य, ज़िले का ओडीएफ़ स्टेटस एवं शासकीय योजनाओ का विस्तृत प्रचार प्रसार ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके। पत्रकारिता एवं ज़िला प्रशासन दोनों का लक्ष्य एक अधिक से अधिक लोगों की आजीविका मे सकारात्मक परिवर्तन लाना। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा। सतत निरीक्षण एवं फीडबैक योजनाओ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक है।
ज़िले को खुले मे शौच मुक्त करने के लिए मीडिया प्रतिनिधि भी ले एक ग्राम पंचायत को गोद
श्रीमती अनुग्रह पी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे किसी भी एक ग्राम पंचायत को गोद लेकर वहाँ समस्त घरो मे शौचालय निर्माण के लिए ग्रामवासियों को प्रेरित करे। यह एक उत्कृष्ठ पहल होगी। साथ ही समस्त ज़िले के साथ सम्पूर्ण प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगी।

आपने कहा शौचालयों के निर्माण के साथ साथ उनके उपयोग के प्रति जागरूकता भी आवश्यक है। तभी सही मैने मे योजना से लक्षित परिणामो की प्राप्ति हो सकेगी। आपने इस संबंध मे मीडिया प्रतिनिधियों से यह अपेक्षा  की है कि जागरूकता के इस अभियान मे सभी का पूरा सहयोग ज़िला प्रशासन को प्राप्त होगा। आपने कहा इसके पश्चात आप ग्राम पंचायतों मे स्वयं भ्रमण कर ग्रामीणो से संवाद कर उनकी अपेक्षाओं एवं समस्याओं से अवगत होगी। आपने कहा ज़िले मे कार्यरत समस्त शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों मे सेवा का भाव लाना। उन्हे उत्साहित कर लक्ष्य की प्राप्ति मे अनवरत लगे रहना है। आपने यह भी कहा कार्य मे लापरवाही होने पर संबन्धित अधिकारियों को दंडित किया जाएगा, लेकिन सर्वप्रथम प्रयास यही रहेगा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न ही न होने पाये।
मीडिया प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओ एवं अपेक्षाओ से कलेक्टर मैडम को कराया अवगत
ज़िले के विभिन्न क्षेत्रो से आए हुए प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर मैडम को क्षेत्र की समस्याओ एवं ज़िले के विकास के संबंध मे आपसे अपेक्षाओ के बारे मे अवगत कराया। हरिभूमि के ज़िला ब्यूरो श्री मनोज शुक्ला ने क्षेत्र मे स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था मे सुधार की राह मे आ रही समस्याओ के बारे मे मैडम को बताया। आपने रेखांकित करते हुए कहा प्रस्तावित  ज़िला चिकित्सालय की भूमि मे विवाद की वजह से ज़िला अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के संवाददाता एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री अजीत मिश्रा ने कहा मॉनिटरिंग की नवीन सुविधाओ के आने के उपरांत भी राजस्व समस्याओं के निराकरण की समस्याओं से ज़िले के नागरिक अभी भी बहुत परेशान है।  डायवर्जन, नामांतरण जैसी सुविधाओ के लिए काफी चक्कर लगाने पड़ते हैं। ज़िले के वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेश शिवहरे ने कलेक्टर को शिक्षा व्यवस्था मे सुधार की अपनी अपेक्षाओ के बारे मे बताया। आपने कहा स्वीकृत केन्द्रीय विद्यालय का संचालन अगर इस शैक्षणिक सत्र से प्रारम्भ हो जाए तो शैक्षणिक स्तर मे सुधार आयेगा। ज़ी न्यूज़ के रिपोर्टर श्री आदर्श दुबे ने ज़िले के पिछड़े हुए ब्लॉक पुष्पराजगढ़ मे विशेष ध्यान देने हेतु कलेक्टर मैडम से अनुरोध किया। स्वतंत्र मत ब्यूरो चीफ़ श्री राजेश शुक्ला ने शिक्षा व्यवस्था शिक्षको के एटेचमेंट की अनियमितता को मैडम के संज्ञान मे लाते हुए सुधार की अपेक्षा की है। इसके अतिरिक्त अनूपपुर वेंकटनगर मे चल रहे निर्माण कार्य, सब्जी मंडी एवं ज़िला मुख्यालय मे सड़को  के अतिक्रमण, कॉलरी क्षेत्र मे भूमि के अधिग्रहण, अवैध उत्खनन, पेय जल की समस्याओ समेत ज़िला मुख्यालय को एक आधुनिक स्वरूप देने की बात कलेक्टर के समक्ष रखी।
कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने कहा सभी समस्याओं मे आवश्यक जांच उपरांत तुरंत आवश्यक कार्यवाही की जावेगी। आपने समस्त मीडिया प्रतिनिधियों से कहा है कि जनहितकारी विषयो मे चर्चा के लिए वे सदैव उपलब्ध है।
पत्रकार वार्ता मे सहायक संचालक जनसम्पर्क श्री अंकुश मिश्रा, मीडिया प्रभारी ज़िला पंचायत श्री अमित श्रीवास्तव के साथ ज़िले के विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि श्री चैतन्य मिश्रा, श्री अमित शुक्ला, श्री अरविंद बियानी, श्री अजय मिश्रा, श्री किशोर सोनी , श्री सुनील चौरसिया, श्री गणेश, श्री राजेश पयासी , श्री प्रदीप मिश्रा, श्री हिमांशु बियानी, श्री दीपक, श्री सुधाकर मिश्रा,श्री विजय तिवारी, श्री राजेश सिंह, श्री वीरेंद्र सिंह, श्री पुष्पेंद्र त्रिपाठी, श्री सुनील सोनी, श्री रवि कुमार मिश्रा,श्री भूपेंद्र पटेल, श्री बीजू थॉमस, श्री नीरज गुप्ता, श्री रितेश समेत ज़िले के विभिन्न क्षेत्रों मे जागरूकता  फैलाने वाले  सक्रिय पत्रकार उपस्थित थे। आप सभी के द्वारा अपने कार्य के दौरान पायी गयी जानकारियों से कलेक्टर मैडम को अवगत कराया गया। 


विनम्रता की शक्ति के सर्वोत्तम उदाहरण हैं श्री अजय शर्मा

विनम्रता की शक्ति के सर्वोत्तम उदाहरण  हैं  श्री अजय शर्मा
श्री शर्मा को दी गयी भावभीनी विदाई

अनूपपुर 22 मई 2018/ समय बहुत निष्ठुर होता है। सबसे शक्तिशाली होता है। इसके सामने मनुष्य असहाय महसूस करता है। इस बात की सच्चाई का अनुभव अनूपपुर ज़िले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थानातरित कलेक्टर अनूपपुर श्री अजय शर्मा के विदाई समारोह मे हुआ। सुलझे हुए व्यक्तित्व, व्यवहारिक बुद्धिमत्ता एवं विनम्र स्वभाव से श्री शर्मा ने ज़िले के अधिकारियों के हृदय मे एक विशिष्ट पहचान बनाई थी। यह पहचान समय एवं भौतिक बंधनो से मुक्त है। अजर है अमर है ।
गरीबो, जरूरतमंदों की सेवा से ही मिलती है सच्ची खुशी
शर्मा जी भौतिक रूप से तो स्थानातरित हो गए हैं परंतु उनकी सोच, उनकी पहल एवं सीख कभी स्थानातरित नहीं होगी। अपनी विदाई के क्षण मे भी श्री शर्मा की सोच मे सिर्फ जनहित एवं लोक कल्याण की ही भावना थी। आपने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ये अपेक्षा की है कि शासन की जनहितकारी योजनाओ के उन्नत क्रियान्वयन के द्वारा गरीबो एवं जरूरतमंदों की सदैव सेवा करते रहेंगे। जो खुशियाँ लाभार्थी के चेहरे पर दिखेंगी उसी से सच्चे आनंद की प्राप्ति होगी। आपने समस्त अधिकारियों से आशा की है कि ऐसा ही सहयोग वे नवागत कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी को भी प्रदान करेंगे।
पुलिस एवं ज़िला प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय का श्रेय श्री शर्मा को- पुलिस अधीक्षक  श्री जैन

ज़िले मे शांति व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए ज़िला प्रशासन एवं पुलिस का समन्वय आवश्यक है। श्री शर्मा के कुशल नेतृत्व मे जो एकरूपता बनी उससे दायित्वों के निर्वहन मे कभी भी कोई परेशानी हुई। पुलिस अधीक्षक  श्री सुनील कुमार जैन ने कहा कि श्री शर्मा के कार्यकाल मे ज़िले मे अति विशिष्ट अतिथियों का आगमन हुआ, व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों के आयोजन मे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना श्री शर्मा की उपस्थिति मे सहजता से हो गया। आपने बताया कि श्री शर्मा के कार्य काल मे भारत के राष्ट्रपति महामहिम श्री रामनाथ कोविन्द जी , प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आगमन हुआ। नर्मदा सेवा यात्रा, एकात्म यात्रा, वृहद वृक्षारोपण अभियान आदि सभी गतिविधियों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराया। आपने बताया कि उक्त आयोजनो की व्यवस्था की कीर्ति प्रदेश की सीमाओं को भी पार कर गयी। मध्यप्रदेश के साथ साथ अन्य प्रदेशों के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ऐसे ही आयोजन को सम्पन्न करने हेतु अनूपपुर से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
आपके साथ कार्य करने का इंतज़ार रहेगा- श्रीमती सिड़ाना
कार्यों की कीर्ति को भौतिक सीमाओं एवं बंधनो मे नहीं रखा जा सकता। यह बहुत गतिमान होती है। आपका काम आपके नाम से बड़ा होता है। ऐसा ही कुछ अनुभव नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्रीमती सलोनी सिडाना का भी रहा। आपने बताया कि जब उनका स्थानांतरण अनूपपुर हुआ तो आपके परिचय के  छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारियों ने बधाई देते हुए कहा आप बहुत भाग्यशाली है कि आपको शर्मा सर के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। आपने कहा आप बहुत निराश है कि आपको श्री शर्मा के साथ कार्य करने का अवसर अभी प्राप्त नहीं हो पाया परंतु आपको सदैव उस क्षण का इंतज़ार रहेगा।
श्री शर्मा के कुशल नेतृत्व मे ज़िले ने की उत्तरोत्तर प्रगति - डॉ आरपीतिवारी

 अपर कलेक्टर डॉ आरपी तिवारी ने इस अवसर पर बताया कि श्री शर्मा के हाथों मे बागडोर आने के समय अनूपपुर लगभग सभी मापदंडो मे अंतिम पायदान मे रहता था। हर विषय मे अंतिम 5 से बाहर निकालने के लिए भरी जद्दोजहद का सामना करना पड़ता था। श्री शर्मा के कुशल नेतृत्व से सभी अधिकारियों मे एक ज़िम्मेदारी का, जनसेवा का भाव उत्पन्न हुआ। इसका प्रतिफल यह रहा कि आज बहुत से मापदंडो मे चाहे वह राज्य सरकार की जनहितकारी महत्वाकांक्षी असंगठित श्रमिकों के पंजीयन की योजना हो या लोक सेवा गारंटी अथवा समाधान एक दिन सभी क्षेत्रो मे ज़िले का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। आरसीएमएस पोर्टल मे राजस्व समस्याओ का निराकरण हो या समाधान एक दिन मे सुविधा का प्रदाय अनूपपुर ज़िले को शीर्ष तक ले जाने के श्रेय के अधिकारी श्री शर्मा ही है। 



पद की गरिमा को नयी ऊचाइयाँ प्रदान की है श्री शर्मा ने- श्री वैष्णव शर्मा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैष्णव शर्मा ने कहा कुछ लोग अपने पद के कारण जाने जाते है, और कुछ अपने कर्मो से पद को ऐसी ऊचाइयाँ प्रदान करते है, जिससे उस पद की गरिमा बढ़ जाती है। ऐसी ही गरिमा अनूपपुर ज़िले के कलेक्टर पद को श्री अजय शर्मा के कार्य से प्राप्त हुई है।

कार्यक्रम मे उपस्थित उपसंचालक पशुपालन श्री वीपीएस चौहान ने कहा श्री शर्मा के अच्छे कार्यो को सदैव याद रखा जाएगा आपने आशा की है कि क्षेत्र को पुनः आपकी सेवाओ का अवसर प्राप्त होगा। आपने शुभकामनाए देते हुए कहा उच्च पद पर आसीन होकर इसी संभाग मे आपकी सेवाओ का इंतज़ार रहेगा। उपसंचालक कृषि श्री एनडी गुप्ता ने कहा नवाचारों के क्रियान्वयन के लिए श्री शर्मा का सदैव सहयोग प्राप्त हुआ। यही कारण है कि अनूपपुर मे स्ट्रॉबेरी उत्पादन का नवाचार सफलतापूर्वक किया जा सका। ज़िला पंचायत परियोजना डॉ उमेश द्विवेदी जी ने श्री शर्मा के कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा आपके प्रयासो के फलस्वरूप ही अब अनूपपुर ज़िले मे सर्वाधिक उत्पादन धान की जगह मुर्गीपालन हो गया है। प्रोजेक्ट सुगम के माध्यम से पिछड़े हुए पुष्पराजगढ़ ब्लॉक के सरई, बड़ी तुम्मी, पड़मनिया एवं आस पास की ग्राम पंचायतों को डिजिटल सेवा का प्रदाय नई दिल्ली तक सराहा गया।
सरल होना सबसे कठिन है। यह कठिन साधना है । श्री अजय शर्मा ने सरलता के इस गुण को अपने व्यक्तित्व मे साध लिया है। अपनी विदाई के क्षणो मे श्री शर्मा ने कहा
नक्शा उठा के नया शहर ढूंढो
इस शहर मे सभी से मुलाक़ात हो गयी है 
इन पंक्तियों ने सभी को द्रवित कर दिया। यहा पर यह कहना उचित है अभी भी बहुत कुछ बाकी है


पाना है जो मुकाम वो अभी बाकी है
आसमान की उड़ान अभी बाकी है
जिस सोच का नाम है अजय शर्मा 
उस सोच की पहचान अभी बाकी है
ज़िले के समस्त अधिकारियों ने श्री शर्मा को आश्वस्त किया कि वे सदैव आपके बताए गए मार्ग पर चलते रहेंगे। आपकी सोच को क्रियान्वित कर अनूपपुर को एक नयी पहचान प्रदान करेंगे। सभी ने आप के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा जहां भी रहे इसी तरह से वहाँ भी नए कीर्तिमान स्थापित करे। उल्लेखनीय है कि श्री अजय शर्मा स्कूल शिक्षा विभाग मे अपर सचिव के पद पर अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे। कार्यक्रम मे ज़िले के   स्वास्थ्य,पशुपालन, कृषि, खाद्य ,सहकारिता,जनसम्पर्क, आजीविका समेत समस्त विभागो के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन ज़िला मीडिया प्रभारी श्री अमित श्रीवास्तव ने किया।



Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें