ग्राम पंचायत टाँकी खुले में शौच मुक्त
मनाया गया स्वच्छता त्योहार
अनूपपुर 29 सितंबर 2018/ समग्र स्वच्छता की तरफ़ तेज़ी से क़दम बढ़ा रहे अनूपपुर को स्वच्छता के इस अभियान में आमजनो का सतत सहयोग प्राप्त हो रहा है। अनूपपुर को खुले में शौच मुक्त करने के लिए प्रशासन के साथ आमजनो ने भी कंधे से कंधा मिला लिया है। इसी प्रयास और जागरूकता का असर है कि जनपद अनूपपुर की ग्राम पंचायत टाँकी आज खुले में शौच मुक्त हो गयी है। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी। एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत डॉ सलोनी सिडाना ने समस्त अधिकारियो कर्मचारियों एवं निगरानी समिति के सदस्यों समेत ग्रामवासियों को बधाई दी है। कलेक्टर ने इस अभियान को आगे ले जाकर तरल एवं ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन की बात कही। डॉ सिडाना ने अनूपपुर के सभी निवासियों से स्वच्छता का संदेश अधिक से अधिक जनो तक पहुँचाने एवं इस आशय में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया है। इस गरिमामयी अवसर को ग्राम पंचायत टाँकी में एक त्योहार की तरह मनाया गया। स्वच्छता के इस त्योहार में गौरव यात्रा निकाल जन जन को स्वच्छ रहने एवं परिवेश को स्वच्छ रखने के प्रण का पुनः स्मरण कराया गया। कार्यक्रम में विधायक कोतमा श्री मनोज अग्रवाल ने सभी निवासियों को बधाई दी और कहा इस स्वच्छता को सदैव बनाए रखे। रोग बाधाओं से मुक्त होकर स्वस्थ एवं सुखमय जीने का आधार स्वच्छता है। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निगरानी समिति के सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष अनूपपुर श्रीमती ममता सिंह, जनपद सदस्य, सरपंच ग्राम पंचायत टांकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अनूपपुर श्री वीएम मिश्रा, यूनीसेफ के प्रतिनिधि श्री अश्विनी , निगरानी समिति के सदस्य, जनपद पंयायत अनूपपुर के अधिकारी, कर्मचारी, सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक,शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, बी एस डब्लू के छात्र, मेंटर, एनआरएलएम के पीएफटी सदस्य, समूह की महिलाऐं, विकास खण्ड समन्वयक एसबीएम, ग्राम पंचायत टांकी के ग्रामवासी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment