Thursday, April 5, 2018

सभी सुविधाएं विश्वस्तरीय बनाए - आयुक्त श्री श्रीवास्तव

सभी सुविधाएं विश्वस्तरीय बनाए - आयुक्त श्री श्रीवास्तव 
खेल सुविधाओं का लक्ष्य शारीरिक लाभ के साथ प्रतिस्पर्धीय उत्कृष्टता लाना भी है 
अनुपपुर | 05-अप्रैल-2018
 
   
    फलदार एवं छाया देने वाले वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहयोग देते हैं, वरन परिसर में खेल का अभ्यास कर रहे बच्चों को खेल के दौरान आवश्यक आराम भी देते हैं। इससे छात्रों की खेल परिसर में आकर खेलने की रुचि बढ़ेगी जो की उन्हें स्वास्थ्य लाभ के साथ क्षेत्र को खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां दिलाने में सहायक सिद्ध होगी। उक्त विचार आयुक्त शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव ने जनपद जैतहरी अंतर्गत, ग्राम पंचायत पपरोडी में निर्माणाधीन खेल परिसर के निरीक्षण के दौरान कही। आपने कार्य की गुणवत्ता की सराहना की। आपने कहा खेल परिसर में विविध खेलों के लिए आवश्यक निर्माण कार्य करें। खेलों के लिए बनाए जाने वाले परिसर विश्वस्तरीय होने चाहिए जिसमें अभ्यास के फलस्वरूप क्षेत्रीय बालक आगे चलकर राज्य एवं देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। आपने कहा खेल सुविधाओं का लक्ष्य शारीरिक लाभ दिलाने के साथ साथ प्रतिस्पर्धीय उत्कृष्टता लाना भी है। आपने खेल परिसर से लाभान्वित होने वाले क्षेत्र की जानकारी ली, साथ ही वॉलीबॉल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, गोल पोस्ट आदि की व्यवस्था को बनाने के निर्देश भी दिये। 

कमिश्नर शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव ने शासकीय महाविद्यालय भवन जैतहरी के निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा की

कमिश्नर शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव ने शासकीय महाविद्यालय भवन जैतहरी के निर्माण कार्य प्रगति की समीक्षा की 
 
अनुपपुर | 05-अप्रैल-2018
   
   कमिश्नर शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव ने जैतहरी में निर्माणाधीन शासकीय महविद्यालय भवन के निर्माण कार्य प्रगति की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। आपने महाविद्यालय के लिए आवश्यक जमीन की आवश्यकता, भविष्य मे अन्य विकास के प्रस्तावों एवं कार्य पूरा होने में लगने वाले समय की जानकारी ली। महाविद्यालय भवन के निर्माण के कार्य को अपने तेज गति से करने के निर्देश दिये हैं। आपके द्वारा महाविद्यालय तक पहुँचनें के मार्ग पर भी चर्चा की गयी। आपने कहा पहुँच मार्ग उपयुक्त होना चाहिए, अगर पहुँच मार्ग में चौड़ीकरण की आवश्यकता है तो आवश्यक प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करें। आयुक्त महोदय के साथ कलेक्टर अनूपपुर श्री अजय शर्मा, एसडीएम जैतहरी श्री बी डी सिंह, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद श्री एसके वाजपेयी समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

शासकीय योजनाओ तथा सकारात्मक एवं विकासपरक सोच का उन्नत सम्मिश्रण हो तो परिणाम निकल जाते हैं सोच से आगे


सफलता की कहानी
शासकीय योजनाओ तथा सकारात्मक एवं विकासपरक सोच का उन्नत सम्मिश्रण हो तो परिणाम निकल जाते हैं सोच से आगे



अनूपपुर 05 अप्रैल 2018/ शासन द्वारा क्रियान्वित जनहितकारी योजनाओ से आजीविका संवर्धन मे हितग्राही की सकारात्मक एवं विकासपरक सोच एक अत्यंत महत्वपूर्ण घटक है। अगर दोनों का उन्नत सम्मिश्रण हो जाए तो परिणाम सोच से भी आगे निकल जाते हैं। इसी का उदाहरण हैं विकासखंड जैतहरी के ग्राम खूंटाटोला के निवासी श्री गोपद सिंह। खूंटाटोला ग्राम मे पानी का संकट बना रहता था। पानी की अनुपलब्धता के कारण विकास मे अदृश्य बेड़ियाँ प्रतीत हो रही थी। इन बेड़ियों को तोड़ कर विकास की राह मे जाने की इच्छा थी गोपद को, और इसी विकासपरक सोच के साथ उसने अपने ग्राम के सचिव एवं सरपंच से चर्चा की। उनके द्वारा गोपद को पंचायत एवं ग्रामीण विकास द्वारा क्रियान्वित कपिल धारा कूप योजना के बारे मे बताया गया। गोपद द्वारा निर्धारित प्रपत्र मे आवेदन दिया गया इसके पश्चात गोपद को कूप निर्माण के लिए महात्मागांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजनान्तर्गत सिंचाई के स्थायी स्त्रोत हेतु कपिलधारा कूप सह खेत तालाब उपयोना के माध्यम से 2 लाख रुपये प्राप्त हुए।
            गोपद ने स्वयं की मेहनत एवं योजना द्वारा प्रदत्त पूंजी का उपयोग कर एक अतिसुन्दर कूप का निर्माण किया जिसमे भरपूर पानी की भी प्राप्ति हुई। जिसके फलस्वरूप वे न केवल अपनी बल्कि आस पास के पड़ोसियों की रोज़मर्रा की पानी की ज़रूरतें पूरा कर रहे हैं, साथ ही सब्जी की खेती कर अच्छी आय भी ले रहे हैं। गोपद बताते हैं कि सब्जी उत्पादन से वे महीने मे औसतन 4 से 5 हजार की कमाई कर लेते हैं। गोपद के कुए का नाम फैला एवं उनकी बगिया को देखने आयुक्त शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव आए। श्री श्रीवास्तव गोपद से मिले और बाग एवं कुए को देखा आपने गोपद की लगन एवं सोच की सराहना की। साथ ही सदैव विकास की सोच रखने वाले गोपद को तकनीकी एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को दिये ताकि उत्पादन मे वृद्धि होकर आय मे और वृद्धि हो। जो कि गोपद को क्षेत्र मे विकास का जीवंत पर्याय बनाए। गोपद बोलते हैं शासन के सहयोग के कारण ही आज वो एक अच्छा जीवन व्यतीत कर रहे हैं आपने यह भी कहा कि ऐसे ही लगातार मेहनत करके वे अपने व्यवसाय को ऊचाइयों तक ले जाएगे। गोपद ने शासन की योजना एवं विभागीय अधिकारियों को धन्यवाद दिया।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें