Wednesday, October 3, 2018

बच्चों में बचपन से पुस्तकें पढ़ने की आदत डालें अभिभावक

बच्चों में बचपन से पुस्तकें पढ़ने की आदत डालें अभिभावक 
150वीं गांधी जयंती पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में राज्यपाल श्रीमती पटेल 
अनुपपुर | 03-अक्तूबर-2018
 
    राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने 150वीं गाँधी जयंती पर मंगलवार को राजभवन में आयोजित प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में कहा कि माता-पिता को बच्चों में बचपन से ही पुस्तकें पढ़ने की आदत डालना चाहिये, उन्हें सामान्य ज्ञान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं के भाषण, चित्रकला पर आधारित पुस्तक का प्रकाशन करवाया जायेगा। उन्होंने शिक्षकों को सुझाव दिया कि अपने स्कूल में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों के भाषण, चित्रकला आदि पर आधारित पुस्तक का प्रकाशन करवायें। इस प्रयास से स्कूल में आगे प्रवेश लेने वाले बच्चों को प्रेरणा मिलेगी।
    श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल फोन का नियंत्रित उपयोग करने के लिये प्रेरित करना चाहिये। उन्हें बच्चों में मोबाइल फोन के अधिक उपयोग की आदत को बदलना चाहिये। बच्चों द्वारा मोबाइल फोन के उपयोग के समय और विषय तक अभिभावकों को निश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में भी बच्चों को समझायें। माता-पिता को भी मोबाइल का उपयोग कम से कम करना चाहिए।
    राज्यपाल ने भाषण,वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न स्कूलों के विजेता छात्र-छात्राओं और राजभवन के कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चों को ट्राफी और प्रमाण पत्र वितरित किये। इस मौके पर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत राजभवन के कर्मचारियों और अधिकारियों के मकानों की स्वच्छता के सर्वें के आधार पर विजेताओं को पुरस्कार दिये गये। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया।
    इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री डी.डी. अग्रवाल, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, राजभवन के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित थे।

सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में योगदान करें महिला स्व-सहायता समूह

सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में योगदान करें महिला स्व-सहायता समूह 
नाबार्ड की राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी-सह-बिक्री मेले में शामिल हुईं राज्यपाल श्रीमती पटेल 
अनुपपुर | 03-अक्तूबर-2018
 
    राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि महिला स्व-सहायता समूह सामाजिक कुरीतियों और नशे जैसी बुराई को समाप्त करने में योगदान करें। श्रीमती पटेल मंगलवार को भोपाल में नाबार्ड द्वारा आयोजित स्व-सहायता समूहों, शिल्पकारों तथा कृषि उत्पादन संगठनों के उत्पादों की राष्ट्र-स्तरीय प्रदर्शनी- सह-बिक्री मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर अगर हम सब गांधी जी के जीवन से जुड़ी छोटी-छोटी बातों जैसे नशा न करना तथा सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लें, तो यह गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
    श्रीमती पटेल ने कहा कि विश्व के सभी देश अपने राष्ट्र को पुरूष के रूप में मानते हैं। केवल हमारा देश है जो भारत माता के रूप में पूजा जाता है। इसलिए हमारे देश में महिलाओं का सदियों से सम्मान किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने चरखा चला कर हमें आजादी दिलाई, हजारों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने बिना भेदभाव किये देश के लिए प्राण न्यौछावर कर दिये और आज हम जातीवाद की समस्या से ही जूझ रहे हैं। श्रीमती पटेल ने कहा कि आज हमें सोचना पड़ेगा कि हमें देश के लिए क्या करना है। जब देश हित, देश प्रेम, गरीबों की सहायता, सभी को शिक्षा और सभी के विकास में सब मिलकर सहयोग करेंगे, तभी प्रधानमंत्री की सबका साथ-सबका विकास की सोच साकार रूप ले सकेगी। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने देश के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की सोच को बढ़ावा दिया। प्रधानमंत्री जी ने गांधी जी की मंशानुसार योजनाएं बनाकर अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुँचाने का प्रयास किया है।
    मेले में कृषि उत्पादन आयुक्त, श्री पी सी मीणा, प्रमुख सचिव कृषि श्री राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव सहकारिता श्री के सी गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक श्री योगेंद्र सिंह, महाप्रबंधक यूनियन बैंक आफ इंडिया श्री जे एस चौहान, तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, कृषक और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

विधिक सहायता शिविर संपन्न

विधिक सहायता शिविर संपन्न 

अनुपपुर | 03-अक्तूबर-2018
 
    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर द्वारा 02 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी जीतेन्द्र मोहन धुर्वे, की उपस्थिति में आदिवासी कन्या छात्रावास में ‘‘मध्यस्थता एवं बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं और उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवा योजना‘‘ विषय पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के प्रारंभ में महात्मा गांधी जी के चित्र पर श्री धुर्वे एवं छात्रावास अधीक्षिका द्वारा माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर श्री धुर्वे ने उपस्थित छात्राओं से कहा कि हमें गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और देश एवं समाज के हित में सदैव कार्य करना चाहिए। सभी को कानून की जानकारी होना चाहिए और कानून का पालन अनिवार्य रूप से करना चाहिए। साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलायी जा रही योजना विधिक सहायता, विधिक सलाह, मध्यस्थता, लोक अदालत आदि के बारे में जानकारी देते हुये उन्होनें छात्राओं से आव्हान किया कि वे अपने घर-परिवार को विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान करें जिससे सकल समाज इससे लाभान्वित हो सके। उन्होने चाइल्ड हेल्प लाईन नंबर एवं पॉस्को अधिनियम के बारे में छात्राओं को अवगत कराते हुये कहा कि कोई भी व्यक्ति उन्हें अनावश्यक परेशान करता है तो इसका विरोध करें और अपने परिजनों, शिक्षकों को बतायें, और पुलिस को सूचित करें।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें