Saturday, April 14, 2018

अनूपपुर में अम्बेडकर जी के उच्च विचारों का किया गया स्मरण

अनूपपुर में अम्बेडकर जी के उच्च विचारों का किया गया स्मरण 
उत्साहपूर्वक मनायी गई अम्बेडकर जयंती 
अनुपपुर | 14-अप्रैल-2018
 
   
   एक महान आदमी एक प्रतिष्ठित आदमी से इस तरह से अलग होता है कि वह समाज का नौकर बनने को तैयार रहता है। भारत के संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर के इन्हीं आदर्शों पर समूची प्रशासनिक व्यवस्था आधारित है। आज अंबेडकर जयंती के दिन अपर कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा आरपी तिवारी ने समस्त शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्य के निर्वहन के दौरान यह बात सदैव संज्ञान में रखने के लिए कहा कि हम सभी जनता के सेवक हैं। आपने कहा अम्बेडकर जी का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था का निर्माण था जिसमें सभी लोग सामाजिक और आर्थिक रूप से समान हो। शासन अपनी जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से उनके इस उज्ज्वल भारत के स्वप्न को जिसमें सभी व्यक्तियों के पास प्रगति के अवसर उपलब्ध हों, ऐसी व्यवस्था के लिए सदैव प्रयासरत है। जल्द ही हम एक सशक्त, सक्षम भारत के निर्माण में सफल होंगे।  एसडीएम अनूपपुर श्री प्रवीण फुलपगारें ने बाबा साहब को याद करते हुए कहा कि आपका जीवन एवं आदर्श सदैव ही पथप्रदर्शक रहें हैं और रहेंगे। परियोजना अधिकारी डॉ. द्विवेदी ने कहा अम्बेडकर जी ने समाज के पिछड़े लोगों के उत्थान के लिये कार्य किया, उनके द्वारा दिखाई गई राह में शासन चला एवं आज हम बहुत सी आर्थिक एवं समाजिक असमानता को दूर करने में सफल हुए है।
    आज जिला पंचायत कार्यालय अनूपपुर में भारतरत्न बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी की जयंती उनकी प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ उनके सुविचारों को अपने आचरण में लाने के संकल्प के साथ मनायी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अनूपपुर के विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

समस्त ग्राम सभाओं में मनाया गया सामाजिक न्याय दिवस

समस्त ग्राम सभाओं में मनाया गया सामाजिक न्याय दिवस 
 
अनुपपुर | 14-अप्रैल-2018
 
   
    जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ उनके सुविचारों को अपने आचरण में लाने के संकल्प के साथ की गई।
    ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रतीक्षा सूची को अपग्रेड करने, निर्माणधीन आवासों को शीघ्र पूरा कराने तथा पंचायत में चलाए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा, पंच परमेश्वर योजना अंतर्गत उपलब्ध राशि तथा प्रस्तावित कार्यों के नवीन दिशा-निर्देशों तथा एप से सदस्यों को अवगत कराया गया। ग्राम को खुले में शौंच मुक्त घोषित करने की रणनीति तथा अवधि का निर्धारण, खुले में शौच मुक्त घोषित हो चुके ग्रामों को “कचड़ा मुक्त-कीचड़ मुक्त” ग्राम के रूप में विकसित करने के लिये रणनीति का निर्धारण साथ ही ग्राम सभा में अनिवार्य करों के करा-रोपण एवं वसूली की जानकारी दी गई।  ग्राम पंचायत अंतर्गत विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन वितरण और आंगनवाड़ियों में बच्चों के पोषण आहार की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। जिन ग्रामों में सभी पात्र महिलाएं स्व-सहायता समूह की सदस्य बन चुकी हैं, उनकी पूर्ण जानकारी ग्राम सभा में रखने के साथ ही बाल विवाह को रोकने के लिए शपथ ली गई। 

एक मई से सभी जिलों में होंगी विकास यात्राएं - मुख्यमंत्री श्री चौहान

एक मई से सभी जिलों में होंगी विकास यात्राएं - मुख्यमंत्री श्री चौहान 
किसानों के खातों में भुगतान राशि तत्काल ट्रांसफर होगी, मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को दिये गेहूं और अन्य फसलों के उपार्जन संबंधी निर्देश 
अनुपपुर | 14-अप्रैल-2018
 
   
   मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गेहूँ, चना, सरसों और मसूर की तत्काल खरीदी करने और किसानों के खातों में भुगतान राशि अविलम्ब जमा कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होना चाहिए। उन्हें खरीदी केंद्र तक जाने के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करना पड़े। यदि आवश्यक हो, तो खरीदी केन्द्रों की संख्या भी बढायें। श्री चौहान आज मंत्रालय में संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर रहे थे।
   श्री चौहान ने मुख्यमंत्री कृषि समृद्धि योजना को किसानों के लिये ऐतिहासिक योजना बताते हुए कहा कि सात लाख से ज्यादा गेहूं उत्पादक किसानों और 2.82 लाख धान उत्पादक किसानों के खातों में 1700 करोड़ रूपये से ज्यादा राशि दी जायेगी। यह राशि पिछले साल समर्थन मूल्य पर खरीदे गये 67 लाख 21 हजार मीट्रिक टन गेहूँ पर 200 रूपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त रूप से दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में यह ऐतिहासिक निर्णय है। अतिरिक्त राशि वितरण की शुरूआत 16 अप्रैल को शाजापुर जिले से होगी। इस कार्यक्रम की सभी जिलों की मंडियों में देखने के लिये सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई है। श्री चौहान ने कहा कि किसानों के लिये इस दिन उत्सव का माहौल होगा। प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा अवसर आ रहा है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार धान उत्पादक किसानों को 200 रूपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि के भुगतान का वितरण बालाघाट जिले के वारासिवनी से 15 अप्रैल को होगा। करीब 72 हजार धान उत्पादक किसानों को 57 करोड़ 87 लाख रूपये से ज्यादा का भुगतान किया जायेगा।
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि चना, सरसों और मसूर की खरीदी पर भी मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 100 रूपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि दी जायेगी। इसी प्रकार इस वर्ष खरीदे गये गेहूँ पर 265 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि पर का वितरण 10 जून से किया जायेगा।
   किसानों के खातों का सत्यापन करें - मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश दिये कि वे किसानों के खातों का सत्यापन करवा लें ताकि उनके खातों में राशि देने में अड़चन नहीं आये। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गेहूँ और अन्य उपज की सरकारी खरीद के लिये की गई प्रभावी व्यवस्थाओं के लिये संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि खरीदी की व्यवस्था पूरे देश में अनुकरणीय है। उपार्जन में तेजी लाना जरूरी है, ताकि उपज का अविलम्ब भण्डारण हो जाये और किसानों के खातों में पैसे पहुंच जायें। श्री चौहान ने कहा है कि प्रदेश के सभी जिलों में एक से दस मई तक विकास यात्राओं का आयोजन होगा।
   श्री चौहान ने मध्यप्रदेश असंगठित श्रमिक कल्याण योजना की चर्चा करते हुए कहा कि यह योजना श्रमिकों के जीवन में सुखद परिवर्तन लाने वाली योजना है। उन्होंने बताया कि इस योजना में अब तक एक करोड़ से ज्यादा श्रमिकों का पंजीयन हो चुका है। श्री चौहान ने बताया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को लाभ देने की इस योजना की शुरूआत खरगोन से 17 अप्रैल को होगी। इस दौरान श्रमिकों को पंजीयन प्रमाण पत्र वितरित किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भू-खंड अधिकार अभियान भी चलाया जायेगा।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें