Thursday, April 5, 2018

असंगठित श्रमिकों के पंजीयन में मीडिया एवं समस्त समाज करे सहयोग - आयुक्त श्री श्रीवास्तव

असंगठित श्रमिकों के पंजीयन में मीडिया एवं समस्त समाज करे सहयोग - आयुक्त श्री श्रीवास्तव 
 
अनुपपुर | 05-अप्रैल-2018
 
   
   आयुक्त श्री रजनीश श्रीवास्तव ने असंगठित श्रमिकों को विभिन्न लाभ दिलाने हेतु चलायी जा रही योजनाओ के लिए शासन द्वारा चलाये जा रहे असंगठित मजदूरों के पंजीयन के महाभियान के बारे में ग्राम पंचायत पपरोडी में आयोजित ग्राम सभा में उपस्थित समस्त नागरिकों को बताया। आपने बताया कि असंगठित मजदूरों के पंजीयन के लिए एक अप्रैल से विशेष अभियान प्रारंभ किया जा चुका है। असंगठित श्रमिकों के पंजीयन के लिए ग्राम पंचायतवार तथा नगरीय क्षेत्र में वार्डवार पंजीयन शिविर लगाये जायेंगे तथा अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन किया जायेगा।
   पंजीयन के लिए श्रमिक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होना चाहिए, आवेदक असंगठित श्रमिक श्रेणी में कार्यरत हो, आयकर दाता न हो तथा संबंधित आवेदक श्रमिक के पास ढाई एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि नहीं होना चाहिए। पंजीयन के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन सह घोषणा पत्र के साथ समग्र आई.डी. क्रमांक, पासपोर्ट साईज फोटो लगाना होगा पंजीयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। एक बार किया गया पंजीयन 5 वर्ष तक वैध रहेगा।
   पंजीबद्ध असंगठित मजदूरों को 200 रूपये मासिक फ्लैट रेट पर बिजली उपलब्ध कराई जायेगी, गर्भवती श्रमिक महिलाओं को पोषण आहार के लिये 4 हजार रूपये दिये जायेंगे, प्रसव होने पर महिला के खाते में 12 हजार 500 रूपये जमा किये जायेंगे। घर की मुखिया श्रमिक की सामान्य मृत्यु पर परिवार को 2 लाख तथा दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रूपये की सहायता, हर भूमिहीन श्रमिक को भूखण्ड या मकान, स्वरोजगार के लिए ऋण दिलाया जायेगा, साइकिल-रिक्शा चलाने वालों को ई-लोडिंग रिक्शा का मालिक बनाने के लिए बैंक ऋण की सुविधा दिलाई जायेगी। उन्हें 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान के साथ 30 हजार की सब्सिडी दी जायेगी। श्रमिक को मृत्यु पर अंतिम संस्कार के लिये पंचायत व नगरीय निकाय से 5 हजार रूपये की नगद सहायता दिलायी जायेगी। इसके अलावा तेदूपत्ता तोड़ने वाले मजदूरों को चरण पादूका योजना के तहत जूते चप्पल तथा पानी की कुप्पी दिलाई जायेगी। पंजीकृत श्रमिक व उसके परिवार के सदस्यों की गम्भीर बीमारी का मुक्त इलाज सरकार करायेगी। श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 1 से पी.एचडी तक निःशुल्क शिक्षा दिलायी जायेगी। मजदूर को साइकिल व औजार खरीदने के लिए 5 हजार रूपये का नगद अनुदान दिया जायेगा। मजदूरों को मकान बनाने के लिए जमीन का पट्टा दिलाया जायेगा।
   आपने समस्त अधिकारियों, सभा मे उपस्थित सभी व्यक्तियों एवं मीडिया से असंगठित मजदूरों के पंजीयन का व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने में सहयोग करने के लिए कहा है। आपने कहा जानकारी के अभाव मे कोई भी पात्र व्यक्ति पंजीयन से वंचित नहीं होना चाहिए।

शासन सदा प्रगतिशील व्यक्तियों के साथ, अपने इस प्रयास को बनाए विकास का आंदोलन - आयुक्त श्री रजनीश श्रीवास्तव

शासन सदा प्रगतिशील व्यक्तियों के साथ, अपने इस प्रयास को बनाए विकास का आंदोलन - आयुक्त श्री रजनीश श्रीवास्तव 
मैकल वुमन पौल्ट्री प्रोड्यूसर से जुड़ी हुई ग्राम छातापटपर की महिलाओं से मिले 
अनुपपुर | 05-अप्रैल-2018
 
   
   अनूपपुर में कलेक्टर श्री अजय शर्मा के मार्गदर्शन मे जिला प्रशासन द्वारा आजीविका संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की विशेषताओं, क्षेत्रवासियों की रुचि, बाजार की मांग, प्रशिक्षण की उपलब्धता आदि पहलुओं को ध्यान में रखकर कई अभिनव प्रयास किया जा रहे हैं। उनहीं में से एक है मुर्गीपालन व्यवसाय। मुर्गीपालन व्यसाय को स्वसहायता समूहों से जोड़कर अनूपपुर जिले में हजारों हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसी अभिनव प्रयास से लाभान्वित हुई ग्राम छातापटपर की महिलाओं से आयुक्त शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव मुखातिब हुए। आपने सर्वप्रथम आगंतुक स्वसहायता समूह की महिलाओं से सहज होने का अनुरोध किया ताकि वो अपनी बातें एवं अपने सुझाव खुल कर सामने रख पाये। आपने समूह के सदस्यों से मुर्गीपालन व्यवसाय के बारे में तकनीकी जानकारी के संबंध में जानकारी ली। श्री श्रीवास्तव द्वारा महिलाओं के व्यवसाय के प्रति ज्ञान की सराहना की गयी। आपने समूह के सदस्यों से लेयर मुर्गीपालन के रखरखाव की प्रक्रिया, उत्पादन की जानकारी एवं इसके फलस्वरूप हो रही आमदनी, दस्तावेजों के रखरखाव एवं प्रबंधन के संदर्भ में बात की। आपने समूह के सदस्यों से कहा सदैव आगे बढ़ते रहने के प्रयास करे और आवश्यक सुझाव प्रशासन तक पहुंचाए, शासन सदा प्रगतिशील व्यक्तियों के साथ विकास की राह में उनका सहयोग करने के लिए उपलब्ध है। आपने कहा आगे बढ़े और न केवल जिले वरन राज्य एवं सम्पूर्ण देश के लिए एक उदाहरण बने। आपने सदस्यों से कहा अधिक से अधिक लोगों को अपने इस प्रयास की जानकारी देकर उन्हे समूह से जोड़े, प्रशिक्षित करे और इस प्रयास को विकास का आंदोलन बना दे। आपने समूह के सदस्यों को उन्नत भविष्य की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर कलेक्टर अनूपपुर श्री अजय शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद जैतहरी श्री एस के वाजपेयी, डीपीएम आजीविका श्री शशांक सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

वृक्षारोपण के साथ-साथ रखरखाव भी महत्वपूर्ण - श्री श्रीवास्तव

वृक्षारोपण के साथ-साथ रखरखाव भी महत्वपूर्ण - श्री श्रीवास्तव 
 
अनुपपुर | 05-अप्रैल-2018
 
   
   वृक्षारोपण जितना महत्वपूर्ण है उतना ही महत्वपूर्ण उनका रख रखाव भी है। रोपित पौधों के जीवित रहने की दर, वृक्षारोपण कार्य के प्रति अधिकारियों, अभियान एवं समुदाय के समर्पण एवं संवेदनशीलता को प्रदर्शित करती है। लट्टी टोला मे आम्रकुंज वृक्षारोपण के निरीक्षण के दौरान आयुक्त शहडोल संभाग श्री रजनीश श्रीवास्तव ने रोपित वृक्षों के वस्तुस्थिति देखकर, वृक्षारोपण कार्य के प्रति संबन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की। आपके द्वारा वृक्षो के रख रखाव के लिए आवश्यक समस्त घटको के बारे मे बारीकी से पूछ्ताछ की गयी। आपके द्वारा पौधों को पानी देने की सुविधा का जायजा एवं गर्मी मे पानी की उपलब्धता के बारे मे पूछताछ की गयी। निरीक्षण के दौरान उपस्थित कलेक्टर श्री अजय शर्मा ने प्रबंधन एवं रखरखाव को देख रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पानी के उचित प्रबंधन के निर्देश दिये। आपने उद्यानिकी विभाग को संबन्धित कर्मचारियों को लघु सिंचाई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए कहा ताकि आगामी ग्रीष्म ऋतु मे पौधो को पानी की कमी का सामना ना करना पड़े साथ ही कम पानी मे उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति हो जाए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदय के साथ कलेक्टर अनूपपुर श्री अजय शर्मा, एसडीएम जैतहरी श्री बी डी सिंह, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद श्री एस के वाजपेयी समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें