Sunday, July 1, 2018

छात्र-छात्राएँ देश के नव-निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दें - राज्यपाल श्रीमती पटेल

छात्र-छात्राएँ देश के नव-निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दें - राज्यपाल श्रीमती पटेल 
विद्यार्थी आत्म-विश्वासी और नवाचारी बनें - उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया 
अनुपपुर | 01-जुलाई-2018
 
    राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि छात्र-छात्राएँ देश के नव-निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिये आगे आयें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एनएसएस जैसे सशक्त प्रकल्पों के माध्यम से विद्यार्थियों की विकास में सहभागिता बढ़ायें। राज्यपाल श्रीमती पटेल आज उज्जैन में विक्रम विश्वविद्यालय के 23वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने समारोह में विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान कीं और विभिन्न संकायों में मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण-पदक प्रदान किये।
    राज्यपाल श्रीमती पटेल ने कहा कि ज्ञान के अर्जन में नारी शक्ति नित नई ऊँचाइयों पर विजय पताका फहरा रही है। श्रीमती पटेल ने कहा कि उपनिषद में दीक्षांत उपदेश में सत्य बोलो, धर्म का आचरण करो आदि उपदेशों के बारे में विस्तृत जानकारी समाहित है। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों द्वारा गाँव को गोद लेकर छात्र-छात्राओं को गाँवों में भेजना चाहिये। उन्होंने कहा कि ग्रामीण छात्राएँ शिक्षा प्राप्त करने से वंचित नहीं रहें। इसके लिये ग्रामों में ऐसा वातावरण बनाना है, जिससे हर छात्रा महाविद्यालय में प्रवेश प्राप्त करे।
    उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने दीक्षांत समारोह में मारवाड़ी पगड़ी और भारतीय परिधान में उपाधियाँ प्राप्त करने आये छात्र-छात्राओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गाउन में विद्यार्थियों का समूह जादूगरों का जमावड़ा लगता था। श्री पवैया ने कहा कि शिक्षा प्राप्त कर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शिक्षा में वृद्धि करते हुए समाज के नव-निर्माण में योगदान दें। तभी शिक्षा की सार्थकता होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी आत्म-विश्वासी और नवाचारी बनें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को भी यह देखना होगा कि विश्वविद्यालय से अध्ययन कर निकलने वाले विद्यार्थियों का देश में कितना मान होता है। अकादमिक प्रतिष्ठा अर्जित करने के लिये कड़ी मेहनत की आवश्यकता होती है। दीक्षांत समारोह में कुलपति डॉ. एस.एस. पाण्डे ने स्वागत भाषण में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और अनुसंधान के संबंध में जानकारी दी।

विराट हॉस्पिटल में कैंसर पीड़ितों की सेवा देख अभिभूत हुए मुख्यमंत्री

विराट हॉस्पिटल में कैंसर पीड़ितों की सेवा देख अभिभूत हुए मुख्यमंत्री 
 
अनुपपुर | 01-जुलाई-2018
 
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में भेड़ाघाट के समीप विराट हॉस्पिस में कैंसर पीडि़त मरीजों की नि:स्वार्थ भाव से की जा रही सेवा को अनुकरणीय बताते हुए इस तरह के प्रकल्पों को गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी प्रारंभ करने की मंशा व्यक्त की है। श्री चौहान आज सुबह जबलपुर में वरिष्ठ पत्रकार श्री संजय सिन्हा के साथ ब्रह्मर्षि मिशन समिति द्वारा संचालित विराट हॉस्पिस पहुँचे थे।
    मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विराट हॉस्पिस में इलाज और देख-रेख के लिए भर्ती सभी 24 कैंसर रोगियों से भेंट कर उनकी कुशल क्षेम जानी। मुख्यमंत्री ने कैंसर से जीवन की जंग लड़ रहे इन मरीजों का गुलाब का फूल भेंटकर हौसला भी बढ़ाया।
    विराट हॉस्पिस में कैंसर से पीडि़त मरीजों की सेवा से अभिभूत मुख्यमंत्री ने संस्थान की संचालक और ब्रह्मर्षि मिशन समिति की प्रमुख साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी से भेंट की और आशीर्वाद लिया। श्री चौहान ने गंभीर और असाध्य माने जाने वाले कैंसर रोगियों की यहां की जा रही सेवा के कार्य को अद्भुत एवं अतुलनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रकल्पों को प्रदेश के अन्य स्थानों पर प्रारंभ करने के लिए ब्रह्मर्षि मिशन समिति के सहयोग से एवं साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी के मार्गदर्शन में कार्य-योजना तैयार की जायेगी।
    मुख्यमंत्री को बताया गया कि पिछले पाँच वर्षों में करीब 900 से अधिक कैंसर रोगियों की इस संस्थान में सेवा की जा चुकी है। संस्थान में आने वाले अधिकांश ऐसे कैंसर रोगी गरीब परिवारों के होते हैं। इन मरीजों को संस्थान में निरूशुल्क इलाज के साथ आध्यात्मिक वातावरण भी उपलब्ध करवाया जाता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विराट हॉस्पिस के सेवा कार्यों को देखते हुए इसे शासन द्वारा प्रारंभ किये गये आनंदम विभाग की गतिविधियों से जोड़ने की बात भी कही।
    मुख्यमंत्री ने ब्रह्मर्षि मिशन समिति के सेवा के एक और प्रकल्प ग्वारीघाट में गरीब परिवारों के बच्चों के लिए संचालित शाला के मेधावी बच्चों से भी भेंट की। उन्होंने इन बच्चों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान करते हुए खूब मेहनत करने और आगे की पढ़ाई की चिंता सरकार पर छोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के इन बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च शासन उठाएगा।
    मुख्यमंत्री ने विराट हॉस्पिस में गुणवत्तापूर्ण विद्युत की आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा संस्थान तक पहुँच मार्ग के निर्माण के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। विराट हॉस्पिस आने पर साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी द्वारा मुख्यमंत्री का शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान भी किया गया।
    इस अवसर पर विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह, समाजसेवी श्री नरेश ग्रोवर, श्री सांवलदास, श्री कमल ग्रोवर, वरिष्ठ पत्रकार श्री रवीन्द्र वाजपेई और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनिल तिवारी भी मौजूद थे।
पूर्वविधानसभा अध्यक्ष स्व. रोहाणी की प्रतिमापर माल्यार्पण : महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जबलपुर प्रवास के दूसरे दिन आज पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. श्री ईश्वरदास रोहाणी के जन्म दिवस पर सर्किट हाउस के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रृद्धा सुमन अर्पित किये। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में केंट विधानसभा क्षेत्र के मेधावी बच्चों का सम्मान किया तथा गरीब परिवारों की महिलाओं को सिलाई मशीनें एवं दिव्यांगों को ट्राइसिकल दी। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री शरद जैन, समाजसेवी डॉ. जीतेन्द्र जामदार, विधायक श्री अशोक रोहाणी और श्री विजय रोहाणी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग 2 जुलाई को

मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग 2 जुलाई को 

अनुपपुर | 01-जुलाई-2018
 
    मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 2 जुलाई को सायं 5 बजे से मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान मंत्रालय स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम से मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना के संबंध में मंत्रीगणों, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगरपालिका, नगर निगम के अध्यक्ष, जन-अभियान परिषद के जिला समन्वयक सहित जिला कलेक्टर और अधिकारियों से चर्चा करेंगे। इस संबंध में जिला कलेक्टरों को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने क्षेत्र के मंत्रीगण और जन-प्रतिनिधियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के संबंध में अवगत करवायें।

Featured Post

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास

युवा एवं महिला मतदाताओ की सहभागिता बढ़ाने हेतु किए जाएँगे प्रयास नोडल अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन दायित्वों की कलेक्टर ने की समीक्षा    ...

इस सप्ताह सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें