Wednesday, April 18, 2018

नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित


नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित



अनूपपुर 18 अप्रैल 2018/ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण- 2018 के लिये कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री आर.परशुराम ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रकाशन करवाने के निर्देश सभी कलेक्टर्स को दिये हैं।
फोटोयुक्त मतदाता सूची का नगरपालिका वार्ड और ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 30 मई 2018 को होगा। मतदाता सूची के संबंध दावे-आपत्ति 30 मई से 8 जून तक दावा-आपत्ति केन्द्र पर लिये जायेंगे। दावे-आपत्ति का निराकरण 15 जून तक किया जायेगा। मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन 2 जुलाई 2018 को किया जायेगा।

प्रदेश के गाँवों में 20 मई तक जारी रहेंगे महिला स्वास्थ्य शिविर महिलायें शिविर का भरपूर लाभ उठायें : स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंह



प्रदेश के गाँवों में 20 मई तक जारी रहेंगे महिला स्वास्थ्य शिविर
महिलायें शिविर का भरपूर लाभ उठायें : स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंह
                                         

   


अनूपपुर 18 अप्रैल 2018/ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रुस्तम सिंह ने प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं से अपील की है कि प्रदेश में 20 मई तक जारी नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर का भरपूर लाभ उठायें। श्री सिंह ने महिलाओं के परिजनों से भी आग्रह किया है कि वे अपने घर में अगर किसी महिला में कोई स्वास्थ्य समस्या देखते हैं, तो उन्हें शिविर में लायें और जाँच अवश्य करवायें। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि नि:शुल्क शिविर के बारे में अधिक जानकारी के लिये अपने क्षेत्र के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आँगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता से भी सम्पर्क किया जा सकता है। स्‍वास्थ्य मंत्री ने बताया कि शिविर में किशोरी बालिकाएँ, गर्भवती महिला सहित सभी आयु वर्ग की महिलाओं की स्वास्थ संबंधी समस्याओं की जाँच एवं उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है। इन शिविरों में किशोरियों में रक्ताल्पता और माहवारी, गर्भवती महिलाओं में रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, हाईरिस्क गर्भावस्था, इलेक्टिव सिजर के लिए चिन्हांकन और अन्य महिलाओं में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, स्तन, सरवाइकल एवं ओरल कैंसर, नि:संतानता और अन्य स्त्री रोगों की पहचान की जायेगी।

आँगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहयोगी प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं से गृह भेंट के दौरान एनीमिया से बचाव और प्रबंधन के लिये कृमिनाशक गोली और साप्ताहिक आयरन टेबलेट का वितरण भी करेंगी। आवश्यक हैं ये जाँच : स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं से कहा है कि निरन्तर सिरदर्द, रक्तचाप की शिकायत, अचानक वजन में कमी आना और अधिक प्यास लगने के साथ बार-बार वॉशरूम जाना, थोड़ा काम करने पर थकना और हाथ-पैरों में दर्द, शादी के तीन साल बाद भी बच्चे न होना, अनियमित माहवारी, स्तन में गठान की शिकायत, तम्बाकू सेवन करने वाली महिलाओं के मुँह में घाव और छाले हों, तो अपने गाँव के नि:शुल्क स्वास्थ शिविर में अवश्य चेकअप करवायें।

सफलता की कहानी सुखीराम एवं रामजीवन के घर पहुंचा उजाला सभी घरों मे पहुंचेगा सौभाग्य से उजाला




सफलता की कहानी 
सुखीराम एवं रामजीवन के घर पहुंचा उजाला 
सभी घरों मे पहुंचेगा सौभाग्य से उजाला





अनूपपुर 18 अप्रैल 2018/ वर्तमान समय मे जहां ऊर्जा की खपत को विकास का सूचक माना जाता है । किसी देश मे प्रति व्यक्ति खर्च हो रही ऊर्जा यह निर्धारित करती है की वह देश विकास के किस सोपान मे है। ऊर्जा की उपलब्धता आज रोटी, कपड़ा,एवं मकान के साथ मूलभूत आवश्यकताओ मे शामिल हो चुकी है। देश मे चल रहे विकास कार्यक्रमो से जुडने का ये एक माध्यम है। विकास के नित नए पायदानों पर चढ़ रहे हमारे देश मे आज भी एक ऐसा वर्ग है जो इस सुविधा से आज तक अछूता है। ऐसे ही छूटे हुए सीमांत लोगो को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नित नए प्रयास किए जा रहे है। शासन की ऐसी ही योजना है प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना ‘‘सौभाग्य’’ जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 25 सितंबर सन् 2017 को किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी देश में सभी घरों का विद्युतीकरण सुनिश्चत करना है। ‘सौभाग्य’’ का उद्देश्य अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी सुनिश्चत करते हुए सभी घरों में बिजली पहुंचाना और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी शेष गैर विद्युतिकृत घरों में बिजली कनेक्शन सुलभ कराना है, ताकि देश में सभी घरों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। 


पुष्पराजगढ़ जनपद के ग्राम जरही के सुखीराम महरा ने अपने 42 वर्ष के जीवन मे बिजली को संभ्रांत लोगों के घरों मे ही देखा था। उनके घर मे अब तक प्रकाश के लिए पारंपरिक साधनो का प्रयोग किया जाता था। जब उनके घर मे सौभाग्य योजना के तहत बिजली का तार डाल कर बल्ब से प्रकाश किया गया तो उनकी खुशी को वो रोक नहीं पाये। सुखीराम का कहना है कि इस रोशनी से उनकी किस्मत भी चमक गयी है। उसी ग्राम के रामजीवन के घर मे जैसे ही बल्ब जलकर प्रकाश हुआ तो उनके परिवार के सभी बच्चे बूढ़े खुशी से झूम उठे। उनमे एक नया विश्वास था उनकी आंखो मे आगे बढ्ने की दुनियाँ को जानने की ललक थी। इस रोशनी मे पढ़कर वे भी अपना भविष्य चमकाए इसी चाह के साथ कार्यपालन अभियंता मप्रपूक्षेविविकलिमि श्री प्रमोद गेडाम ने इस योजना के लक्ष्य को समय से पूर्व पूर्ण कर जल्द से जल्द सभी पात्रों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा है। उनके निर्देशन मे ज़िले मे सौभाग्य योजना के क्रियान्वयन का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत घरों में बिजली कनेक्शन देने के कार्य में संबंधित घर से निकटतम विद्युत खंबे से सर्विस केबल घर तक लाना, बिजली मीटर लगाना, एलईडी बल्ब और एक मोबाईल चार्जिंग प्वाइंट के साथ एकल विद्युत प्वाइंट के लिए तार डालना शामिल है।


यदि सर्विस केबल लाने के लिए संबंधित घर के निकट विद्युत खंबा उपलब्ध नहीं है तो कंडेक्टर एवं संबंधित उपकरणों के साथ अतिरिक्त खंबा लगाया जाना भी इस योजना में शामिल है। गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे। इस योजना के तहत सिर्फ 500 रूपये के भुगतान पर अन्य घरों को भी विद्युत कनेक्शन मुहैया कराए जाएंगे। इस राशि की वसूली बिजली बिलों के साथ 10 किस्तों में डिस्कॉम/विद्युत विभागों द्वारा की जाएगी।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें