Sunday, April 22, 2018

मिशन इंद्रधनुष अन्तर्गत 23 से 27 अप्रैल तक 404 गाँव में टीकाकरण अभियान इस दौरान संबंधित डॉक्टर और स्टॉफ नहीं ले सकेंगे अवकाश

मिशन इंद्रधनुष अन्तर्गत 23 से 27 अप्रैल तक 404 गाँव में टीकाकरण अभियान
इस दौरान संबंधित डॉक्टर और स्टॉफ नहीं ले सकेंगे अवकाश
मंदसौर जिले के ग्राम झकरता और टीकमगढ़ जिले के ग्राम गणेशगंज खास में हो चुका है शत-प्रतिशत टीकाकरण 


अनूपपुर 22 अप्रैल 2018/  मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत 23 से 27 अप्रैल तक प्रदेश के 43 जिलों के 404 चिन्हित गाँव में टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा। इसमें जीरो से दो वर्ष तक उम्र के 3300 बच्चों और 1200 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य है। केन्द्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल मिशन इंद्रधनुष के तहत गाँव में टीकाकरण का यह कार्यक्रम अप्रैल के साथ मई और जून में भी 23 से 27 तारीख के मध्य होगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक श्री विश्वनाथन ने स्टेट टॉस्क फोर्स की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित जिलों के डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ आदि को अभियान के दौरान अवकाश नहीं लेने के निर्देश दिये हैं। श्री विश्वनाथन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनिसेफ को 90 प्रतिशत लक्ष्य से अधिक प्राप्ति के लिये पीपीपी मॉडल विकसित करने को कहा हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दिसम्बर, 2018 तक 90 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण का लक्ष्य है। समीक्षा बैठक में बताया गया कि लक्षित गाँव में से मंदसौर जिले के ग्राम झकरता और टीकमगढ़ जिले के ग्राम गणेशगंज खास में शत-प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने इन गाँव को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से पुरस्कृत करने की अनुशंसा की है। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि टीकाकरण की निगरानी एसएस एप के माध्यम से शाम को बैठक में की जायेगी। सभी केन्द्रों तक कोल्ड चैन की व्यवस्था के साथ टीकों को पहुँचाया जा रहा है।
मिशन संचालक ने इस अवसर पर नई टीकाकरण सारणी और आईईसी ब्यूरो भोपाल द्वारा तैयार प्रचार सामग्री जारी की है। उल्लेखनीय है कि केन्द्र शासन द्वारा ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत गांवों में टीकाकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसी अभियान में प्रदेश के 404 गाँव शामिल हैं। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।

युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति के अध्ययन के लिये करें प्रेरित राज्यपाल ने तुलसी मानस प्रतिष्ठान की कार्य समिति की विशेष बैठक ली



युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति के अध्ययन के लिये करें प्रेरित
राज्यपाल ने तुलसी मानस प्रतिष्ठान की कार्य समिति की विशेष बैठक ली



अनूपपुर 22 अप्रैल 2018/ राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज तुलसी मानस प्रतिष्ठान की विशेष समिति की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश में आज भी धार्मिक ग्रंथों पर शोध और अनुसंधान हो रहे हैं। भारतीय सभ्यता और संस्कृति के वैज्ञानिक तथ्यों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस समय युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अध्ययन करने के लिये प्रेरित किया जाना चाहिए। स्कूलों और महाविद्यालयों में संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इससे चरित्रवान और संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण में मदद मिलेगी।

राज्यपाल ने तुलसी मानस प्रतिष्ठान द्वारा किये जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ सदस्यों के सहयोग और अनुभव से गतिविधियों को विस्तारित स्वरूप दिया जाये। बैठक में प्रतिष्ठान के कार्यकारी अध्यक्ष श्री रमाकांत दुबे ने प्रतिष्ठान की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर वरिष्ठ सदस्य श्री दीपक शर्मा कथा वाचक श्री रमेश शर्मा, सचिव श्री एन.एल. खण्डेलवाल, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री आर.डी.शुक्ला सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

सभी पात्र श्रमिकों को मिलेगा असंगठित श्रमिक कल्याण योजना का लाभ मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की योजना की विस्तृत समीक्षा

सभी पात्र श्रमिकों को मिलेगा असंगठित श्रमिक कल्याण योजना का लाभ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की योजना की विस्तृत समीक्षा



अनूपपुर 22 अप्रैल 2018/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि असंगठित श्रमिक कल्याण योजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण मानवीय योजना है। इस योजना का समस्त पात्र श्रमिकों को लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाये। मुख्यमंत्री ने आज मंत्रालय में असंगठित श्रमिक कल्याण योजना की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिये। श्री चौहान ने कहा कि योजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिये लगातार मॉनिटरिंग की जाये। योजना में प्राप्त आवेदनों का ग्राम सभा में वाचन किया जाये। योजना में हितग्राही की पात्रता एक अप्रैल 2018 से ही मानी जाये। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन के लिये पर्याप्त धन राशि की व्यवस्था की जायेगी। श्री चौहान ने योजना के संबंध में श्रमिकों को जागरूक करने के लिये प्रत्येक जिले में कार्यक्रम करने के निर्देश दिये। 
अब तक 2 करोड़ श्रमिकों ने किया आवेदन
प्राप्त आवेदनों के वाचन के लिये 2 मई को ग्राम सभाएँ
 बैठक में बताया गया कि योजना में अब तक लगभग 2 करोड़ श्रमिकों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। योजना में प्राप्त आवेदनों के वाचन के लिये 2 मई को ग्राम सभाएँ की जायेंगी। इसके एक माह बाद दस जून को एक ग्राम सभा और की जायेगी।श्रमिकों के पंजीयन के लिये ग्वालियर संभाग को छोड़कर अन्य सभी संभागों में आगामी 25 अप्रैल तक अभियान चलाया जायेगा। ग्वालियर संभाग में यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। ग्राम सभा में आवेदनों के वाचन के बाद जिस हितग्राही के संबंध में आपत्ति प्राप्त होगी, उसे छोड़कर शेष हितग्राहियों को पात्र माना जायेगा। प्राप्त आपत्तियों का निराकरण 3 और 4 मई को किया जायेगा। श्रम विभाग द्वारा प्रत्येक जनपद और नगर पंचायत में योजना का एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जायेगा। प्रत्येक जिले में श्रमिकों
को जागरूक करने के लिये सम्मेलन किये जायेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री श्रमिकों से सीधे संवाद करेंगे। बैठक में मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री ए.पी. श्रीवास्तव, अपर मुख्‍य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव श्रम श्री अश्विनी कुमार राय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव नगरीय विकास श्री मलय श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें