विधानसभा निर्वाचन के सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन हेतु विभिन्न निगरानी दलों का किया गया गठन
अनूपपुर 21 सितंबर 2018/ आगामी विधानसभा निर्वाचन 2018 को दृष्टिगत रखते हुए ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने निर्वाचन प्रक्रिया के सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन हेतु विभिन्न निगरानी दलों अकाउंटिंग टीम, फ़्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक सर्वेलेन्स टीम, विडीओ व्यूइंग टीम एवं विडीओ सर्वेलेन्स टीम का गठन किया है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने अनूपपुर अंतर्गत तीनों विधानसभा क्षेत्रों हेतु एक अकाउंटिंग टीम का गठन किया है यह टीम निर्वाचन व्यय लेखों से सम्बंधित कार्य का निष्पादन करेगी।अनूपपुर अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र हेतु गठित एक विडीओ सर्वेलेन्स टीम सार्वजनिक रैलियों, संवेदनशील घटनाओं का निरीक्षण एवं रिकार्डिंग का कार्य करेगी। इसी प्रकार तीनो विधानसभा क्षेत्रों कोतमा, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ हेतु एक विडीओ व्यूइंग टीम का गठन किया गया है यह दल विडीओ सर्वेलेन्स टीम द्वारा प्रदान किए गए विडीओ को देखकर व्यय से सम्बंधित एवं आचार संहिता के विषयों की रिपोर्ट देगी। अवैध नगदी के आदान प्रदान, शराब वितरण या मतदाताओं को प्रलोभित करने हेतु अन्य कोई वस्तु, संदेहास्पद वस्तु, शस्त्र आदि के सम्बंध में निगरानी एवं ज़ब्ती की कार्यवाही हेतु तीनो विधानसभा क्षेत्रों प्रत्येक के लिए तीन-तीन फ़्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। हर एक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक रिज़र्व फ़्लाइंग स्क्वॉड भी गठित है। इसी प्रकार स्थानीय विधानसभा क्षेत्रों में चेक पोस्ट बनाकर भारी मात्रा में ले जाई जाने वाली नगदी, अवैध शराब कोई संदेहास्पद वस्तु या शस्त्रों आदि की आवाजाही पर निगरानी हेतु अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए 3-3 एवं कोतमा के लिए 4 स्टैटिक सर्वेलेन्स टीम का गठन किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक रिज़र्व स्टैटिक सर्वेलेन्स टीम भी है।
No comments:
Post a Comment