Tuesday, March 20, 2018

निरासाबाई का पक्के घर में रहने का सपना हुआ पूरा (सफलता की कहानी)

निरासाबाई का पक्के घर में रहने का सपना हुआ पूरा (सफलता की कहानी) 
अनुपपुर | 20-मार्च-2018



   सपने तो हर मनुष्य देखता है, किन्तु ये सपने कभी-कभी जब साकार हो जाते हैं तो उस व्यक्ति को ही भाग्यशाली कहा जाता है। ग्राम पंचायत पसला की रहने वाली श्रीमती निरासाबाई पति श्री धन सिंह ने भी वैवाहिक जीवन में प्रवेश करते ही पक्के घर का सपना देखा था। शादी के पहले से ही उन्होंने मन में रहने, खाने एवं अपने बच्चों की परवरिश का पूरा सपना संजोकर रखा था।
   शादी के बाद उनका यह सपना हकीकत में बदलता दिखाई नहीं दे रहा था। कारण था गरीबी। परिवार के दोनों सदस्य मजदूरी करके किसी तरह से अपने बच्चों का पालन पोषण एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने में सफल हो पाता था। यदि कभी थोड़ी-बहुत बचत कर भी ली तो बच्चों की बीमारी या अन्य आकस्मिक कार्य आने से ये थोड़े पैसे ऐसे ही खर्च हो जाते थे। प्रधानमंत्री आवास योजना निरासाबाई के जीवन में बदलाव लेकर आई। दूसरों के पक्के आवास देखकर उन्हें लगा कि अब सपना साकार होने का समय आ गया है। निरासाबाई ने भी ग्राम पंचायत की सूची में अपना नाम ढुढ़वाया। ग्राम पंचायत सरपंच एवं सचिव ने बताया कि उनका नाम प्रथम सूची में है। शीघ्र ही उन्हें ग्राम पंचायत से जानकारी भी मिल गई कि उनके परिवार का चयन प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए कर लिया गया है। विभिन्न तीन किस्तों में शासन द्वारा उनके खाते में एक लाख 40 हजार रु. आवास निर्माण हेतु, शौचालय निर्माण हेतु 12 हजार रु. तथा मनरेगा से परिवार के काम करने के बदले में 18 हजार रु. की राशि मिली। पूरे परिवार ने मेहनत करके अपना पक्का आवास बना लिया। इस तरह निरासाबाई का पक्के आवास का सपना साकार में परिणित हो गया।

भावांतर भुगतान योजना मे पंजीयन 24 मार्च तक अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न कर जल्द से जल्द कराएँ पंजीयन - कलेक्टर श्री अजय शर्मा -

भावांतर भुगतान योजना मे पंजीयन 24 मार्च तक
अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न कर जल्द से जल्द कराएँ पंजीयन कलेक्टर श्री अजय शर्मा
अनुपपुर| 20-मार्च-2018


 
 
    मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना रबी फसल में भी लागू कर दी गई है। रबी की फसलों चना, मसूर, सरसों, लहसुन तथा प्याज में इसका लाभ दिया जायेगा। योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अजय शर्मा
ने सभी किसानों से भावांतर भुगतान योजना के तहत पंजीयन कराने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी पात्र किसान पंजीयन की अंतिम तिथि 24 मार्च की प्रतीक्षा किये बिना इस योजना के लिये पंजीयन करायें। पंजीयन सभी सहकारी समितियों में निःशुल्क किया जा रहा है। किसान बोयी गई फसल के क्षेत्रफल की जानकारी, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड पंजीयन तथा खसरे की प्रति के साथ पंजीयन के लिए आवेदन कर सकते हैं। समितियों में किसानों का आनलाइन पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन कराने के बाद किसान पंजीयन संख्या की पर्ची अवश्य प्राप्त करें।
    उन्होंने कहा है कि भावांतर भुगतान योजना के तहत पंजीयन कराने के बाद किसानों की फसलों का राजस्व विभाग के मैदानी कर्मचारियों द्वारा सत्यापन किया जायेगा। सत्यापन ई-गिरदावरी एप के माध्यम से किया जायेगा। सत्यापन के अनुसार ही किसान को भावांतर भुगतान योजना में अनाज देने की अनुमति होगी। किसानों को उनके द्वारा दिये गये बैंक खाते में भावांतर की राशि का भुगतान किया जायेगा। 

कोई भी पात्र असंघठित श्रमिक न रहे पंजीयन से वंचित - कलेक्टर

कोई भी पात्र असंघठित श्रमिक न रहे पंजीयन से वंचित - कलेक्टर 
21 मार्च को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं मे दे भावांतर के साथ श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी
अनुपपुर| 20-मार्च-2018



   कलेक्टर  श्री अजय शर्मा ने असंगठित कर्मकारों के पंजीयन के लिये  समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं समस्त मुख्य नगरपलिका अधिकारी को अभियान चलाकर असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सभी पात्र कर्मकारों का पंजीयन करने के निर्देश दिए हैं।
      कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने कहा कि सभी कृषि मजदूर, लघु एवं सीमान्त कृषक, घरेलू श्रमिक, फेरी लगाने वाले, दूग्ध श्रमिक, मछली पालन श्रमिक, पत्थर तोड़ने वाले, पक्की ईंट बनाने वाले, गोदामों में काम करने वाले, मोटर परिवहन, हाथकरघा, पावरलूम, रंगाई-छपाई, सिलाई, अगरबत्ती बनाने वाले, चमडे़ की वस्तुए और जूते बनाने वाले चर्मकार, ऑटो-रिक्षा चालक, आटा, तेल, दाल तथा चावल मिलों में काम करने वाले, लकड़ी का काम करने वाले, बर्तन बनाने वाले, कारीगर, लुहार, बढ़ई फर्नीचर तथा माचिस एवं आतिशबाजी उद्योग में लगे श्रमिक, प्लास्टिक उद्योग, निजी सुरक्षा एजेन्सी में काम करने वाले, कचरा बीनने वाले, सफाई कर्मी, हम्माल-तुलावटी, गृह उद्योग में नियोजित श्रमिकों का निः शुल्क पंजीयन किया जाना है।
   पंजीयन से श्रमिकों को 200 रूपये मासिक फ्लैट रेट पर बिजली, स्वरोजगार के लिए ऋण, गर्भवती श्रमिक महिलाओं को पोषण आहार के लिये 4 हजार रूपये, प्रसव होने पर महिला के खाते में 12 हजार 500 रूपये जमा किये जायेंगे, साइकिल-रिक्षा चलाने वालों को ई-रिक्षा और हाथठेला चलाने वालों को ई-लोडर का मालिक बनाने की पहल, बैंक ऋण की सुविधा 05 प्रतिशत ब्याज अनुदान के साथ 30 हजार की सब्सिडी दी जायेगी, घर के मुखिया श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर परिवार को दो लाख तथा दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रूपये की सहायता, श्रमिक को मृत्यु पर अंतिम संस्कार के लिये पंचायत/नगरीय निकाय से 5 हजार रूपये की नगद सहायता, हर भूमिहीन श्रमिक को भूखण्ड या मकान एवं श्रमिकों के कल्याण की और भी अनेक योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा।
   कलेक्टर श्री शर्मा  ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र श्रमिक पंजीयन से न छूटे इसके लिए 27 से 30 मार्च के बीच प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर असंगठित श्रमिकों का ऑफलाइन पंजीयन सुनिश्चित करे तथा दिनांक 01 अप्रैल से  इनका ऑनलाइन पंजीयन करें।

   श्री शर्मा ने  प्रत्येक ग्राम पंचायत में तथा नगरीय क्षेत्र में योजना के समुचित प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए है। 
   श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि 16 अप्रैल से 15 मई के मध्य श्रमिक सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है। इस सम्मेलन में असंगठित श्रमिकों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
   21 मार्च को ग्राम सभा में भावांतर भुगतान योजना अंतर्गत पंजीयन सुनिश्चित करें - कलेक्टर श्री शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि 21 मार्च को आयोजित विशेष ग्राम सभा में ग्रामवासियों को भावांतर भुगतान योजना तथा असंगठित श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी से लोगों को अवगत करायें तथा अधिक से अधिक कृषकों का भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत पंजीयन करायें।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें