Monday, August 13, 2018

जल प्रदूषण से बीमारियों की रोकथाम के लिए लगाए जाएँगे विशेष स्वास्थ्य कैम्प

जल प्रदूषण से बीमारियों की रोकथाम के लिए लगाए जाएँगे विशेष स्वास्थ्य कैम्प


अनूपपुर 13 अगस्त 2018/ कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने लोक स्वास्थ्य यान्त्रिकी विभाग के अधिकारियों को हर एक ग्राम पंचायत में पेय जल का परीक्षण कर उसकी उपयुक्तता के सम्बंध में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। आपने ऐसी ग्राम पंचायत जहाँ का पेय जल प्रदूषण के लिए अनूपयुक्त है वहाँ आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है। आपने जल प्रदूषण से हो रही बीमारियों का संज्ञान लेते हुए ग्रामवासियों के स्वास्थ्य का आंकलन करने एवं आवश्यक सुधार हेतु विशेष कैम्प लगाने के निर्देश दिए हैं। इन कैम्पो में महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। कैम्पो में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ पेय जल के उपयोग के सम्बंध में बरती जाने वाली सावधानियाँ क्लोरीन की गोलियों का प्रयोग, पानी उबालकर पीना आदि के बारे में विस्तार से समझाइश दी जाएगी।

स्वच्छता के प्रति जागृति लाने महिलाओं एवं बालिकाओं ने रचाई स्वच्छता मेहंदी

स्वच्छता के प्रति जागृति लाने महिलाओं एवं बालिकाओं ने रचाई स्वच्छता मेहंदी


अनूपपुर 13 अगस्त 2018/ मेहंदी ख़ुशियों के आमंत्रण को, शुभ कार्य के प्रारम्भ को, प्यार की अभिव्यक्ति को निरूपित करने का कार्य करती है। अनूपपुर ज़िले को स्वच्छ बनाने में हर समाज हर वर्ग के लोग अब आगे आकर इस शुभ कार्य के लिए प्रयास कर रहे हैं। अनूपपुर ज़िले की ग्राम पंचायत परासी में जनअभियान परिषद द्वारा सतत चल रहे स्वच्छता अभियान सुगढ अनूपपुर की कड़ी में एक अभिनव प्रयास किया गया। बीएसडबल्यू की छात्राओं एवं परासी की महिलाओं ने स्वच्छता के आमंत्रण एवं स्वच्छता के प्रति अपने समर्पण को निरूपित करने के लिए हाथो में स्वच्छता संदेश की मेहंदी रचाई एवं पंचायत को खुले में शौच मुक्त करने का प्रण लिया। अगर ज़िले की सभी महिलाएँ स्वच्छता के प्रति इसी तरह जागरूक एवं समर्पित हो जाएँ तो वह दिन दूर नहीं जब सम्पूर्ण ज़िला स्वच्छ एवं सुंदर हो जाएगा। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत डॉ सलोनी सिडाना ने जन अभियान परिषद के प्रयासों एवं परासी की महिलाओं की सराहना की है एवं अन्यो को अनुकरण कर सहयोग करने का आह्वान किया है।

आज 14 अगस्त को शहीदों के सम्मान में मनाया जाएगा शौर्य दिवस

आज 14 अगस्त को शहीदों के सम्मान में मनाया जाएगा शौर्य दिवस



अनूपपुर 13 अगस्त 2018/ जनसमुदाय में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी ज़िला मुख्यालयों में 14 अगस्त को शहीद सम्मान कार्यक्रम आयोजित होंगे। अपर कलेक्टर डॉ आर॰पी॰तिवारी ने बताया कि अनूपपुर ज़िले के शहीदों का सम्मान उनके गृह ग्राम स्थित शासकीय विद्यालय में शौर्य दिवस का आयोजन कर किया जाएगा। आपने बताया कि ज़िस विद्यालय में शहीदों की शिक्षा हुई है उस विद्यालय में शहीद के चित्र पर माल्यार्पण तथा श्रधांजलि देते हुए उनकी शौर्य गाथा का पठन विद्यार्थियों के समक्ष किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि यथा सांसद, विधायक, ज़िला पंचायत/ जनपद पंचायत अध्यक्ष, अध्यक्ष नगरपालिका, सदस्य ज़िला/जनपद पंचायत को आमंत्रित किया जाएगा। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी सार्वजनिक सम्मान समारोह कार्यक्रम स्थल पर, शहीद के निवास स्थान जाकर शहीद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रधांजलि देंगे तथा परिवार के वरिष्ठ सदस्य को शाल श्रीफल एवं शासन से प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे।
यहाँ होंगे कार्यक्रम
सीआरपीएफ़ के सिपाही स्वर्गीय श्री सोमनाथ राठोर के सम्मान में शासकीय माध्यमिक शाला बर्री में, लांस दफ़ादार स्वर्गीय श्री बसंत कुमार सिंह के सम्मान में शासकीय उ मा वि धिरोल में, गनर स्वर्गीय श्री विनोद कुमार के सम्मान में शा उ मा वि फुनगा में एवं सीआरपीएफ़ आरक्षक स्वर्गीय श्री राहुल सिंह के सम्मान में शा उ मा वि राजनगर एवं डोमरकछार पंचायत भवन में सम्मान कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे सीधा संवाद
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर ज़िला भिंड में आयोजित शहीद सम्मान कार्यक्रम में शहीदों को श्रधांजलि अर्पित करते हुए, मध्यप्रदेश की जनता से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी प्रादेशिक न्यूज़ चैनल, दूरदर्शन मध्यप्रदेश एवं सोशल मीडिया पर होगा। 
कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी ने मीडिया (प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक) के समस्त साथियों को अपने क्षेत्र के अनुसार शहीदों के सम्मान कार्यक्रम में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें